सीतापुर में प्रसव के बाद महिला की मौत, आखिर ऑपरेशन के बाद क्या हुआ? अस्पताल पर गंभीर आरोप

सीतापुर के रामकोट क्षेत्र स्थित जीवन हॉस्पिटल में प्रसव के बाद 35 वर्षीय राखी शर्मा की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। महिला को लखनऊ ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 27 October 2026, 7:27 PM IST

Sitapur : जिले में प्रसव के बाद 35 वर्षीय महिला की मौत से हड़कंप मच गया। रामकोट थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-30 किनारे स्थित जीवन हॉस्पिटल में ऑपरेशन से प्रसव के बाद महिला की हालत बिगड़ गई। परिजनों का आरोप है कि महिला के शरीर में खून की कमी होने के बावजूद ऑपरेशन किया गया और इलाज में लापरवाही बरती गई। हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ले जाने की बात कही गई, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ऑपरेशन के बाद बिगड़ने लगी महिला की हालत

जानकारी के मुताबिक, मैंगलगंज निवासी राखी शर्मा पत्नी रिंकू शर्मा को प्रसव के लिए जीवन हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह करीब नौ बजे अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए प्रसव कराया गया। परिजनों का आरोप है कि राखी के शरीर में पहले से खून की कमी थी, इसके बावजूद ऑपरेशन किया गया। उनका कहना है कि प्रसव के बाद महिला की हालत लगातार बिगड़ने लगी।

महिला के परिजन

लखनऊ ले जाने से पहले ही महिला की मौत

परिजनों के मुताबिक, राखी की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ ले जाने की बात कही गई। परिवार के लोग उसे लेकर लखनऊ के लिए निकले, लेकिन वहां पहुंचने से पहले ही उसने दम तोड़ दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। परिवार ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच कराने की मांग की है।

पति ने अस्पताल प्रबंधन पर लगाए आरोप

मृतका के पति रिंकू शर्मा ने अस्पताल के चिकित्सकों और प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। परिजनों ने रामकोट पुलिस को तहरीर देकर मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, अभी तक महिला की मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। अस्पताल की ओर से इस मामले में क्या पक्ष रखा गया है, इसकी जानकारी सामने नहीं आई है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

पुलिस ने राखी शर्मा के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल महिला की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। अब मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है, जिससे मौत की वजह स्पष्ट होने में मदद मिल सकती है।

Location :  Sitapur

Published :  27 October 2026, 7:27 PM IST