हिंदी
गाजियाबाद सोनिया हत्याकांड
Ghaziabad Desk: गाजियाबाद के मुरादनगर थाना क्षेत्र में स्थित सूर्या कॉलोनी में एक सनसनीखेज वारदात हुई है, जिसका पुलिस ने खुलासा करते हुए पति समेत 3 लोगों को जेल भेज दिया है। जांच के दौरान पता चला है कि महिला अपने पति से रोजाना किसी न किसी बात को लेकर क्लेश करती रहती थी। इससे व्यक्ति बहुत परेशान हो गया और उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद लाश को ठिकाने लगा दिया। पहले अपनी पत्नी के शव को जलाया और फिर अवशेष को तालाब में फेंक दिया। घटना 29 जनवरी की है, लेकिन 7 जून को महिला के भाई ने अपहरण की शिकायत दी थी। जिसके बाद पुलिस ने तत्काल एक्शन लेते हुए पूरे मामले का खुलासा किया।
मूल रूप से मुजफ्फरनगर जिले के जानसठ क्षेत्र की रहने वाली सोनिया के भाई संदीप कुमार ने 7 जून को अपनी बहन के अपहरण और हत्या की आशंका जताते हुए जीजा प्रविंद्र के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कई अहम सुराग जुटाए। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पति प्रविंद्र, उसके भाई विनोद और मामा बृह्मपाल को गिरफ्तार कर लिया।
गाजियाबाद पुलिस का बड़ा एक्शन: दो चौकी इंचार्ज समेत 4 पुलिसकर्मी पर गिरी गाज, जानें क्यों
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में मुख्य आरोपी प्रविंद्र ने बताया कि उसकी पत्नी सोनिया के साथ अक्सर विवाद होता था। आरोपी का दावा है कि परिवार में लगातार झगड़े होते थे और इसी वजह से उसने हत्या की साजिश रची। आरोपी ने यह भी बताया कि पत्नी ने उसके खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज कराया था। इसके अलावा कुछ दिन पहले उसकी मां के साथ भी मारपीट की थी। जिसके बाद उसने पत्नी की हत्या करने का फैसला लिया।
आरोपी ने अपने भाई विनोद के साथ मिलकर 29 जनवरी को सोनिया की हत्या कर दी। पहले महिला को फंदे से लटकाया। जब उसे नीचे उतारा तो सांसें चल रही थी। उसके बाद तकिए से मुंह दबाकर हत्या की वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या के बाद शव को एक बैड बॉक्स में रखकर मुजफ्फरनगर के सिंगलपुर गांव स्थित ननिहाल ले गया। वहां शव को एक बिटौड़े में जलाया। बाद में अस्थियां और अन्य अवशेष तालाब में फेंक दिया।
गाजियाबाद का मशहूर शिवा ढाबा विवादों में, मालिक पर 2.55 करोड़ की धोखाधड़ी का केस
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर गांव के तालाब से मृतका के अवशेष बरामद किए हैं। इन अवशेषों को जांच के लिए भेजा गया है। जांच में यह भी सामने आया कि शव जलाने के बाद बिटौड़े में कुछ जले हुए मानव अवशेष रह गए थे। जब गांव के लोगों की नजर उन पर पड़ी तो शक पैदा होने लगा। जिसके बाद मामा बृह्मपाल ने लोगों को गुमराह करने के लिए यह अफवाह फैला दी कि वहां किसी ने तंत्र क्रिया की होगी।
Location : Ghaziabad
Published : 10 June 2026, 10:54 AM IST