
भीषण सड़क हादसा फोटो सोर्स-डाइनामाइट न्यूज
Saharanpur Road Accident: बेहट क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे के बाद स्वास्थ्य विभाग की एंबुलेंस सेवा सवालों के घेरे में आ गई है। आरोप है कि गंभीर रूप से घायल लोगों को समय पर बेहतर इलाज नहीं मिल सका, जिससे उनकी जान चली गई।
परिजनों और प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि एंबुलेंस कर्मियों ने घायलों को सीधे जिला अस्पताल ले जाने के बजाय पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेहट पहुंचाया, जिससे महत्वपूर्ण समय बर्बाद हो गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन ने जांच के आदेश दिए हैं।
एंबुलेंस कर्मचारियों से अनुरोध
प्रत्यक्षदर्शी मिंटू ने बताया कि जब वह घटनास्थल पर पहुंचे, तब पुलिस और एंबुलेंस मौके पर मौजूद थीं। घायलों की हालत बेहद नाजुक थी। उन्होंने एंबुलेंस कर्मचारियों से अनुरोध किया कि मरीजों को सीधे सहारनपुर जिला अस्पताल ले जाया जाए, जहां बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध हैं। हालांकि, कर्मचारियों ने निर्धारित प्रोटोकॉल का हवाला देते हुए पहले सीएचसी बेहट ले जाने की बात कही और उसी प्रक्रिया का पालन किया।
परिजनों के अनुसार,हादसे में घायल रूही की रास्ते में ही मौत हो गई थी, जबकि संजना, लविश और राजदुलारी उस समय तक जीवित थे। उनका आरोप है कि यदि घायलों को सीधे उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाया जाता तो उनकी जान बचाई जा सकती थी।
आरोप यह भी है कि सीएचसी बेहट पहुंचने के बाद मरीजों को आगे रेफर तो कर दिया गया, लेकिन उन्हें जिला अस्पताल ले जाने के लिए तत्काल एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। ऐसे में परिजनों को निजी वाहनों की व्यवस्था कर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाना पड़ा।
दोषियों के खिलाफ कार्रवाई
जिला अस्पताल पहुंचे मंडलायुक्त डॉ. रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह और जिलाधिकारी अरविंद कुमार चौहान के सामने भी परिजनों ने यही शिकायत दोहराई। जिलाधिकारी ने कहा कि मामले की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं और जांच रिपोर्ट के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Location : saharnpur
Published : 14 June 2026, 3:45 PM IST