बदायूं में हादसा: बारात निकली थी खुशी लेकर, वापस लौटी मातम बनकर?

बदायूं में बारात ले जा रही बस की ट्रैक्टर-थ्रेशर से टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। तेज रफ्तार और सड़क की खराब स्थिति को हादसे की वजह माना जा रहा है। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 6 April 2026, 12:25 AM IST

Budaun: जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने खुशी के माहौल को चीख-पुकार में बदल दिया। उसहैत से कौलिहाई गांव जा रही बारात की बस थाना मुजरिया क्षेत्र में आरके पब्लिक स्कूल के पास अचानक एक थ्रेशर लदे ट्रैक्टर से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और थ्रेशर सड़क पर पलट गया। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग दहशत में आ गए और मौके की ओर दौड़ पड़े।

चीख-पुकार के बीच राहत-बचाव

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रैक्टर चालक खेत की ओर जा रहा था। तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार बस ने नियंत्रण खो दिया। बताया जा रहा है कि अचानक सामने आए वाहन को बचाने के प्रयास में बस चालक ने ब्रेक लगाया, लेकिन रफ्तार ज्यादा होने और सड़क पर फिसलन के कारण बस सीधे ट्रैक्टर-थ्रेशर से जा टकराई। हादसे के बाद बस में सवार लोगों में अफरा-तफरी मच गई और चारों ओर चीख-पुकार गूंजने लगी।

भाई की अस्थियां लेकर युवक पहुंचा बदायूं डीएम और एसएसपी के पास, जब अफसरों ने पूछा कारण तो दर्द सुनकर आ गए आंसू

इस दुर्घटना में एक बाराती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में दो की हालत नाजुक बताई जा रही है। स्थानीय ग्रामीणों ने बिना देर किए पुलिस को सूचना दी और खुद भी राहत कार्य में जुट गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से घायलों को बस से बाहर निकाला और एंबुलेंस के जरिए बदायूं मेडिकल कॉलेज भेजा। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।

बदायूं के मंगला माता मेला: झूले के ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन लाइन, इजाजत किसने दी?

जांच शुरू, गांव में पसरा मातम

थाना प्रभारी के अनुसार, बारात उसहैत कस्बे से कौलिहाई गांव जा रही थी। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और सड़क पर दृश्यता की कमी को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और संबंधित चालकों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।

Location :  Budaun

Published :  6 April 2026, 12:25 AM IST