
हादसे में घायल लोग (Image: Dynamite News)
Sitapur News: सीतापुर में देर रात दो मोटरसाइकिलों के बीच हुई भीषण टक्कर ने एक परिवार की खुशियां छीन ली। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों बाइकों के परखच्चे उड़ गए और उन पर सवार 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां एक किशोर ने जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करते हुए दम तोड़ दिया। इस हादसे में एक चौंकाने वाली बात यह भी सामने आई है कि दोनों मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट तक नहीं लगी थी। अब पुलिस हादसे के कारणों के साथ-साथ इन वाहनों और उन पर सवार लोगों से जुड़े पहलुओं की भी जांच कर रही है।
मामला रामकोट थाना क्षेत्र का है। यहां कनवाखेड़ा मार्ग पर लालपुर मोड़ के पास रात करीब 9 बजे दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार कुल पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही रामकोट पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया। घायलों की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने जरूरी उपचार शुरू किया।
हादसे में एक बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार रहमान (22), मोहम्मद फिरोज (25) और फहीम (19) घायल हुए। तीनों बबौना गांव, थाना मितौली, जिला लखीमपुर खीरी के निवासी बताए गए हैं।
सीतापुर में दो बाइकों की भीषण टक्कर (Image: Dynamite News)
वहीं, दूसरी मोटरसाइकिल पर राजेश (35), निवासी सुकीलीपुर, थाना रामकोट और किशोर (36), निवासी सैरैया, थाना मछरेहटा सवार थे। हादसे में किशोर की हालत बेहद गंभीर थी। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया। हालांकि, वहां उपचार के दौरान गुरुवार रात उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में मातम छा गया। अन्य घायलों का उपचार जारी है।
इस दुर्घटना में सबसे अहम बात यह सामने आई है कि दोनों मोटरसाइकिलों पर नंबर प्लेट नहीं लगी थी। ऐसे में वाहनों की पहचान और उनके दस्तावेजों को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। खासकर दूसरे जिले के युवकों का देर रात बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिलों से आवागमन करना जांच का विषय है।
पुलिस के सामने अब हादसे की परिस्थितियों के अलावा दोनों वाहनों के मालिकाना हक, दस्तावेजों और उनके इस्तेमाल से जुड़े पहलुओं की जांच करना भी जरूरी है। संबंधित थानों से बाइक सवारों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाने की भी जरूरत है, ताकि पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सके।
रामकोट थाना प्रभारी पीयूष सिंह के मुताबिक, मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को कब्जे में ले लिया है और मामले की जांच की जा रही है। अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि दोनों बाइकों की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई और बिना नंबर प्लेट के ये वाहन सड़क पर कैसे चल रहे थे।
Location : Sitapur
Published : 20 November 2026, 4:32 PM IST