गाजीपुर में तनाव : एनकाउंटर में मारे गए कमलेश के बाद सड़क पर हिंसा, पथराव में पुलिस घायल

गाजीपुर में एनकाउंटर में मारे गए कमलेश बिंद के शव को लेकर फुल्लपुर रेलवे क्रॉसिंग पर भारी बवाल हो गया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और भीड़ में टकराव हुआ, जिसमें पथराव और तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। क्षेत्र में तनाव और सुरक्षा बढ़ा दी गई है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 5 June 2026, 4:24 AM IST

Ghazipur : एनकाउंटर में मारे गए कमलेश बिंद का मामला उस वक्त बेकाबू हो गया जब शव लेकर जा रहे परिजनों ने फुल्लपुर रेलवे क्रॉसिंग पर अचानक प्रदर्शन शुरू कर दिया। देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और पुलिस-भीड़ के बीच टकराव इतना बढ़ गया कि पथराव तक की नौबत आ गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

रेलवे क्रॉसिंग पर हंगामा

जानकारी के मुताबिक, पोस्टमार्टम के बाद कमलेश चौधरी का शव गांव पहुंचने से पहले ही रास्ते में परिजनों और ग्रामीणों ने विरोध शुरू कर दिया। फुल्लपुर रेलवे क्रॉसिंग पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और शव को रोककर प्रदर्शन करने लगे। इसी दौरान पुलिस टीम मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाने की कोशिश की, लेकिन स्थिति नियंत्रण से बाहर हो गई।

पुलिस और भीड़ में टकराव

पुलिस द्वारा शव को आगे ले जाने की कोशिश और प्रदर्शनकारियों के विरोध के बीच धक्का-मुक्की शुरू हो गई। आरोप है कि इसी दौरान भीड़ में शामिल कुछ लोगों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों को जान बचाकर पीछे हटना पड़ा और मौके पर भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।

पुलिसकर्मी घायल, हालात तनावपूर्ण

इस घटना में सीओ सिटी शेखर सेंगर समेत तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल प्राथमिक उपचार के लिए भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत खतरे से बाहर है, लेकिन क्षेत्र में तनाव बना हुआ है।

UP Crime: गाजीपुर में 1 लाख का इनामी कमलेश चौधरी पुलिस मुठभेड़ में मारा गया, रोते हुए पिता ने कहा- “जब तक बाकी 6 का एनकाउंटर…”

परिजनों का गंभीर आरोप

मृतक की पत्नी और परिजनों ने आरोप लगाया है कि यह एनकाउंटर नहीं बल्कि हत्या है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने गलत तरीके से कार्रवाई की है और वे न्याय की मांग कर रहे हैं। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला।

शव यात्रा पर विवाद से बिगड़ा मामला

जानकारी के अनुसार विवाद शव यात्रा के मार्ग को लेकर और अधिक बढ़ गया। पुलिस शव को सीधे श्मशान घाट ले जाना चाहती थी, जबकि ग्रामीण इसे मुख्य मार्गों से निकालने की मांग कर रहे थे। इसी विवाद ने हालात को विस्फोटक बना दिया।

क्षेत्र में भारी सुरक्षा, जांच जारी

घटना के बाद पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन ने पथराव करने वालों की पहचान शुरू कर दी है और सख्त कार्रवाई की बात कही है। फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है ताकि माहौल शांत किया जा सके।

Location :  Ghazipur

Published :  5 June 2026, 3:11 AM IST