हिंदी
1 लाख का इनामी कमलेश चौधरी ढेर (Img: Google)
Ghazipur: उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में बीते 29 मई की रात को हुए सनसनीखेज विनीत राय हत्याकांड में पुलिस और एसटीएफ की टीम को पहली बड़ी सफलता हाथ लगी है। होटल कारोबारी आलोक राय के बेटे विनीत की निर्मम हत्या के बाद से ही प्रशासनिक अमला आरोपियों की धरपकड़ के लिए हाई अलर्ट पर था। इस बीच बुधवार की देर रात पुलिस और स्वाट टीम के साथ हुई एक भीषण मुठभेड़ में एक लाख रुपये का इनामी शूटर कमलेश चौधरी उर्फ कमलेश बिंद ढेर हो गया। हालांकि, इस जवाबी कार्रवाई के दौरान बदमाशों की गोली लगने से स्वाट टीम के प्रभारी रोहित मिश्रा भी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें इलाज के लिए तत्काल मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बुधवार की रात मुखबिर से सटीक सूचना मिली थी कि विनीत राय हत्याकांड का नामजद आरोपी कमलेश चौधरी कोतवाली क्षेत्र के कुर्था स्थित पौहारी बाबा आश्रम के पास छिपा हुआ है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से पूरे इलाके की नाकेबंदी कर दी। पुलिस टीम ने जब आरोपी को चारों तरफ से घिरा देखकर आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, तो उसने भागने की फिराक में पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आरोपी की एक गोली स्वाट प्रभारी रोहित मिश्रा को जा लगी। इसके बाद पुलिस ने भी आत्मरक्षार्थ जवाबी फायरिंग की, जिसमें कमलेश चौधरी को गोली लगी और वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मौके से एक .32 बोर की अवैध पिस्टल, भारी मात्रा में कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
मुठभेड़ में शूटर कमलेश के मारे जाने की खबर जैसे ही होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष और मृतक विनीत के पिता आलोक राय को मिली, तो उनका दर्द छलक पड़ा। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पीड़ित पिता ने रोते हुए कहा, "सिर्फ एक के मारे जाने से संतुष्टि कैसी? मेरा बेटा बेहद सरल स्वभाव का था, जिसकी इन बदमाशों ने बेरहमी से जान ले ली। जब तक कटरा गैंग के सरगना शंकर पांडेय समेत बाकी के छह आरोपियों का भी पुलिस एनकाउंटर नहीं कर देती, तब तक हमारे दिल को चैन नहीं मिलेगा।" उन्होंने प्रदेश की योगी सरकार से पुरजोर मांग की है कि सभी आरोपियों के घरों पर तुरंत बुलडोजर चलाया जाना चाहिए, तभी उनकी पत्नी और बहू को न्याय मिलेगा।
गौरतलब है कि 29 मई की रात करीब 11:15 बजे होटल व्यवसायी विनीत राय जब भोजन करने के बाद अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से घर जाने के लिए निकले थे, तभी होटल के मुख्य गेट पर घात लगाए बैठे कटरा गैंग के शूटरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी थी। विनीत को पांच गोलियां मारी गई थीं, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने फतेहपुर निवासी सरगना शंकर पांडेय, जगदीश सिंह, आलोक दुबे और कमलेश चौधरी समेत तीन अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। वाराणसी परिक्षेत्र के एडीजी पीयूष मोर्डिया ने फरार मुख्य आरोपी शंकर पांडेय सहित तीन अन्य पर एक-एक लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है और पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Location : Ghazipur
Published : 4 June 2026, 2:14 PM IST