हिंदी
Maharajganj: महराजगंज जिले में नवरात्रि के पावन अवसर पर श्री दुर्गा मंदिर से पारंपरिक बिल्वा निमंत्रण जुलूस सोमवार को धूमधाम से निकाला गया। जुलूस की शुरुआत कलश स्थापना और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुई, जिसमें यजमान राजकुमार गुप्ता और रीना गुप्ता ने पूजा संपन्न कराई। पंडित अवधेश पांडेय और त्रिपाठी बाबा ने पूजन कार्य संपन्न कराया।
शहर की सड़कों पर जब मां दुर्गा के जयकारे गूंजे, तो वातावरण भक्तिमय हो उठा। रंग-बिरंगे परिधान, सुंदर झांकियां और बजरंग अखाड़ा के अद्भुत करतबों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अखाड़े के खिलाड़ी राजन सिंह के नेतृत्व में पारंपरिक शारीरिक प्रदर्शन ने संस्कृति की जीवंत झलक दिखाई। दुर्गा मंदिर के अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबड़ेवाल, समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष विद्यासागर यादव, महामंत्री रमाशंकर गुप्त, कोषाध्यक्ष प्रमोद गुप्ता समेत कई गणमान्य लोग और सैकड़ों श्रद्धालु इस भव्य आयोजन में शामिल हुए।
Location : Maharajganj
Published : 28 September 2025, 6:47 PM IST