
वाराणसी फैक्ट्री में लगी आग (Img: X)
Varanasi: उत्तर प्रदेश के जिले वाराणसी के मड़ौली क्षेत्र स्थित रवि पंखा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में सोमवार तड़के भीषण आग लग गई। ज्वलनशील केमिकल के कारण आग ने विकराल रूप ले लिया, जिससे करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने आसपास के करीब 25 मकानों को खाली करा लिया है, और दमकल की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी हैं।
वाराणसी के मड़ौली क्षेत्र स्थित रवि पंखा इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की फैक्ट्री में सोमवार तड़के अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को देखते हुए मंडुवाडीह पुलिस ने फैक्ट्री के आसपास मौजूद करीब 25 मकानों को एहतियातन खाली करा दिया। पुलिस और दमकल की कई टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। फैक्ट्री से लगातार धुआं उठने और आग की तेज लपटों के कारण आसपास के लोगों में दहशत का माहौल बना रहा।
ये भी पढ़ें: Varanasi Love Story: घर से हुए बेघर, तानों के सहे जख्म! जानिए 24 महीने बाद कैसे थाने में जीती मोहब्बत की जंग
फैक्ट्री के मैनेजर अनादिशंकर गुप्ता के अनुसार, रात के समय संतोष मौर्य गार्ड की ड्यूटी पर तैनात थे। सोमवार भोर करीब चार बजे उन्होंने फैक्ट्री के अंदर से धुआं निकलते देखा।उन्होंने तत्काल फैक्ट्री प्रबंधन और दमकल विभाग को इसकी सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग की भयावहता को देखते हुए दमकल की कई गाड़ियों को बुलाया गया।
फैक्ट्री में पंखे बनाने के काम में इस्तेमाल होने वाला तारपीन, सॉल्वेंट और अन्य ज्वलनशील केमिकल ड्रमों में रखा हुआ था। ऐसे में आग बुझाने के दौरान दमकलकर्मियों को अतिरिक्त सावधानी बरतनी पड़ी। प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, आग पूरी तरह बुझने और जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।
आग की लपटों और फैक्ट्री से निकल रही तेज गर्मी को देखते हुए मंडुवाडीह पुलिस ने आसपास के घरों को खाली करा दिया। पुलिस की इस कार्रवाई का मकसद आग फैलने की स्थिति में किसी तरह की जनहानि को रोकना था। घटना के दौरान बड़ी संख्या में लोग आसपास जमा हो गए थे। पुलिस ने लोगों को सुरक्षित दूरी पर रखने का प्रयास किया।
फायर ब्रिगेड अधिकारी विनोद पांडेय ने बताया कि फैक्ट्री तक पहुंचने वाला रास्ता काफी संकरा है। इस वजह से दमकल की गाड़ियां सीधे फैक्ट्री के पास तक नहीं पहुंच पा रही थीं।ऐसे में गाड़ियों को जीटी रोड पर खड़ा किया गया और वहां से पाइप के जरिए पानी फैक्ट्री तक पहुंचाया गया। पानी खत्म होने पर चांदपुर स्थित एक फैक्ट्री से दोबारा पानी भरकर दमकल की टीम आग बुझाने में जुटी रही।
आग की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि फैक्ट्री की दो मंजिला इमारत के पिलर तेज गर्मी के कारण आगे की ओर झुकने लगे। इससे भवन की संरचनात्मक सुरक्षा को लेकर भी खतरा पैदा हो गया। फायरकर्मियों ने आसपास के हिस्सों को सुरक्षित रखते हुए लगातार पानी की बौछार की। साथ ही आग को दूसरे हिस्सों में फैलने से रोकने की कोशिश की गई।
फैक्ट्री प्रबंधन ने आग से करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका जताई है। हालांकि फिलहाल नुकसान का सटीक आंकड़ा सामने नहीं आया है। मैनेजर अनादिशंकर गुप्ता के मुताबिक, आग पूरी तरह बुझने के बाद फैक्ट्री में मौजूद स्टॉक और तैयार माल का मिलान किया जाएगा। इसके बाद ही वास्तविक नुकसान का आकलन हो सकेगा।
ये भी पढ़ें: Varanasi News: मेट्रोमोनियल साइट पर मिला ‘सपनों का साथी’ निकला ठग! वाराणसी की युवती से 7 लाख की ठगी
फैक्ट्री के डायरेक्टर संजीव जयपुरिया इस समय हैदराबाद में हैं। उन्हें भी आग लगने की जानकारी दे दी गई है। फिलहाल दमकल की टीमें फैक्ट्री में लगी आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए लगातार काम कर रही हैं। आग के कारणों और नुकसान की विस्तृत जांच आग बुझने के बाद की जाएगी।
Location : Varanasi
Published : 28 September 2026, 12:41 PM IST