
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
मिर्जापुर के हलिया ब्लॉक स्थित देवहट कटरा ग्रामसभा का लहुरिया दह मजरा आज भी बुनियादी सुविधाओं से जूझ रहा है। करीब आठ किलोमीटर ऊंचाई पर बसे गांव में शौचालय, आवास और पेयजल की समस्या बताई जा रही है। ग्रामीणों के मुताबिक, यहां लगभग 700 से 800 कच्चे मकान हैं।
कानपुर में करवाचौथ नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। लक्ष्मी पुरवा की कुम्हार मंडी में कारीगर मिट्टी के करवे तैयार करने में जुटे हैं। महिलाओं की खरीदारी के साथ कुम्हार परिवारों की आजीविका भी इस त्योहार से जुड़ी है। कारीगरों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है।
कासगंज में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर भाजपा ने संगठन मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। रविवार को सांसद दामोदर अग्रवाल ने जिला कार्यालय पर पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। उन्होंने आपसी मतभेद भुलाकर बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने और एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया।
कन्नौज में अखिलेश यादव के निर्देश पर सपा नेताओं ने एसपी कार्यालय पहुंचकर मुलाकात की और हिंदुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पाल पर कार्रवाई की मांग की। एक दिन पहले पुतला दहन के दौरान मारपीट हुई थी। सपा नेत्री ने जातिसूचक गाली और अभद्र टिप्पणी के आरोप लगाए हैं।
कौशांबी में बौद्ध सर्किट हाईवे के भूमि अधिग्रहण में छह करोड़ रुपये से अधिक के कथित घोटाले का मामला फिर चर्चा में है। तत्कालीन एसडीएम प्रखर उत्तम समेत तीन राजस्व अधिकारियों पर नियमों की अनदेखी कर मनमाना मुआवजा दिलाने के आरोप हैं। मामले में शासन को चार्जशीट भेजी गई है।
प्रतापगढ़ के बिहारगंज बाजार में रविवार को दो पक्षों के बीच विवाद के बाद जमकर लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले। इसी दौरान बाइक सवार चार से छह बाहरी युवकों ने एक व्यक्ति पर हमला कर दिया। ग्रामीणों ने उन्हें दौड़ाया तो हमलावर मोटरसाइकिलें छोड़कर पैदल भाग निकले।
रायबरेली शहर कांग्रेस अध्यक्ष धीरज श्रीवास्तव ने विवादित पोस्टरों को पार्टी से अलग बताते हुए विपक्ष की साजिश होने की आशंका जताई। उन्होंने कहा कि एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली कांग्रेस महारैली में रायबरेली से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे और ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करेंगे।
महराजगंज में UPSSSC PET-2026 परीक्षा को नकलविहीन कराने के लिए डीएम गौरव सिंह सोगरवाल और एसपी शक्ति मोहन अवस्थी ने केंद्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने सीसीटीवी, तलाशी, सुरक्षा और पुलिस तैनाती की समीक्षा कर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए।
हमीरपुर के मौदहा कोतवाली क्षेत्र के गुसियारी गांव का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक अवैध असलहे से फायरिंग करता दिखाई देने की बात कही जा रही है। दावा है कि गांव में दहशत फैलाने के लिए फायरिंग की गई।
सुलतानपुर के दरियापुर फ्लाईओवर के नीचे लेबर कैंप में सिद्धार्थ जन कल्याण सेवा संस्थान ने 10 टीबी मरीजों को गोद लेकर पोषण आहार किट वितरित की। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ. आरए वर्मा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। संस्था के प्रयासों की सराहना की गई।
लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में दर्ज धोखाधड़ी और कूटरचित दस्तावेज तैयार करने के मामले में पुलिस ने सुल्तानपुर के पांडेय दंपती को गिरफ्तार किया है। लंबी जांच के बाद हुई इस कार्रवाई से उनकी मुश्किलें बढ़ गई हैं। पूर्व मंत्री विनोद सिंह पर लगाए गए आरोपों को निराधार पाए जाने का दावा भी किया गया है।
कानपुर नगर में रविवार को PET-2026 परीक्षा 21 केंद्रों पर दो पालियों में शुरू हुई। पहली पाली के बाद अभ्यर्थियों ने अपने अनुभव साझा किए। कई ने प्रश्नपत्र आसान बताया, जबकि कुछ ने परीक्षा केंद्रों की दूरी पर परेशानी जताई। सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।
बदायूं के दातागंज थाना क्षेत्र के पड़ेली गांव में तेज रफ्तार दूध से भरी पिकअप की टक्कर से 35 वर्षीय किसान अमर सिंह उर्फ दुर्वेश की मौत हो गई। वह खेत से पैदल घर लौट रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बदायूं के बिल्सी-बदायूं मार्ग पर फ्यूचर लीडर्स स्कूल के पास पिकअप की टक्कर से बाइक सवार चाचा-भतीजी गंभीर रूप से घायल हो गए। सराय सांवल निवासी टिंकू दिवाकर अपनी भतीजी के साथ गोरामई से घर लौट रहे थे। इसी दौरान हादसा हुआ। घटना की जानकारी टिंकू ने दी।
रायबरेली में विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस की होर्डिंग्स चर्चा का विषय बनी हैं। इन पर ‘200 सीट, हक है हमारा’ और ‘यूपी को राहुल गांधी पर है भरोसा’ जैसे नारे लिखे हैं। होर्डिंग्स में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, सोनिया गांधी और अन्य कांग्रेस नेताओं की तस्वीरें लगाई गई हैं।
हाथरस में PET-2026 परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी कराने के लिए प्रशासन सतर्क है। रविवार को पहली पाली में जिलाधिकारी सत्य प्रकाश पटेल ने बीएलएस इंटरनेशनल स्कूल स्थित परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को परीक्षा की शुचिता बनाए रखने और अभ्यर्थियों के लिए जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
देवरिया के सोन्दा गांव स्थित लालमति हॉस्पिटल में इलाज के दौरान 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही और अधिक रकम वसूलने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। बताया गया कि महिला को मेडिकल कॉलेज से गोरखपुर रेफर किया गया था। मामले को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
महराजगंज के सोनौली में पुलिस और एसएसबी की संयुक्त टीम ने भारत-नेपाल सीमा के मुख्य गेट के पास छापेमारी की। कार्रवाई में 1,503 प्रतिबंधित नशीले इंजेक्शन बरामद हुए और एक आरोपी गिरफ्तार किया गया। तस्करी में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई शुरू की गई।
बस्ती में पैड़ा वाले बाबा गोविंद दास के आश्रम में फेसबुक लाइव के दौरान संदिग्ध पदार्थ पीने का मामला सामने आया है। उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। घटना के बाद आश्रम में मौजूद सहयोगियों में अफरा-तफरी मच गई।
प्रतापगढ़ के सोनेलाल मेडिकल कॉलेज में रविवार सुबह MBBS छात्र मिथिलेश कुमार का शव केशव राय हॉस्टल के पार्क में मिला। वह 2024 बैच का छात्र था और बलिया का निवासी था। शव देखकर छात्रों ने कॉलेज प्रबंधन और पुलिस को सूचना दी। छात्र की मौत से कॉलेज में हलचल मच गई।
कौशांबी में प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET) कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गई है। पहले दिन 13 केंद्रों पर नौ हजार से अधिक अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे। नकल रोकने और शांतिपूर्ण परीक्षा संपन्न कराने के लिए प्रशासन अलर्ट है। केंद्रों पर महिला पुलिस अभ्यर्थियों की चेकिंग कर रही है।
Location : Lucknow
Published : 25 October 2026, 1:18 PM IST