Prayagraj News: नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए खुशखबरी, राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय शुरू करेगा 3 महीने के स्किल कोर्स

उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रयागराज स्थित राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक में युवाओं के लिए तीन माह के रोजगारपरक कौशल पाठ्यक्रम शुरू करने पर जोर दिया। उन्होंने स्थानीय रोजगार की संभावनाओं के अनुसार कोर्स तैयार करने, छात्र संख्या बढ़ाने, नैक मूल्यांकन की तैयारी करने और क्षेत्रीय केंद्रों की सुविधाओं में सुधार के निर्देश दिए।

Post Published By: Bobby Raj
Updated : 5 November 2026, 8:18 PM IST

Prayagraj: प्रयागराज में गुरुवार, 5 नवंबर को उत्तर प्रदेश की राज्यपाल एवं कुलाधिपति आनंदीबेन पटेल ने उत्तर प्रदेश राजर्षि टण्डन मुक्त विश्वविद्यालय की समीक्षा बैठक की। उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने के लिए विश्वविद्यालय तीन माह के व्यावहारिक कौशल विकास पाठ्यक्रम शुरू करे। विश्वविद्यालय अपनी दूरस्थ शिक्षा प्रणाली और क्षेत्रीय केंद्रों के नेटवर्क का उपयोग कर प्रदेश के युवाओं तक रोजगारपरक प्रशिक्षण पहुंचा सकता है।

राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय और उसके क्षेत्रीय केंद्रों में पर्याप्त स्थान तथा संसाधन उपलब्ध हैं। इनका उपयोग स्थानीय जरूरतों और रोजगार की संभावनाओं के अनुसार कौशल विकास कार्यक्रम संचालित करने में किया जाना चाहिए। इससे युवाओं को रोजगारपरक शिक्षा के अवसर मिलेंगे और विश्वविद्यालय में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ाने में भी मदद मिलेगी।

उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन को विभिन्न क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं का आकलन कर उपयोगी प्रशिक्षण पाठ्यक्रम तय करने और विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। इस दौरान कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने भी शिक्षकों को कौशल विकास पाठ्यक्रमों के प्रस्ताव तैयार करने के लिए कहा।

छात्र संख्या बढ़ाने और नैक मूल्यांकन की तैयारी पर जोर

समीक्षा बैठक में राज्यपाल ने विश्वविद्यालय में अपेक्षाकृत कम छात्र संख्या पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि नामांकन बढ़ाने के लिए विश्वविद्यालय को नवाचारपूर्ण और व्यावहारिक सुझावों के साथ आगे आना होगा। उन्होंने रोजगारपरक पाठ्यक्रमों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने और अधिक जनआवागमन वाले स्थानों पर बैनर तथा पम्पलेट लगाने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी मुक्त एवं दूरस्थ शिक्षा के अवसरों से जुड़ सकें।

Pratapgarh News: रोडवेज ड्राइवर ने यात्री को बेरहमी से पीटा, बीच रास्ते चले लात-घूसे

राज्यपाल ने आगामी नैक मूल्यांकन की तैयारियां अभी से शुरू करने को कहा। उन्होंने पिछले मूल्यांकन में सामने आई कमियों को समयबद्ध तरीके से दूर करने और शैक्षणिक गुणवत्ता, संस्थागत कार्यप्रणाली सहित जरूरी मानकों पर ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही तैयारियों की विस्तृत प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।

क्षेत्रीय केंद्र का निरीक्षण, विद्यार्थियों से भी किया संवाद

विश्वविद्यालय भ्रमण के दौरान राज्यपाल ने यमुना परिसर स्थित त्रिवेणी सामुदायिक केंद्र से संचालित क्षेत्रीय केंद्र का निरीक्षण किया। यहां अधिन्यास पुस्तिकाएं जमा करने आए छात्र-छात्राओं से बातचीत कर उनके करियर, पढ़ाई के अनुभव और शिक्षण व्यवस्था के बारे में जानकारी ली। उन्होंने काउंसिलिंग कक्षाओं में विद्यार्थियों की भागीदारी के बारे में भी पूछा और अवकाश के दिनों में इनके लिए व्यवस्थित कार्यक्रम बनाने को कहा, ताकि कामकाजी और व्यस्त विद्यार्थी भी लाभ उठा सकें।

गोरखपुर में वोटर लिस्ट को लेकर बड़ा अभियान, घर-घर पहुंचेंगे BLO; 12 नवंबर को आएगी ड्राफ्ट सूची

निरीक्षण के दौरान राज्यपाल ने क्षतिग्रस्त घोषित भवन के भूतल और प्रथम तल का जायजा लिया। उन्होंने भवन के अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। मौके पर मौजूद जिलाधिकारी प्रयागराज को भी आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने राज्यपाल का स्वागत किया। इस अवसर पर आनंदीबेन पटेल ने गंगा परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। बैठक और भ्रमण के दौरान राजभवन के उच्चाधिकारी, विश्वविद्यालय के अधिकारी तथा शिक्षक उपस्थित रहे।

Location :  Prayagraj

Published :  5 November 2026, 8:14 PM IST