हिंदी
नोएडा से पलवल तक सड़कों पर गुस्सा
Noida: नोएडा में सोमवार को हालात उस वक्त बेकाबू हो गए जब कर्मचारियों का प्रदर्शन अचानक हिंसक रूप ले बैठा। सड़कों पर उतर आई भीड़ ने न सिर्फ यातायात ठप कर दिया, बल्कि आगजनी और तोड़फोड़ कर माहौल को पूरी तरह तनावपूर्ण बना दिया। जगह-जगह धुआं उठता दिखा, गाड़ियों को नुकसान पहुंचाया गया और आम लोगों में डर का माहौल बन गया। देखते ही देखते यह विरोध प्रदर्शन कानून-व्यवस्था के लिए बड़ी चुनौती बन गया।
नोएडा के गौतमबुद्धनगर जिले में निजी कंपनियों के कर्मचारियों ने वेतन वृद्धि और बेहतर कामकाजी परिस्थितियों की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू किया था। लेकिन यह विरोध जल्द ही उग्र हो गया। प्रदर्शनकारियों ने कई जगह सड़कों को जाम कर दिया और सरकारी व निजी संपत्तियों को नुकसान पहुंचाया। आगजनी और तोड़फोड़ की घटनाओं से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सेक्टर 62 से सेक्टर 52 की ओर जाने वाले रास्ते पर लंबा जाम लग गया, जिससे हजारों वाहन फंस गए।
सोमवार सुबह शुरू हुआ यह विरोध प्रदर्शन धीरे-धीरे बढ़ता गया। शुरुआत में कर्मचारी शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांगें रख रहे थे, लेकिन जैसे-जैसे भीड़ बढ़ी, हालात बिगड़ते चले गए। दोपहर तक प्रदर्शनकारियों ने उग्र रूप ले लिया और कई जगह हिंसक घटनाएं सामने आईं। इससे पुलिस और प्रशासन के लिए स्थिति को संभालना मुश्किल हो गया।
पूरे घटनाक्रम पर प्रदेश स्तर से नजर रखी जा रही है। राजीव कृष्ण और अमिताभ यश पुलिस मुख्यालय के कंट्रोल रूम से लगातार हालात की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। डीजीपी ने साफ शब्दों में कहा है कि अराजक तत्वों की पहचान की जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि जो लोग माहौल खराब करने की कोशिश कर रहे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही बाहरी तत्वों को भी चिन्हित किया जा रहा है।
नोएडा में हालात को देखते हुए पुलिस को हाई अलर्ट पर रखा गया है। संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं और कानून-व्यवस्था बिगाड़ने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।
इस आंदोलन का असर अब दूसरे क्षेत्रों में भी दिखने लगा है। पलवल में भी कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। पृथला गांव स्थित साईं ऑटो कंपनी के कर्मचारियों ने राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर चार घंटे तक जाम लगाया। इस दौरान उन्होंने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। हाईवे जाम होने से फरीदाबाद से पलवल की ओर जाने वाले मार्ग पर लंबा जाम लग गया, जिससे आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
नोएडा में मजदूरों का उग्र प्रदर्शन, पुलिस पर हमला और आगजनी से हड़कंप
कर्मचारियों का कहना है कि वे लंबे समय से वेतन वृद्धि और बेहतर कामकाजी सुविधाओं की मांग कर रहे हैं। उनका आरोप है कि उनकी समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है।
Location : Noida
Published : 13 April 2026, 3:18 PM IST