हिंदी
नोएडा में मजदूरों का उग्र प्रदर्शन
Noida: उत्तर प्रदेश के हाईटेक शहर नोएडा में मांगों को लेकर भड़के कर्मचारियों का गुस्सा अब सड़कों पर खुलकर नजर आ रहा है। हालात इतने बिगड़ गए कि प्रदर्शनकारियों ने पुलिस की गाड़ियों को पलट दिया, आगजनी की और कानून व्यवस्था को सीधी चुनौती दे डाली। जवाब में पुलिस को भीड़ को काबू करने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े, जिससे पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।
नोएडा में यह विवाद कपड़ा ट्रेडर्स के कर्मचारियों की हड़ताल से शुरू हुआ था। शुरुआत में यह मामला सीमित दायरे में था, लेकिन देखते ही देखते यह अन्य फैक्ट्रियों और कंपनियों तक फैल गया। एक सप्ताह से कर्मचारियों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। अब स्थिति यह है कि शहर के कई औद्योगिक सेक्टरों में कामकाज प्रभावित हो रहा है और हजारों कर्मचारी सड़कों पर उतर आए हैं।
नोएडा में बेकाबू हुआ श्रमिक प्रदर्शन, आगजनी और पथराव से दहला शहर; पढ़ें अब तक का पूरा अपडेट
नोएडा के सेक्टर 62 से लेकर सेक्टर 82 तक प्रदर्शनकारियों की भारी भीड़ सड़कों पर नजर आ रही है। कर्मचारियों ने नारेबाजी करते हुए अपने गुस्से का इजहार किया। हालात तब और बिगड़ गए जब कुछ प्रदर्शनकारी उग्र हो गए और पुलिस से झड़प शुरू हो गई। इस दौरान पुलिस की एक गाड़ी को पलट दिया गया और आगजनी की घटनाएं भी सामने आईं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपनाया। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए हैं और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है ताकि स्थिति और न बिगड़े।
गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। सभी पुलिसकर्मियों की छुट्टियां तत्काल प्रभाव से रद्द कर दी गई हैं। जो पुलिसकर्मी छुट्टी पर हैं, उन्हें 24 घंटे के भीतर वापस ड्यूटी पर लौटने के निर्देश दिए गए हैं। यह कदम कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
प्रदर्शन के चलते शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी प्रभावित हुई है। नोएडा ट्रैफिक पुलिस ने कई जगहों पर डायवर्जन लागू किया है। चिल्ला बॉर्डर की ओर जाने वाले वाहनों को डीएनडी टोल की तरफ मोड़ा जा रहा है। वहीं, सेक्टर 59 मेट्रो स्टेशन के पास भी ट्रैफिक को डायवर्ट किया गया है। लगातार जारी प्रदर्शन को देखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।
Location : Noida
Published : 13 April 2026, 1:43 PM IST