आगरा में गैस सिलेंडर के लिए बवाल, बहनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

आगरा के नुनिहाई स्थित गैस एजेंसी पर दो सगी बहनों के साथ मारपीट का आरोप सामने आया है। गैस सिलेंडर को लेकर हुए विवाद में मामला इतना बढ़ गया कि मारपीट और तोड़फोड़ तक पहुंच गया। घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 18 April 2026, 6:24 PM IST

Agra: थाना ट्रांस यमुना क्षेत्र के नुनिहाई स्थित सरला गैस एजेंसी पर उस समय हंगामा हो गया जब गैस सिलेंडर लेने पहुंचीं दो सगी बहनों के साथ मारपीट का आरोप सामने आया। बताया जा रहा है कि एजेंसी मैनेजर के इशारे पर कुछ हॉकरों ने दोनों बहनों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया।

गैस सिलेंडर को लेकर शुरू हुआ विवाद

गुलाब नगर, नारायच निवासी सुनीता पत्नी शेर सिंह गैस सिलेंडर लेने एजेंसी पहुंची थीं। उनका कहना है कि उन्होंने 18 मार्च को बुकिंग कराई थी और 1 अप्रैल को मैसेज आया कि सिलेंडर मिल जाएगा। लेकिन जब वह एजेंसी पहुंचीं तो उन्हें बार-बार अलग-अलग जवाब दिए जाते रहे। कभी कहा गया कि सिलेंडर हॉकर को दे दिया गया है तो कभी कहा गया कि उन्हें वहीं से लेना होगा। इसी वजह से वह काफी समय से परेशान थीं।

बहन के साथ भी जुड़ा मामला

दो दिन पहले सुनीता की छोटी बहन अनीता का सिलेंडर भी खत्म हो गया था। दोनों बहनों ने किसी तरह बच्चों के लिए खाना बनाया और शनिवार को फिर से एजेंसी पहुंचीं। लेकिन वहां भी वही जवाब मिला कि सिलेंडर हॉकर को दे दिया गया है। जब उन्होंने हॉकर अजय से बात की तो उसने मना कर दिया और कथित तौर पर अभद्रता शुरू कर दी।

आगरा से पकड़ा गया Rohit Shetty के घर फायरिंग का मास्टरमाइंड, लॉरेंस बिश्नोई गैंग का लिंक आया सामने

मारपीट और तोड़फोड़ का आरोप

पीड़ितों के अनुसार, विरोध करने पर अजय, जयवीर, मनोज, अरविंद और कुछ अन्य लोगों ने मिलकर सुनीता को जमीन पर गिरा दिया और लात-घूंसों से पिटाई की। इसके बाद जब उनके भाई जय सिंह मौके पर पहुंचे तो उन्हें भी दौड़ा-दौड़ाकर पीटा गया। इसी दौरान अनीता द्वारा बनाया जा रहा वीडियो भी आरोपियों ने तोड़फोड़ कर नष्ट कर दिया।

वीडियो हुआ वायरल

घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। जिसमें मारपीट की झलक साफ दिखाई दे रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने कार्रवाई की है। थानाध्यक्ष के अनुसार, आरोपियों को हिरासत में लिया गया है और उनके खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Agra

Published :  18 April 2026, 6:24 PM IST