मंडप में बैंड, दरवाजे पर वेल्डिंग और हवालात में दूल्हा, UP में शादियों का ऐसा ‘हाई-वोल्टेज ड्रामा’ पहले कभी नहीं देखा!

उत्तर प्रदेश में शादियों के बीच ऐसे-ऐसे ड्रामे सामने आ रहे हैं जो किसी फिल्म से कम नहीं लगते। कहीं दरवाजा वेल्डिंग से सील हो जाता है, तो कहीं दूल्हा जेल पहुंच जाता है और दुल्हन मंडप छोड़ देती है। इन घटनाओं ने लोगों को चौंका दिया है।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 1 May 2026, 11:13 AM IST

Jalaun: उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में एक शादी उस वक्त हाई-वोल्टेज ड्रामे में बदल गई, जब दूल्हे के घर का मुख्य दरवाजा शादी के ही दिन वेल्डिंग कर बंद कर दिया गया। यह घटना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नारोभास्कर की है, जहां दूल्हा मोहम्मद माजिद अपनी शादी के बाद पत्नी नजमा के साथ घर लौटा तो दरवाजा खुलने की बजाय पूरी तरह सील मिला।

चाचा की नाराजगी या बदले की आग?

परिजनों का आरोप है कि दूल्हे ने अपने चाचा को शादी में आमंत्रित नहीं किया था। इसी बात से नाराज होकर चाचा ने तब कार्रवाई की जब पूरा घर खाली था और बारात झांसी गई हुई थी। मौका देखकर मुख्य दरवाजे को वेल्डिंग मशीन से बंद कर दिया गया, जिससे घर में प्रवेश असंभव हो गया।

तीन घंटे की मशक्कत और टूटी वेल्डिंग

जब दूल्हा-दुल्हन घर पहुंचे और दरवाजा बंद पाया, तो तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और वेल्डिंग मिस्त्री को बुलाकर दरवाजा खुलवाया गया। करीब तीन घंटे तक दूल्हा और परिजन घर के बाहर खड़े रहे। इसके बाद दुल्हन का गृह प्रवेश कराया गया, लेकिन पूरा मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया।

UP News: कमर्शियल गैस सिलिंडर के दाम में 993 रुपये की भारी वृद्धि, अब चुकानी होगी इतनी कीमत

UP में शादी के साथ विवादों का ‘ट्रेंड’ तेज

इसी दौरान उत्तर प्रदेश के कई जिलों से शादी से जुड़े चौंकाने वाले मामले सामने आए हैं। कहीं प्रेम-प्रसंग के चलते दूल्हा हवालात पहुंच गया तो कहीं दुल्हन ने मंडप छोड़ दिया।

फतेहपुर में दूल्हा जेल में

फतेहपुर में एक मामला तब सामने आया जब शादी के दिन दूल्हे को दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया। बारात की तैयारियां धरी रह गईं और दूल्हा रात भर हवालात में रहा। पुलिस जांच में सामने आया कि मामला फेसबुक फ्रेंडशिप से शुरू हुआ था, जो बाद में कानूनी विवाद में बदल गया।

Uttar Pradesh: वरमाला में दूल्हे ने शादी के लिए रखी ये अजीबोगरीब शर्त, दुल्हन ने भरी हामी

जयमाल के बाद दुल्हन प्रेमी संग फरार

एक अन्य घटना में फतेहपुर के ही खखरेरू क्षेत्र में दुल्हन जयमाल के बाद मंडप से गायब हो गई। बाद में पता चला कि उसका आठ साल पुराना प्रेम संबंध था। फोन कॉल और धमकियों के बीच वह घर से निकल गई और प्रेमी से मिलने की कोशिश में बेहोश तक हो गई।

शादियों में बढ़ता ‘इमोशनल और सोशल टकराव’

इन घटनाओं से साफ है कि अब शादियां सिर्फ रस्म नहीं रह गई हैं, बल्कि पुराने रिश्तों, पारिवारिक विवादों और डिजिटल रिश्तों का टकराव भी बनती जा रही हैं। कहीं फेसबुक की दोस्ती भारी पड़ रही है तो कहीं पारिवारिक नाराजगी सीधे कानून तक पहुंच रही है। पुलिस सभी मामलों की जांच कर रही है। कहीं समझौते की कोशिश हो रही है तो कहीं केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।

Location :  Jalaun

Published :  1 May 2026, 11:13 AM IST