
Symbolic Photo
Lucknow: उत्तर प्रदेश से अब धीरे-धीरे मानसून की विदाई की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। सितंबर के आखिरी दिनों में प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में बारिश की गतिविधियों में गिरावट देखी जा रही है। हालांकि, कुछ क्षेत्रों में अब भी छिटपुट बारिश का सिलसिला बना हुआ है। इसी बीच प्रदेश में फिर से तेज धूप और उमस भरी गर्मी ने लोगों को परेशान करना शुरू कर दिया है।
मौसम विभाग ने रविवार को उत्तर प्रदेश के 19 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई गई है। इसके चलते कुछ हद तक गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। जिन जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है उनमें अलीगढ़, मथुरा, हापुड़, आगरा, एटा, मैनपुरी, फिरोजाबाद, कन्नौज, औरेया, जालौन, इटावा, झांसी, हमीरपुर, ललितपुर, महोबा, कानपुर नगर, कानपुर देहात, बांदा और चित्रकूट शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार इन जिलों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं और बिजली गिरने की भी आशंका है। लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। खासकर खुले स्थानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की हिदायत दी गई है।
Weather Update: मॉनसून रिट्रीट का दौर शुरू, देशभर में बदल रहा मौसम का मिज़ाज
लखनऊ और इटावा में दर्ज हुई हल्की बारिश की आशंका
शनिवार को प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मौसम ने शाम के समय करवट ली। दिनभर की तेज धूप और उमस के बाद शाम होते ही बादल घिरे और हल्की बारिश दर्ज की गई। लखनऊ में शनिवार को 3.6 मिमी और इटावा में 3 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। हालांकि अन्य जिलों में मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ाई।
तापमान में नहीं दिखेगा खास अंतर
आगामी दिनों की बात करें तो मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी दोनों हिस्सों में 29 सितंबर से लेकर 2 अक्टूबर तक छिटपुट बारिश होती रह सकती है। हालांकि इस दौरान कहीं भी भारी बारिश की संभावना नहीं है। इसके साथ ही अगले पांच दिनों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं देखा जाएगा। यानी दिन के समय गर्मी और उमस का असर जारी रहने की संभावना है।
शनिवार को प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान 30 से 35 डिग्री सेल्सियस के बीच रिकॉर्ड किया गया। मेरठ, गोरखपुर, मुजफ्फरनगर, बस्ती, मुरादाबाद और बरेली में सबसे ज्यादा तापमान दर्ज किया गया। जहां धूप और उमस ने लोगों को खूब परेशान किया।
मानसून की विदाई, लेकिन छिटपुट बारिश अभी बाकी
हालांकि, मानसून की विदाई की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन पूरी तरह से मानसून के जाने में अभी कुछ दिन और लग सकते हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अक्टूबर के पहले सप्ताह तक हल्की बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। उसके बाद उत्तर प्रदेश में शरद ऋतु की शुरुआत होगी और तापमान में धीरे-धीरे गिरावट देखी जाएगी।
Location : Lucknow
Published : 28 September 2025, 7:46 AM IST
Topics : Lucknow News UP News uttar pradesh Weather Update