UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी जारी, अगले तीन दिन और सताएगी लू, जानें कब आएगा मानसून

उत्तर प्रदेश में मॉनसून में देरी के कारण भीषण गर्मी और लू का प्रकोप जारी है। मौसम विभाग ने लखनऊ, प्रयागराज और वाराणसी समेत 39 जिलों में हीटवेव का येलो अलर्ट जारी किया है। जानिए कब मिलेगी इस जानलेवा गर्मी से राहत।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 22 June 2026, 7:53 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मानसून की एंट्री में हो रही देरी ने आम जनजीवन को बेहाल कर दिया है। भीषण गर्मी के कारण अब राज्य के अमूमन ठंडे रहने वाले तराई के इलाके भी लू की चपेट में आने लगे हैं। बीते रविवार को तराई क्षेत्र के बहराइच और लखीमपुर खीरी समेत पूर्वी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, गाजीपुर और वाराणसी जैसे जिले लगातार दूसरे दिन भी भीषण लू से तपते रहे। मौसम विभाग के मुताबिक, इन क्षेत्रों में फिलहाल अगले दो दिनों तक इस तपती गर्मी से किसी भी तरह की राहत मिलने के आसार नजर नहीं आ रहे हैं।

बांदा रहा प्रदेश में सबसे गर्म, पारा 42.6 डिग्री पहुंचा

बीते रविवार को राज्य में भीषण गर्मी का दौर जारी रहा। मौसम विज्ञान केंद्र से मिले आंकड़ों के अनुसार, बांदा जिला उत्तर प्रदेश में सबसे गर्म रिकॉर्ड किया गया, जहां अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसके अलावा प्रयागराज में 42.5 डिग्री, धार्मिक नगरी वाराणसी में 42.4 डिग्री और बुंदेलखंड के झांसी में 41.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। इस झुलसाने वाली गर्मी के कारण दोपहर के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है।

Today Weather Update: अगले 15 घंटों में बिगड़ेगा देश का मौसम, पहाड़ी राज्यों में अलर्ट, बिहार में फिलहाल हीटवेव का सितम जारी

इन 39 जिलों में हीटवेव को लेकर प्रशासन सतर्क

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, सोमवार को राज्य के 39 जिलों में तीव्र लू चलने की आशंका है, जिसे देखते हुए 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है। इन जिलों में मुख्य रूप से लखनऊ, कानपुर नगर, उन्नाव, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, अंबेडकरनगर, बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, भदोही, जौनपुर, गाजीपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और हरदोई शामिल हैं। प्रशासन ने इन जिलों के निवासियों को दोपहर में अनावश्यक बाहर न निकलने की सलाह दी है।

यूपी में क्यों घुट रहा है दम? विश्व बैंक की मदद से सभी 75 जिलों में खुलेगा जहरीली हवा का खौफनाक राज

जानिए कब मिलेगी इस भीषण गर्मी से राहत

मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल अगले तीन दिनों तक उत्तर प्रदेश के पूर्वी हिस्सों और तराई वाले क्षेत्रों समेत विभिन्न इलाकों में लू और तेज गर्मी का यह कड़ा रुख बरकरार रहेगा। हालांकि, इसके बाद राज्य में मानसूनी हवाओं की सक्रियता बढ़ने की उम्मीद जताई गई है। जून के आखिरी दिनों में मानसूनी सक्रियता का नया दौर शुरू होने के आसार हैं, जिससे झमाझम बारिश होगी और लोगों को इस जानलेवा गर्मी तथा उमस से स्थायी राहत मिल सकेगी।

Location :  Lucknow

Published :  22 June 2026, 7:52 AM IST