
यूपी में मानसून का आखिरी प्रहार (Img- Pinterest)
Lucknow: उत्तर प्रदेश से मानसून की रवानगी की तारीख जैसे-जैसे करीब आ रही है, मौसम के तेवर उतने ही तीखे होते जा रहे हैं। मानसून शांत होकर विदा होने के बजाय एक बार फिर पूरी ताकत से गरजने के लिए तैयार है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, 17 सितंबर को प्रदेश का मौसम पूरी तरह बदलने वाला है।
नोएडा में सुबह-सुबह चली तेज हवाओं ने साफ कर दिया है कि आने वाले घंटे बेहद चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं। मानसून की यह आखिरी बौछारें यूपी के कई हिस्सों को भिगोने और मौसम में ठंडक घोलने आ रही हैं।
मौसम विभाग ने पश्चिमी यूपी से लेकर पूर्वांचल और तराई के इलाकों तक कुल 35 जिलों के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। पूर्वांचल के प्रमुख जिलों जैसे वाराणसी, प्रयागराज, जौनपुर, गाजीपुर, गोरखपुर, देवरिया, मिर्जापुर और सोनभद्र में बादलों की तेज आवाजाही के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है।
वहीं अवध और तराई क्षेत्र के अयोध्या, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, बाराबंकी और सुल्तानपुर जैसे जिलों में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश का अंदेशा जताया गया है। इन इलाकों में बिजली कड़कने का सबसे ज्यादा खतरा बना हुआ है।
यह मौसम सिर्फ बारिश का आनंद लेने वाला नहीं है, बल्कि सतर्क रहने का भी है। मौसम विशेषज्ञों ने चेतावनी दी है कि इस बार बारिश से ज्यादा खतरा आकाशीय बिजली (वज्रपात) और मेघगर्जन से है। खुले मैदानों, खेतों और तराई के इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका बहुत अधिक है।
ऐसे में अगर आप घर से बाहर निकलने की योजना बना रहे हैं, तो पल-पल का मौसम अपडेट देखना आपके लिए बेहद जरूरी है, वरना आप रास्ते में मुसीबत में फंस सकते हैं।
मौसम के इस अचानक बदले मिजाज को देखते हुए प्रशासन ने लोगों के लिए एडवाइजरी जारी की है। जब भी बादल गरजें या बिजली चमके, तो किसी भी कीमत पर खुले मैदान या ऊंचे पेड़ों के नीचे न खड़े हों। ऐसे समय में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को तुरंत बंद कर दें और उनके प्लग बाहर निकाल दें। यदि आप सफर कर रहे हैं, तो गा गाड़ियों की रफ्तार धीमी रखें और सुरक्षित स्थान पर गाड़ी रोक लें। आपकी थोड़ी सी सतर्कता आपको किसी भी अनहोनी से सुरक्षित रख सकती है।
Location : Lucknow
Published : 17 September 2026, 7:36 AM IST