UP Weather Alert: आसमान से आई राहत, अब फिर बढ़ेगी गर्मी! जानिए किन जिलों में बरसेगा बादल और कहां गिरेगा ओला

उत्तर प्रदेश में गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट बदली। कई जिलों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली। गोरखपुर में सबसे ज्यादा 75 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने शुक्रवार को कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 12 June 2026, 7:22 AM IST

Lucknow: उत्तर प्रदेश में मौसम ने एक बार फिर अचानक करवट लेकर लोगों को चौंका दिया है। गुरुवार को कई जिलों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश हुई, जिससे जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं कई इलाकों में मौसम का खतरनाक रूप भी देखने को मिला। तेज रफ्तार हवाओं ने कई जगहों पर जनजीवन को प्रभावित किया। मौसम विभाग ने शुक्रवार को भी प्रदेश के कई जिलों में आंधी, गरज-चमक और बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही कुछ जिलों में ओलावृष्टि की आशंका जताई गई है।

तेज हवाओं और बारिश ने दी गर्मी से राहत

बीते कई दिनों से यूपी के ज्यादातर हिस्सों में लोग तेज गर्मी और उमस से परेशान थे। तापमान लगातार बढ़ने के कारण लोगों का घरों से निकलना मुश्किल हो रहा था। इसी बीच गुरुवार को मौसम ने अचानक करवट बदली और कई जिलों में बादल छा गए। देखते ही देखते तेज हवाओं के साथ बारिश शुरू हो गई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से काफी राहत मिली। गोरखपुर में सबसे ज्यादा 75 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। वहीं बलिया में 64 मिलीमीटर, जबकि बाराबंकी और संत कबीर नगर में करीब 48 मिलीमीटर बारिश हुई।

यूपी में अगले तीन दिन कैसा रहेगा मौसम का हाल, जानिए कहां बरसेंगे बादल और कहां निकलेगी धूप

कई जिलों में चली तूफानी हवाएं

मौसम के बदले मिजाज का असर पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में ज्यादा देखने को मिला। यहां तेज आंधी चली, जिसकी रफ्तार कई जगहों पर 70 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई। तेज हवाओं के चलते लोगों में डर का माहौल भी बना रहा। पश्चिमी यूपी के बरेली, शाहजहांपुर और नजीबाबाद जैसे जिलों में बारिश और हवाओं के असर से अधिकतम तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक नीचे चला गया। तापमान गिरने से लोगों ने राहत की सांस ली।

हालांकि बुंदेलखंड क्षेत्र में गर्मी का असर अभी भी बरकरार रहा। यहां तापमान में ज्यादा गिरावट देखने को नहीं मिली। झांसी में अधिकतम तापमान 43.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो प्रदेश में सबसे ज्यादा रहा।

मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण 12 जून को भी यूपी के कई हिस्सों में आंधी और बारिश की संभावना बनी रहेगी। मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि 13 जून से विक्षोभ कमजोर पड़ सकता है, जिसके बाद प्रदेश में एक बार फिर गर्मी अपना असर दिखा सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने की संभावना भी जताई गई है।

मौसम का बड़ा अलर्ट: 24 घंटे में 16 राज्यों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा, IMD ने जारी किया चेतावनी संदेश

इन जिलों में आंधी और गरज चमक का ऑरेंज अलर्ट

मौसम विभाग ने जिन जिलों में आंधी और गरज चमक को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, उनमें बांदा, चित्रकूट, फतेहपुर, कानपुर देहात, कानपुर नगर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्र शामिल हैं। इन इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में ओलावृष्टि की चेतावनी

इसके अलावा मौसम विभाग ने प्रदेश के कई जिलों में ओलावृष्टि का भी अलर्ट जारी किया है। अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, जालौन, झांसी और ललितपुर में ओले गिरने की संभावना जताई गई है। ओलावृष्टि से किसानों को नुकसान की आशंका रहती है, इसलिए कृषि विभाग की ओर से भी किसानों को मौसम पर नजर रखने की सलाह दी गई है।

Location :  Lucknow

Published :  12 June 2026, 7:22 AM IST