
1.25 करोड़ रुपये का नशीला माल जब्त
Mirzapur News: अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में मिर्जापुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना मड़िहान पुलिस और STF की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए करीब 1.25 करोड़ रुपये कीमत का 198 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। पुलिस ने गांजा तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे अशोक लेलैंड ट्रक को भी कब्जे में लेते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन और क्षेत्राधिकारी ऑपरेशन के नेतृत्व में मड़िहान थाना पुलिस और STF की संयुक्त टीम को मुखबिर से गांजा तस्करी की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर टीम ने क्षेत्र में सघन वाहन चेकिंग शुरू की। इसी दौरान एक अशोक लेलैंड ट्रक को रोककर जांच की गई। ट्रक चालक से पूछताछ के बाद पुलिस को कोयले के बीच छिपाकर रखे गए गांजे की जानकारी मिली।
पुलिस ने ट्रक की तलाशी ली तो उसमें कोयले के बीच छह बोरियों में छिपाकर रखा गया कुल 198 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोहम्मद शाकिर बक्स पुत्र महबूब आलम निवासी न्यू आनंद नगर, पम्प हाउस कुंडम रोड, थाना अधारताल, जिला जबलपुर (मध्य प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी चालक ने बताया कि वह उड़ीसा के रायगढ़ा से ट्रक में लदे कोयले के बीच गांजा छिपाकर ला रहा था। इस खेप को प्रयागराज और वाराणसी में बताए गए लोगों तक पहुंचाना था। आरोपी ने पुलिस को बताया कि गांजा पहुंचाने के बदले उसे हर चक्कर का एक लाख रुपये मिलता था। इसी लालच में वह तस्करी का काम कर रहा था।
मामले में थाना मड़िहान में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 228/2026 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया है। वहीं गांजा परिवहन में इस्तेमाल किए गए अशोक लेलैंड ट्रक संख्या MP28H4005 को सीज कर दिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है, ताकि गांजा तस्करी के पूरे गिरोह का पता लगाया जा सके।
Location : Mirzapur
Published : 19 September 2026, 8:56 PM IST
Topics : crime news mirzapur news Mirzapur Police UP News UP STF