
अभियुक्त नौशाद उर्फ मुन्ना (Img : Dynamite News)
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश एसटीएफ की प्रयागराज फील्ड इकाई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रावस्ती जिले में गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित 50 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त नौशाद उर्फ मुन्ना को मध्य प्रदेश के जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था। एसटीएफ की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 12 नवंबर को हनुमानताल थाना क्षेत्र के कसाई मंडी चौराहे के पास कब्रिस्तान के सामने से उसे दबोच लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान नौशाद उर्फ मुन्ना पुत्र मोहम्मद अहमद निवासी इमामबाड़ा मोहल्ला गरीब नवाज, थाना कोतवाली नगर, जनपद गोंडा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ श्रावस्ती जिले के कोतवाली भिनगा थाने में 30 अप्रैल 2026 को मुकदमा संख्या 187/2026 दर्ज किया गया था। यह मुकदमा उत्तर प्रदेश गिरोहबंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम की धारा 3(1) के तहत दर्ज था। गिरफ्तारी के लिए उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
पूछताछ में अभियुक्त ने एसटीएफ को बताया कि वह चोरी, लूट और नकबजनी करने वाले एक संगठित गिरोह का सक्रिय सदस्य है। इस गिरोह का सरगना ददन लोनिया पुत्र बच्चू लोनिया निवासी लोनियनपुरवा, चंद्रखा बुजुर्ग, थाना सोनवा, जनपद श्रावस्ती है।
हरदोई में तेज रफ्तार ने ढाया कहर, प्रयागराज निवासी पूरे परिवार की सड़क हादसे में मौत
अभियुक्त के मुताबिक, गिरोह के सदस्य उत्तर प्रदेश के बदायूं और गोंडा समेत तेलंगाना, महाराष्ट्र और मध्य प्रदेश के जबलपुर जैसे शहरों में किराये पर कमरे लेकर रहते थे। यहां जूता-चप्पल बेचने की आड़ में खाली स्थानों पर बने मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर चोरी, लूट और नकबजनी की वारदात को अंजाम देते थे। वारदात में मिले सोने-चांदी के आभूषण और अन्य सामान बेचकर मिलने वाली रकम को गिरोह के सदस्य आपस में बराबर बांट लेते थे।
पूछताछ में नौशाद ने बताया कि गिरोह का सरगना ददन लोनिया और सदस्य दौलत अली वर्ष 2025 में श्रावस्ती जिले से जेल जा चुके हैं। वहीं, वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज होने और 50 हजार रुपये का इनाम घोषित होने की जानकारी मिलने के बाद उसने मध्य प्रदेश के जबलपुर में छिपकर रहना शुरू कर दिया था।
एसटीएफ को फरार और इनामी अपराधियों के संबंध में लगातार सूचनाएं मिल रही थीं। इसी क्रम में पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में प्रयागराज फील्ड इकाई की टीम नौशाद की तलाश में जुटी थी।
टीम में उपनिरीक्षक विनय तिवारी, मोहम्मद हबीब अहमद सिद्दीकी, मुख्य आरक्षी पंकज सिंह, पंकज तिवारी और आरक्षी चालक अखण्ड प्रताप पाण्डेय शामिल थे। टीम जब जबलपुर में मौजूद थी, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि नौशाद हनुमानताल थाना क्षेत्र के कसाई मंडी चौराहे के पास कब्रिस्तान के सामने मौजूद है। इसके बाद एसटीएफ ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद अभियुक्त को जबलपुर के थाना हनुमानताल में दाखिल किया गया। इसके बाद उसे प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट, कोर्ट नंबर-10, जबलपुर के समक्ष पेश किया गया। वहां से उसे उत्तर प्रदेश लाने के लिए ट्रांजिट रिमांड की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई श्रावस्ती पुलिस की ओर से की जाएगी।
Location : Prayagraj
Published : 12 November 2026, 9:10 PM IST
Topics : crime news sultanpur news UP STF