
आरोपी का फोटो (Image: Dynamite News)
एसटीएफ के मुताबिक, 18 नवंबर 2026 को लखनऊ के ठाकुरगंज थाना क्षेत्र में कार्रवाई की गई। टीम ने दोपहर करीब 12:55 बजे कब्रिस्तान हॉस्पिटल परिसर के पास स्थित पार्किंग स्टैंड से आरोपी को गिरफ्तार किया। उसकी पहचान बाबा उर्फ प्रताप गोसाईं पुत्र श्रीराम गोसाईं, निवासी ग्राम कुम्हारवा, थाना करनैलगंज, जनपद गोंडा के रूप में हुई है। आरोपी थाना कैसरगंज, जनपद बहराइच में दर्ज मुकदमा संख्या 98/2026 में वांछित था। इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304(2), 309(4), 317(2) और आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी से बचने के लिए वह लखनऊ में छिपकर रह रहा था।
एसटीएफ को सूचना मिली थी कि बाबा उर्फ प्रताप गोसाईं ऐसे गिरोह का सरगना है, जो सर्राफा कारोबारियों को निशाना बनाकर लूट और छिनैती की घटनाओं को अंजाम देता है। अप्रैल 2026 में बहराइच के कैसरगंज क्षेत्र में एक सर्राफा व्यापारी के साथ हुई लूट की घटना में भी उसका नाम सामने आया था। इस वारदात में शामिल गिरोह के तीन अन्य आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इसके बाद से ही एसटीएफ आरोपी की तलाश में जुटी थी। आखिरकार लखनऊ में उसकी लोकेशन मिलने के बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
एसटीएफ के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उसके खिलाफ गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और बाराबंकी समेत विभिन्न जिलों में कुल 41 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इन मामलों में लूट, छिनैती, चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं से जुड़े मुकदमे शामिल हैं। 50 हजार रुपये के इनामी इस बदमाश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उससे जुड़े अन्य आपराधिक मामलों और गिरोह की गतिविधियों के संबंध में आगे की कार्रवाई करेगी।
यह गिरफ्तारी पुलिस उपाधीक्षक शैलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। एसटीएफ प्रयागराज की टीम का नेतृत्व निरीक्षक जय प्रकाश राय ने किया। टीम में उपनिरीक्षक संजय सिंह, मुख्य आरक्षी हरबंस अहमद सिद्दीकी, पंकज सिंह, पंकज तिवारी, सुनील कुमार और चालक अखंड प्रताप पांडेय शामिल रहे। गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने आरोपी को संबंधित थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। अब स्थानीय पुलिस उसके खिलाफ दर्ज मुकदमों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई करेगी।
Location : Lucknow
Published : 19 November 2026, 1:18 PM IST