एसटीएफ उत्तर प्रदेश ने 50 हजार के इनामी आरोपी मोहम्मद इब्राहिम को प्रयागराज से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर प्रतापगढ़ में गोवध और चोरी का गंभीर आरोप है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को दबिश देकर पकड़ा गया, पुलिस अब आगे की कार्रवाई में जुटी है।

आरोपी मोहम्मद इब्राहिम को पुलिस ने गिरफ्तार किया
Prayagraj: उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी मोहम्मद इब्राहिम को प्रयागराज से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही थी।
कहां और कैसे हुई गिरफ्तारी
एसटीएफ टीम ने आरोपी को प्रयागराज-लखनऊ मार्ग पर तेलियरगंज चौराहे के पास आजाद मार्केट के सामने से गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई 31 मार्च 2026 को सुबह करीब 10:02 बजे की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि आरोपी शिवकुटी इलाके में मौजूद है, जिसके बाद टीम ने तुरंत घेराबंदी कर उसे दबोच लिया।
क्या है पूरा मामला?
मोहम्मद इब्राहिम पर प्रतापगढ़ के थाना देल्हूपुर में दर्ज एक गंभीर मामले में आरोप है। पूछताछ में उसने बताया कि जनवरी 2026 में अपने साथियों के साथ मिलकर उसने गांव बरसण्डा से गायों को चोरी किया था। इसके बाद उनका वध कर सिर नदी में फेंक दिया गया और मांस को बेचने के लिए शरीर अलग कर लिया गया।
50,000 रुपये का इनाम घोषित था
इस घटना के बाद उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ और जांच के दौरान उसका नाम सामने आया। पुलिस ने उसकी गिरफ्तारी पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित कर दिया था, जिसके बाद से वह लगातार फरार चल रहा था और जगह-जगह छिपकर रह रहा था।
आज शेयर बाजार में क्यों छाया सन्नाटा? ट्रेडर्स भी रह गए कन्फ्यूज! इस हफ्ते कब-कब बंद रहेगा मार्केट
शातिर अपराधियों पर पैनी नजर
एसटीएफ प्रयागराज यूनिट की टीम, पुलिस उपाधीक्षक शैलेश प्रताप सिंह के निर्देशन और निरीक्षक जय प्रकाश राय के नेतृत्व में लगातार इनामी अपराधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी अभियान के तहत यह बड़ी सफलता हासिल हुई। आपको बता दें कि आरोपी के खिलाफ प्रतापगढ़ के थाना देल्हूपुर में मुकदमा संख्या 02/2026 में (धारा 303(2) बीएनएस व 3/5/8 गोवध निवारण अधिनियम) में एफआईआर दर्ज की गई है।
एक और आरोपी गिरफ्तार
यूपी एसटीएफ ने 30 मार्च 2026 को वाराणसी से आर्मी ऑफिसर बनकर नौकरी का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के सरगना धर्मेन्द्र पाण्डेय को गिरफ्तार किया। गिरोह लंबे समय से बेरोजगार युवकों को फर्जी दस्तावेज दिखाकर मोटी रकम वसूल रहा था। सूचना मिलने के बाद एसटीएफ वाराणसी टीम ने आरोपी को दबिश देकर गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ थाना भेलूपुर में मुकदमा दर्ज किया गया है।