
बदायूँ: दरोगा की पत्नी ने मायके में लगाई फांसी(Source: Dynamite News)
Budaun: बदायूं के बिसौली कोतवाली क्षेत्र के दवतोरी गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई। मिहोना, उझानी कोतवाली क्षेत्र की निवासी 40 वर्षीय कश्मीरा पत्नी स्व. प्रेमपाल सिंह ने अपने मायके में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही बिसौली कोतवाली पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है फिर भी सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा।
मृतका कश्मीरा के पति प्रेमपाल सिंह उत्तर प्रदेश पुलिस में दरोगा के पद पर तैनात थे। करीब चार माह पहले ड्यूटी के दौरान उनके पैर में सेप्टिक फैल गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। पति की मौत के बाद से ही कश्मीरा गहरे सदमे में थीं।
जानकारी के अनुसार प्रेमपाल सिंह ने दो शादियां की थीं। पहली पत्नी का पहले ही देहांत हो चुका है। पहली पत्नी से उनकी दो बेटियां हैं, जिनकी शादी हो चुकी है। कश्मीरा उनकी दूसरी पत्नी थीं। कश्मीरा के दो बच्चे हैं जो फिलहाल अपनी बुआ के पास रह रहे हैं।
ग्रामीणों और सूत्रों के मुताबिक पति की मौत के बाद से कश्मीरा का मानसिक संतुलन बिगड़ गया था। वह अक्सर गुमसुम रहती थीं। इसी वजह से वह कभी अपने मायके दवतोरी गांव में रहती थीं तो कभी ससुराल मिहोना चली जाती थीं। बुधवार को उन्होंने मायके में ही कमरे में फंदा लगाकर जान दे दी। परिजनों ने जब उन्हें फंदे पर लटका देखा तो कोहराम मच गया।
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है। अभी तक किसी तरह का सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। मामले की हर एंगल से जांच की जा रही है।
Location : Budaun
Published : 23 April 2026, 1:36 PM IST
Topics : Amit Jogi CBI Chhattisgarh Ramavatar Jaggi Supreme Court