बड़ी खबर: उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव टले, सरकार ने बढ़ाया प्रशासकों का कार्यकाल

डाइनामाइट न्यूज़ पर इस समय लखनऊ से बड़ी खबर है। उत्तर प्रदेश में बहुप्रतीक्षित पंचायत चुनाव को टाल दिया गया है। सरकार ने प्रशासकों का कार्यकाल बढा दिया है।

Post Published By: Ramdev Gupta
Updated : 18 November 2026, 6:39 PM IST

Lucknow:  उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की सरगार्मियों के बीच राज्य की सियासत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। उत्तर प्रदेश में होने वाले बहुप्रतीक्षित पंचायत चुनावों को टाल दिया गया है और इसके साथ ही ग्राम पंचायत प्रशासकों का कार्यकाल बढ़ा दिया है। अब अगले 6 माह तक उत्तर प्रदेश में पंचायत चुनाव होने की संभावना लगभग खत्म हो गई है।

लखनऊ में योगी कैबिनेट में बैठक में बुधवार को अबसे थोड़ी देर पहले सरकार ने राज्य में होने वाले पंचायत चुनाव को 6 महीने के लिए टालने का फैसला लिया। इसके साथ ही योगी कैबिनेट ने कुल 30 फैसलों को मंजूरी दी है।

57,694 ग्राम पंचायतों के प्रशासकों को मिलेगा विस्तार

दरअसल, प्रदेश की 57,694 ग्राम पंचायतों में निवर्तमान ग्राम प्रधानों को प्रशासक नियुक्त किया गया था। पंचायत चुनाव में देरी के चलते उन्हें छह महीने के लिए यह जिम्मेदारी सौंपी गई थी। उनका मौजूदा कार्यकाल 26 नवंबर 2026 को समाप्त हो रहा है। अब कैबिनेट ने इसे छह महीने और बढ़ाने के लिए अध्यादेश के प्रारूप को मंजूरी दी है। इससे मौजूदा प्रशासकों को मई 2027 तक जिम्मेदारी संभालने का रास्ता साफ हो सकता है।

आजम खान जेल से बाहर, लेकिन क्या 19 नवंबर को आएगा नया मोड़?

क्यों टाले गए पंचायत चुनाव?

पंचायत चुनाव में देरी की सबसे बड़ी वजह अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) का आरक्षण निर्धारित करने की प्रक्रिया है। इसके लिए समर्पित पिछड़ा वर्ग आयोग ट्रिपल टेस्ट के आधार पर सर्वे और आंकड़े जुटा रहा है। प्रदेश के सभी 75 जिलों में रैपिड सर्वे की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा पंचायत चुनाव की मतदाता सूची को अपडेट करने का काम भी पूरा होना बाकी है।

हाईकोर्ट ने तीन महीने में चुनाव कराने का दिया था आदेश

पंचायत चुनाव में देरी को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 14 अक्टूबर 2026 को प्रदेश सरकार और राज्य निर्वाचन आयोग को तीन महीने के भीतर चुनाव कराने की प्रक्रिया पूरी करने का निर्देश दिया था। अदालत ने कहा था कि OBC आरक्षण आयोग की रिपोर्ट का इंतजार करते हुए चुनाव अनिश्चितकाल तक नहीं टाले जा सकते। इसके बावजूद सरकार ने कानूनी प्रक्रिया के तहत अध्यादेश लाने का रास्ता अपनाया है।

योगी आदित्यनाथ का बड़ा ऐलान, अब यूपी में किसी गुंडे की नहीं चलेगी मनमानी; सीएम ने बताया कैसे बदली प्रदेश की तस्वीर?

विधानसभा चुनाव के बाद होंगे पंचायत चुनाव?

उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 की तैयारियां भी अगले कुछ महीनों में तेज होने वाली हैं। ऐसे में पंचायत प्रशासकों का कार्यकाल छह महीने बढ़ाए जाने के फैसले से माना जा रहा है कि पंचायत चुनाव विधानसभा चुनाव के बाद ही कराए जाएंगे। हालांकि, पंचायत चुनाव की आधिकारिक तारीख अभी घोषित नहीं हुई है। अध्यादेश की आगे की कानूनी प्रक्रिया और चुनाव आयोग की अधिसूचना भी महत्वपूर्ण होगी।

इस फैसले का सीधा असर प्रदेश की हजारों ग्राम पंचायतों और चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे संभावित उम्मीदवारों पर पड़ेगा। अब सभी की नजरें पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट और पंचायत चुनाव की अगली आधिकारिक घोषणा पर टिकी हैं।

Location :  Lucknow

Published :  18 November 2026, 6:27 PM IST