हिंदी
गोरखपुर जिले के सहजनवां तहसील अंतर्गत रामपुर गड़थौली टोला लरबरी सीवान में गुरुवार दोपहर करीब एक बजे अचानक गेहूं की खड़ी फसल में आग लग गई, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। तेज धूप और हवा की वजह से आग तेजी से फैल गई और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख ग्रामीण भय और चिंता में डूब गए।
गोरखपुर में भीषण अग्निकांड
Gorakhpur News: गोरखपुर जनपद के सहजनवां तहसील क्षेत्र अंतर्गत रामपुर गड़थौली टोला लरबरी सीवान में गुरुवार दोपहर लगभग एक बजे अचानक गेहूं की खड़ी फसल में आग लगने से हड़कंप मच गया। तेज धूप और हवा के चलते आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और आसपास के खेतों को अपनी चपेट में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्या है पूरी खबर?
मिली जानकारी के मुताबिक, घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। किसानों ने ट्रैक्टर, पंपिंग सेट और अन्य उपलब्ध संसाधनों का उपयोग कर आग पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि उस पर नियंत्रण पाना मुश्किल हो गया। कई ग्रामीण लपटों की भयावहता के कारण नजदीक जाने की हिम्मत भी नहीं जुटा पा रहे थे।
Maharajganj News: भूसा मशीन में आग लगने से मची अफरा-तफरी, बाल-बाल बचे लोग; पढे़ं पूरी खबर
कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
सूचना पर थाना प्रभारी विवेक कुमार मिश्र पुलिस बल के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने फायर ब्रिगेड को सूचना दी, जिसके बाद दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। काफी देर तक चले राहत कार्य के बाद जब आग बुझी, तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा
इस अग्निकांड में राम दवन, सुभाष गुप्ता, रामजीत, राजेंद्र सिंह, कलावती, शिला, सुक्खू, रामहित, सुरेंद्र, रामवृक्ष सहित कई किसानों की लगभग 50 एकड़ गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह नष्ट हो गई। किसानों के सामने अब आजीविका का संकट खड़ा हो गया है, जिससे वे बेहद चिंतित नजर आए। घटना के संबंध में तहसीलदार राकेश कन्नौजिया ने बताया कि राजस्व विभाग की टीम को मौके पर भेजा जा रहा है। नुकसान का आकलन कर पीड़ित किसानों को शासन की ओर से मुआवजा दिलाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा।