हिंदी
महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र में भूसा बनाते समय अचानक लगी आग ने इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। मशीन पूरी तरह जलकर नष्ट हो गई, लेकिन बड़ी राहत यह रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। दमकल टीम ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आखिर इस हादसे के पीछे क्या वजह थी?
भूसा मशीन धू-धू कर जली (Img: Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश में स्थित महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र से एक बड़ी घटना सामने आई है, जहां खेत में भूसा बनाते समय निकली एक छोटी सी चिंगारी ने कुछ ही पलों में भीषण आग का रूप ले लिया। यह घटना गोपलापुर दुबे सिवान की है, जहां गुरुवार दोपहर गेहूं के डंठलों से भूसा बनाने का काम चल रहा था।
देखते ही देखते आग इतनी तेजी से फैली कि भूसा मशीन पूरी तरह इसकी चपेट में आ गई और धू-धू कर जलने लगी। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास का इलाका धुएं से भर गया, जिससे मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।
मिली जानकारी के अनुसार, यह भूसा मशीन कैंपियरगंज क्षेत्र के ग्राम सभा परसा तिवारी निवासी राधेश्याम की बताई जा रही है। खेत में सामान्य रूप से भूसा बनाने का काम चल रहा था, तभी अचानक मशीन से निकली चिंगारी सूखे डंठलों और भूसे पर गिर गई। सूखी फसल होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया और तेजी से फैलने लगी। कुछ ही देर में पूरी मशीन आग की चपेट में आ गई।
Budaun News: इंसाफ के दरवाजे पर ही टूटी उम्मीद, बदायूं में महिला ने उठाया खौफनाक कदम
आग लगते ही खेत में मौजूद लोगों ने शोर मचाकर आसपास के ग्रामीणों को बुलाया और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी। लेकिन सूखे भूसे के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और दमकल विभाग को बुलाया गया। मौके पर पहुंची दमकल टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को बुझाया। हालांकि तब तक भूसा मशीन पूरी तरह जलकर नष्ट हो चुकी थी।
Maharajganj News: सोनौली बॉर्डर पर तस्करी का बड़ा खेल, सिस्टम पर उठे सवाल; आखिर क्या है पूरा माजरा?
इस घटना के बाद क्षेत्र के किसानों में डर और चिंता का माहौल है। फसल कटाई के दौरान इस तरह की घटनाएं किसानों के लिए भारी आर्थिक नुकसान का कारण बन रही हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाओं से बचाव के लिए प्रशासन को जागरूकता अभियान चलाना चाहिए और किसानों को जरूरी सुरक्षा उपायों के बारे में जानकारी देनी चाहिए।
फिलहाल राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस घटना ने एक बार फिर खेतों में काम के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत को उजागर कर दिया है।