
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
भारी बारिश के चलते खखरेरू में ससुर खदेरी नदी नंबर दो उफान पर है, जिससे रपटा पुल डूबने से दर्जनभर गांवों का संपर्क तहसील मुख्यालय से कट गया है। जान जोखिम में डालकर ग्रामीण लोहे की कड़ाव को नाव बनाकर और रस्सी के सहारे नदी पार करने को मजबूर हैं। प्रशासन की अनदेखी से लोगों में भारी रोष है।
रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के हरदोई चौराहे के पास दिल्ली से इन्हौना आ रही अनियंत्रित बस सड़क किनारे पेड़ में फंस गई। यात्रियों के अनुसार ड्राइवर शराब के नशे में था। गनीमत रही कि बस खाई में नहीं गिरी और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही 112 पुलिस मौके पर पहुंच गई।
जालौन के कालपी से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहाँ मुन्नाफुल पावर चौराहे पर बीच सड़क पर दो युवकों के बीच जमकर मारपीट हुई। इस घटना का लाइव वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है।
प्रयागराज में गंगा और यमुना नदियां भले ही उफान पर हों, लेकिन राहत की बात यह है कि दोनों नदियों का जलस्तर लगातार घट रहा है। पिछले 24 घंटों में नैनी में यमुना का जलस्तर 27 सेंटीमीटर कम हुआ है, जबकि फाफामऊ में गंगा का जलस्तर 6 सेंटीमीटर घट गया है।
नोएडा में स्वाइन फ्लू के मामलों में अचानक भारी उछाल आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। जहाँ सोमवार तक जिले में संक्रमण के कुल 15 मरीज ही दर्ज किए गए थे, वहीं कल हुई अचानक जाँच में एक ही दिन के भीतर 105 नए पॉजिटिव मामले सामने आए। महज 24 घंटे के भीतर मरीजों की संख्या में 8 गुना की इस बेतहाशा वृद्धि ने अधिकारियों और आम जनता दोनों की चिंता बढ़ा दी है, जिसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।
कानपुर में गंगा नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ने लगा है, जिससे बैराज पर जलस्तर चेतावनी बिंदु को पार करते हुए 114.220 मीटर पर पहुंच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बैराज से 3.61 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है, जिससे प्रशासन और आसपास के निचले इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है।
हरदोई जिले के संडीला क्षेत्र स्थित सदर बाजार रेलवे फाटक के पास एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां ट्रेन की चपेट में आने से एक अज्ञात युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर शिनाख्त के प्रयास शुरू कर दिए हैं और उसे पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है। पुलिस मामले की जांच-पड़ताल में जुटी है।
हरियाणा के जींद निवासी एक युवक ने चंदौली के बलुआ थाना क्षेत्र के मटियारा गांव के लोगों पर शादी का झांसा देकर 2.75 लाख रुपये ठगने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित का दावा है कि आरोपियों ने लड़की दिखाने और खरीदारी कराने के बहाने नकद व ऑनलाइन रकम ऐंठ ली। मांग-सिंदूर की रस्म के बाद उसे तहसील ले जाते समय रास्ते में उतार दिया गया। स्थानीय पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने एसपी आकाश पटेल से गुहार लगाई, जिसके बाद एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
देवरिया में बारावफात और रक्षाबंधन पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस लाइन प्रेक्षागृह में डीएम मधुसूदन हुल्गी की अध्यक्षता में केंद्रीय पीस कमेटी की बैठक हुई। इसमें अधिकारियों ने नोडल तैनाती, जुलूस मार्गों की साफ-सफाई और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने के निर्देश देते हुए सभी से आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
बस्ती में बढ़ते अपराधों पर शिकंजा कसने के लिए बस्ती पुलिस अधीक्षक डॉ यशवीर सिंह ने जिले की कानून व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया है। अपराध रोकने में नाकाम रहने पर लालगंज थाना प्रभारी विनय पाठक को लाइन हाजिर कर दिया गया है, जबकि दिनेश चंद चौधरी को लालगंज की नई कमान सौंपी गई है। इसके अलावा, विश्वमोहन राय को मुंडेरवा थाना और प्रदीप सिंह को परशुरामपुर थाने का नया एसओ बनाया गया है। पुलिस अधिकारियों की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से महकमे में हड़कंप मच गया है।
सुलतानपुर के गोसाईगंज थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 126 के पास एयर स्ट्रिप के समीप एक खड़े ट्रक की बॉडी से संदिग्ध परिस्थितियों में अज्ञात व्यक्ति का शव लटका मिला। गाजीपुर से लखनऊ आ रहे इस ट्रक पर शव देखकर हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है, लेकिन मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के हरदोई चौराहे के पास दिल्ली से इन्हौना आ रही एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस सड़क किनारे पेड़ से टकराकर फंस गई। गनीमत रही कि बस खाई में नहीं गिरी, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार यात्रियों का आरोप है कि ड्राइवर शराब के नशे में धुत था। हादसे के बाद यात्रियों ने सूझबूझ दिखाते हुए सुरक्षित बाहर निकलकर जान बचाई। सूचना मिलते ही 112 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इस दुर्घटना में सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं।
बस्ती जिले के महसो चौकी क्षेत्र में मनीष पांडेय की हत्या के मामले में पुलिस की गंभीर लापरवाही सामने आने के बाद एसपी डॉ. यशवीर सिंह ने कड़ी कार्रवाई की है। सीओ रुधौली की रिपोर्ट पर चौकी प्रभारी सुरेश कुमार, हेड कांस्टेबल प्रमोद यादव और कांस्टेबल सतीश कुशवाहा को लाइन हाजिर कर दिया गया है।
कोल्हुई क्षेत्र में बारावफात के जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन ने एहतियातन करीब पांच घंटे तक विद्युत आपूर्ति पूरी तरह बंद रखने का बड़ा निर्णय लिया। जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या तकनीकी बाधा से बचाव के लिए यह कदम उठाया गया है, जिससे शांतिपूर्ण माहौल में कार्यक्रम संपन्न हो सके।
बलिया के फेफना थाना क्षेत्र के थम्मनपुर गांव में मंगलवार शाम अभिषेक पासवान ने पेट में चाकू मारकर ऋषिकांत दुबे को गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल से वाराणसी बीएचयू रेफर कराया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले में मुकदमा दर्ज कर शांति व्यवस्था कायम कर दी है।
मिर्जापुर में आगामी बारावफात और रक्षाबंधन त्योहारों को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए एसपी अपर्णा रजत कौशिक के नेतृत्व में पुलिस व पीएसी बल ने संवेदनशील क्षेत्रों में फ्लैग मार्च किया। सुरक्षा के मद्देनजर पूरे जनपद को 5 जोन व 19 सेक्टरों में बांटकर ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से कड़ी निगरानी रखी जा रही है।
महराजगंज जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र के गांवों में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक तेजी से बढ़ रहा है, जिससे ग्रामीणों में भारी दहशत का माहौल है। झुंड में घूम रहे आक्रामक कुत्तों के कारण घरों के बाहर खेलने वाले छोटे बच्चों की सुरक्षा को लेकर अभिभावकों की चिंताएं लगातार बढ़ती जा रही हैं।
प्रतापगढ़ के महेशगंज थाना क्षेत्र के चंपतपुर गांव में मंगलवार रात मूसलाधार बारिश के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया। लघुशंका के लिए घर से बाहर निकली राकेश पाल की 6 वर्षीय पुत्री सेजल अचानक कच्ची पशुशाला की दीवार ढहने से मलबे में दब गई। जब तक ग्रामीण उसे बाहर निकालते, उसकी मौत हो चुकी थी।
Location : Lucknow
Published : 26 August 2026, 8:53 AM IST