UP Live News: मिर्जापुर में युवक का गला रेतकर हत्या, तो औरैया में डबल मर्डर केस में 10 दोषी करार, पढ़ें सभी बड़ी खबर एक क्लिक में

देश की राजधानी दिल्ली से संचालित डाइनामाइट न्यूज़ ने उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चहेता चैनल बनने का मुकाम हासिल किया है। इस खास उपल्ब्धि के मौके पर डाइनामाइट न्यूज़ उत्तर प्रदेश वासियों को खबरों का नया अनुभव देने जा रहे हैं। अब आपको उत्तर प्रदेश की सभी छोटी बड़ी खबरें केवल एक खबर में एक साथ पढ़ने को मिलेंगी। पढें यूपी की सभी खबरों को साथ यहां एक्सक्लूसिव लाइव ब्लॉग में...

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 19 August 2026 , 7:07 PM

Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।

    The liveblog has ended.

    LIVE NEWS & UPDATES

    • 19 Aug 2026 07:07 PM (IST)

      Sultanpur Live Update: 14 मुकदमों वाला आरोपी तमंचे के साथ गिरफ्तार

      सुल्तानपुर के धम्मौर थाना क्षेत्र में पुलिस ने चेकिंग के दौरान 14 मुकदमों में नामजद बताए जा रहे आरोपी को अवैध तमंचे और दो जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी उस्मान प्रतापगढ़ का रहने वाला है और उसके खिलाफ हत्या, लूट, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और हत्या के प्रयास समेत गंभीर धाराओं में 14 मुकदमे दर्ज हैं। बहादुरपुर नहर पुलिया के पास तलाशी के दौरान उसके पास से .315 बोर का तमंचा और दो कारतूस बरामद हुए। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय भेजने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

    • 19 Aug 2026 07:07 PM (IST)

      Maharajganj Live Update: कोल्हुई में संदिग्ध पनीर की सप्लाई, जांच की मांग

      महराजगंज के कोल्हुई कस्बे में कथित मिलावटी पनीर की बिक्री को लेकर सवाल उठ रहे हैं। स्थानीय लोगों का दावा है कि सिद्धार्थनगर से रात के समय संदिग्ध पनीर की खेप कोल्हुई पहुंच रही है और कुछ दुकानों पर इसकी बिक्री की जा रही है। हालांकि, पनीर नकली या मानकों के विपरीत है या नहीं, इसकी पुष्टि अभी जांच के बाद ही हो सकेगी। लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग से सिद्धार्थनगर से आने वाली पनीर की आपूर्ति की जांच कराने और दुकानों से नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजने की मांग की है। विभागीय जांच और सैंपल रिपोर्ट से ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी।

    • 19 Aug 2026 07:01 PM (IST)

      Ghaziabad Live Update: 20 रुपये के विवाद में युवक की चाकू से हत्या

      गाजियाबाद के शालीमार गार्डन थाना क्षेत्र में 20 रुपये के विवाद में युवक की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी गई। तिकोना पार्क के पास मुस्तकीम नाम के युवक पर हमला किया गया, जिसमें उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। हत्या से आक्रोशित परिजनों ने थाने का घेराव कर आरोपी की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

    • 19 Aug 2026 06:59 PM (IST)

      Bulandshahr Live Update: ट्यूबवेल में करंट से दंपति की मौत

      बुलंदशहर के सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र के शेरपुर गांव में ट्यूबवेल में उतरे करंट की चपेट में आने से दंपति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ट्यूबवेल पर काम करने के दौरान एक व्यक्ति करंट की चपेट में आ गया। उसे बचाने पहुंची पत्नी भी बिजली के करंट की जद में आ गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों और ग्रामीणों ने दोनों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

    • 19 Aug 2026 06:42 PM (IST)

      Sitapur Live Update: नाले में डूबे दो चचेरे भाई

      सीतापुर के रामपुर मथुरा थाना क्षेत्र के केवड़ा गांव में नाला पार करते समय दो चचेरे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र और संजय घर से खेत जाने के लिए निकले थे। नाला पार करते समय अचानक सुरेंद्र का पैर फिसल गया और वह गहरे पानी में गिर गया। उसे बचाने के लिए संजय भी नाले में कूद गया, लेकिन दोनों गहरे पानी में डूब गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी।

    • 19 Aug 2026 06:40 PM (IST)

      Sitapur Live Update: कार की टक्कर से महिला की मौत

      सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में बुधवार दोपहर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से करीब 35 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उसकी गोद में मौजूद डेढ़ वर्षीय मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। पिपराकला निवासी वीरेंद्र सिंह पत्नी शिवी सिंह और बेटे अंश के साथ दवा लेकर घर लौट रहे थे। राजापुर गांव के पास शिवी सड़क किनारे सामान लेने के लिए रुकी थीं, तभी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में महिला की मौके पर मौत हो गई और मासूम सड़क पर गिरकर घायल हो गया। बच्चे को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है। पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुटी है।

    • 19 Aug 2026 06:33 PM (IST)

      Sultanpur Live Update: सुल्तानपुर में खेल सुविधाएं बढ़ाने पर जोर

      सुल्तानपुर में खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं देने को लेकर जिला खेल विकास एवं प्रोत्साहन समिति की बैठक हुई। कलेक्ट्रेट सभागार में सीडीओ विनय कुमार सिंह की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिम, तरणताल और स्टेडियम की सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। जिला खेल विकास समिति के खाते में 36.24 लाख रुपये से अधिक की धनराशि उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। सीडीओ ने जिम और तरणताल संचालकों से वार्षिक पंजीकरण शुल्क लेने के प्रस्ताव पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। स्टेडियम में महिला खिलाड़ियों के लिए चेंजिंग रूम और शौचालय जल्द बनवाने को कहा गया। साथ ही सभी तहसीलों में खेल विकास समितियों के खाते खोलने के निर्देश दिए गए।

    • 19 Aug 2026 06:26 PM (IST)

      Sultanpur Live Update: सीएचसी अधीक्षक पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

      सुल्तानपुर के अखण्डनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में मरीजों को देख रहे अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र सिंह पर एक युवक ने कथित तौर पर दुर्व्यवहार करते हुए हमला कर दिया। घटना 19 अगस्त की बताई जा रही है। हमले में डॉक्टर घायल हो गए। घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया। डॉ. सत्येंद्र सिंह की तहरीर पर अखण्डनगर थाने में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। क्षेत्राधिकारी कादीपुर विनय गौतम ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है। उन्होंने कहा कि घटना के बावजूद सीएचसी में स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं।

    • 19 Aug 2026 06:23 PM (IST)

      Sambhal Live Update: खेत की मचान पर अधेड़ का शव मिलने से हड़कंप

      संभल के चंदौसी क्षेत्र के गांव कैथल में खेत की मचान पर अधेड़ का शव अंगोछे के सहारे फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। मृतक की पहचान इलाके के पुराने हिस्ट्रीशीटर के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। शुरुआती तौर पर मामला आत्महत्या का माना जा रहा है, हालांकि पुलिस अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर भी जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।

    • 19 Aug 2026 06:21 PM (IST)

      Hapur Live Update: हापुड़ में पत्नी के प्रेमी का गला रेता

      हापुड़ के सिंभावली थाना क्षेत्र में पति ने पत्नी के प्रेमी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोप है कि पति ने प्रेमी का गला रेत दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। गंभीर हालत में घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस हमले के पीछे की वजह और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटा रही है। फिलहाल घायल की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस आरोपी की तलाश और मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

    • 19 Aug 2026 05:38 PM (IST)

      Kannauj Live Update: सिपाही को दौड़ाकर पीटा, 13 गिरफ्तार

      तिर्वा में दुकानदार और ग्राहक के विवाद को शांत कराने पहुंचे सादी वर्दी के सिपाही पर युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि सिपाही को दुकान के अंदर पीटने के बाद करीब 100 मीटर तक दौड़ाकर मारपीट की गई। घटना में सिपाही के मुंह और नाक से खून निकल आया। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे बचाकर अस्पताल पहुंचाया। मामले में पुलिस ने 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक 16 वर्षीय किशोर को बाल अपचारी के रूप में पकड़ा गया। पुलिस ने सभी आरोपियों का कस्बे में पैदल जुलूस भी निकाला। इसके बाद मेडिकल परीक्षण कराकर उन्हें न्यायालय भेजने की कार्रवाई की गई।

    • 19 Aug 2026 05:35 PM (IST)

      Mirzapur Live Update: किसान दिवस में सीडीओ ने सुनीं किसानों की समस्याएं

      मिर्जापुर में विकास भवन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार की अध्यक्षता में किसान दिवस का आयोजन किया गया। इसमें जिले के अलग-अलग विकासखंडों से पहुंचे किसानों ने सड़क, नहर, सिंचाई, बिजली, पशु टीकाकरण और जल निकासी जैसी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं। किसानों ने कई संपर्क मार्गों की बदहाली और नहरों में गंदगी व क्षतिग्रस्त तटबंध की शिकायत की। किसानों ने खराब सड़कों की मरम्मत और नहरों की सफाई की मांग की। सीडीओ ने सभी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को समस्याओं का जल्द समाधान कराने के निर्देश दिए। बैठक में कृषि, पशुपालन, उद्यान, सहकारिता और सिंचाई विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।

    • 19 Aug 2026 05:34 PM (IST)

      Maharajganj Live Update: बिजली बिल बकाया पर एक्शन, 42 कनेक्शन कटे

      महराजगंज के सिसवा बाजार में बिजली विभाग ने बकायेदार उपभोक्ताओं के खिलाफ अभियान चलाकर 42 कनेक्शन काट दिए। उपखंड अधिकारी तूसार सिंह के नेतृत्व में सिसवा टाउन के प्रेम चित्र मंदिर रोड, नौका टोला, सब्जी मंडी और स्टेशन रोड समेत सबया, कटहरी व गेरमा गांव में कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान विभाग ने करीब 3.20 लाख रुपये की राजस्व वसूली भी की। अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से समय पर बिजली बिल जमा करने की अपील की है। एसडीओ ने चेतावनी दी कि बिना भुगतान या विभाग की अनुमति के दोबारा कनेक्शन जोड़ने पर उपभोक्ता और संबंधित बिजली कर्मचारी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

    • 19 Aug 2026 05:33 PM (IST)

      Mirzapur Live Update: मिर्जापुर में स्वास्थ्य शिविर, 500 से ज्यादा मरीजों की जांच

      मिर्जापुर के लालगंज में प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि परियोजना के प्रचार-प्रसार को लेकर निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर लगाया गया। ब्लॉक सभागार में आयोजित शिविर में 500 से अधिक मरीजों की ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर और खून समेत कई जांचें मुफ्त की गईं। जांच के बाद जरूरतमंद मरीजों को जन औषधि की दवाएं भी निःशुल्क वितरित की गईं। राज्यसभा सांसद अरुण सिंह ने वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जन औषधि परियोजना का उद्देश्य गरीब और कमजोर वर्ग को कम कीमत पर गुणवत्तापूर्ण दवाएं उपलब्ध कराना है। ब्लॉक प्रमुख जयंत कुमार सरोज समेत कई अधिकारी, डॉक्टर और जन औषधि केंद्र संचालक मौजूद रहे।

    • 19 Aug 2026 05:29 PM (IST)

      Fatehpur Live Update: फतेहपुर में अज्ञात शव मिलने से हड़कंप

      फतेहपुर के सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र में रामगंगा नहर किनारे स्थित एक मकान से अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से हड़कंप मच गया। शव करीब दो दिन पुराना होने की आशंका जताई जा रही है। मकान से दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान अभी नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ मृतक की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, रिपोर्ट के बाद मौत की वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।

    • 19 Aug 2026 05:28 PM (IST)

      Kannauj Live Update: कन्नौज में घर से जेवर-नकदी चोरी, 30 हजार पार

      कन्नौज के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के अनंतपुर गांव में चोरों ने एक घर को निशाना बनाकर अलमारी से जेवर और अन्य सामान चोरी कर लिया। चोर करीब 30 हजार रुपये की नकदी भी पार कर ले गए। घटना की जानकारी होने पर घरवालों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और संदिग्ध लोगों की जानकारी जुटा रही है। चोरी की वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पीड़ित परिवार ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों का पता लगाकर सामान बरामद करने की मांग की है।

    • 19 Aug 2026 05:26 PM (IST)

      आजमगढ़ में अपराधी की 20 लाख की संपत्ति कुर्क

      आजमगढ़ में गैंगस्टर एक्ट के तहत पुलिस ने अपराधी विकास यादव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। देवगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने आरोपी के करीब 20 लाख रुपये कीमत के मकान को कुर्क कर लिया। कार्रवाई के दौरान थानाध्यक्ष देवगांव समेत पुलिस टीम मौके पर मौजूद रही। पुलिस के अनुसार, गैंगस्टर एक्ट के तहत अपराध से अर्जित संपत्ति पर कार्रवाई की गई है। कुर्की की कार्रवाई के दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संपत्ति को अपने कब्जे में लिया। पुलिस का कहना है कि अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और अवैध तरीके से अर्जित संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

    • 19 Aug 2026 05:22 PM (IST)

      Shahjahanpur Live Update: दूसरी मंजिल से गिरकर हुई सर्राफ की मौत

      शाहजहांपुर के निगोही थाना क्षेत्र के गांधी नगर में सर्राफा व्यापारी की दूसरी मंजिल से गिरकर मौत के बाद हंगामा मच गया। परिजनों का आरोप है कि देर रात पुलिस व्यापारी के घर दबिश देने पहुंची थी। इसी दौरान व्यापारी को कथित तौर पर धक्का दिया गया, जिससे वह दूसरी मंजिल से नीचे गिर गया और उसकी मौत हो गई। आरोप है कि घटना के बाद पुलिसकर्मी मौके से चले गए और शव वहीं पड़ा रहा। व्यापारी की पत्नी ने शव उठाने से इनकार करते हुए पुलिसकर्मियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

    • 19 Aug 2026 05:20 PM (IST)

      Sultanpur Live Update: मां की डांट से नाराज हुई बालिका, 4 घंटे में बरामद

      सुल्तानपुर में मां की डांट से नाराज होकर घर से निकली बालिका को जयसिंहपुर पुलिस ने करीब चार घंटे में सकुशल बरामद कर लिया। ऑपरेशन मुस्कान के तहत पुलिस ने सूचना मिलते ही तलाश शुरू की। दलपत सहाय का पुरवा चोरमा निवासी बालिका 18 अगस्त की शाम घर से लापता हो गई थी। रात करीब 11:40 बजे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। टीम ने गांव और आसपास के इलाकों में सघन तलाश की। कुछ दूरी पर एक गलियारे में बालिका सकुशल मिली। पूछताछ में उसने बताया कि मां की डांट से नाराज होकर रोते हुए घर से निकली थी और गलियारे में बैठते-बैठते सो गई। पुलिस ने उसे परिजनों को सौंप दिया।

    • 19 Aug 2026 05:19 PM (IST)

      Kannauj Live Update: सिपाही को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा, 13 आरोपी गिरफ्तार

      तिर्वा में दुकानदार और ग्राहक के विवाद को शांत कराने पहुंचे सादी वर्दी के सिपाही पर युवकों ने हमला कर दिया। आरोप है कि बाबा साइकिल स्टोर के पास सिपाही को दुकान के अंदर पीटने के बाद करीब 100 मीटर तक दौड़ाकर मारपीट की गई। घटना में सिपाही के मुंह और नाक से खून निकल आया। सूचना पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने उसे बचाकर अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले में 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक 16 वर्षीय किशोर को बाल अपचारी के रूप में पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपियों का कस्बे में पैदल जुलूस निकाला और मेडिकल के बाद न्यायालय भेजने की कार्रवाई की।

    • 19 Aug 2026 05:11 PM (IST)

      Sitapur Live Update: कार ने मां-बेटे को रौंदा, महिला की मौत

      सीतापुर के सदरपुर थाना क्षेत्र में तेज रफ्तार कार ने महिला और उसके मासूम बच्चे को रौंद दिया। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि महिला अपने पति और बच्चे के साथ बाइक से जा रही थी। रास्ते में पति ने बाइक रोककर सामान लेने के लिए किनारे गया था, तभी पीछे से आई कार ने महिला और बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने घायल बच्चे को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।

    • 19 Aug 2026 05:08 PM (IST)

      Kanpur Dehat Live Update: तीन रुपये के विवाद में किशोर को जलाया, 16 साल बाद उम्रकैद

      कानपुर देहात में तीन रुपये के विवाद में 13 वर्षीय किशोर को जिंदा जलाने के मामले में अदालत ने 16 साल बाद महिला दुकानदार ममता को उम्रकैद की सजा सुनाई है। घटना 16 अगस्त 2010 को अकबरपुर क्षेत्र के धारमपुर गांव में हुई थी। संदीप बिस्किट खरीदने ममता की दुकान पर गया था। पांच रुपये देने पर बिस्किट की कीमत दो रुपये होने के कारण उसने तीन रुपये वापस मांगे। आरोप है कि इसी बात से नाराज ममता ने मिट्टी का तेल डालकर संदीप को आग लगा दी। करीब 90 प्रतिशत झुलसे संदीप की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। अदालत ने दोषी पर 11 हजार रुपये जुर्माना भी लगाया।

    • 19 Aug 2026 04:52 PM (IST)

      सुलतानपुर में मां की डांट से नाराज घर से निकली बालिका

      उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में थाना जयसिंहपुर क्षेत्र के दलपत सहाय का पुरवा चोरमा गांव की रहने वाली मानवी यादव मां की डांट से नाराज होकर मंगलवार शाम घर से लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने ऑपरेशन मुस्कान के तहत त्वरित कार्रवाई करते हुए महज चार घंटे के भीतर बालिका को सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंप दिया है।

    • 19 Aug 2026 04:50 PM (IST)

      निचलौल सड़क हादसे के पीड़ितों से मिले पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबडेवाल, की आर्थिक सहायता की मांग

      उत्तर प्रदेश के निचलौल में हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत के बाद बुधवार को पूर्व मंत्री सुशील कुमार टिबडेवाल मृतकों के दाहसंस्कार में शामिल हुए और शोकाकुल परिजनों से मिलकर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने जिला प्रशासन से पीड़ित परिवारों को नियमानुसार उचित आर्थिक सहायता दिए जाने की मांग की है।

    • 19 Aug 2026 04:48 PM (IST)

      सुलतानपुर के सीएचसी अखण्डनगर के अधीक्षक पर हमला, आरोपी युवक गिरफ्तार

      उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में अखण्डनगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के अधीक्षक डॉ. सत्येंद्र सिंह पर सरकारी कार्य के दौरान एक युवक ने दुर्व्यवहार और जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गए। पीड़ित डॉक्टर की तहरीर पर अखण्डनगर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है और पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

    • 19 Aug 2026 04:46 PM (IST)

      महराजगंज के फरेंदा में स्वर्ण व्यवसायी की दुकान में बड़ी चोरी

      उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले के फरेंदा थाना क्षेत्र के महदेवा दूबे चौराहे पर मंगलवार रात चोरों ने स्वर्ण व्यवसायी आकाश वर्मा की दुकान को निशाना बनाया। चोर छत के रास्ते दाखिल होकर आलमारी और लॉकर तोड़कर 125 ग्राम सोना, 300 ग्राम चांदी और 50 हजार रुपये नकद चुरा ले गए। सूचना पर पहुंची पुलिस जांच कर रही है।

    • 19 Aug 2026 04:45 PM (IST)

      बदायूं के कछला में सड़क पर निकला मगरमच्छ, वन विभाग की टीम ने किया सुरक्षित रेस्क्यू

      उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले में उझानी कोतवाली क्षेत्र के कछला नगर पंचायत में अचानक सड़क पर मगरमच्छ आ जाने से हड़कंप मच गया। वार्ड नंबर एक की गली में मगरमच्छ को देखकर लोगों में दहशत फैल गई और भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग और नगर पंचायत की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया है।

    • 19 Aug 2026 04:41 PM (IST)

      चंदौली हाईवे पर दर्दनाक सड़क हादसा

      उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले में हाईवे पर कटसीला गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में रिंकू पासवान और तुलसी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि राधेमोहन गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से राधेमोहन को वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया गया है। मृतक मुगलसराय जा रहे थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों ने सरकार से उचित मुआवजे की मांग की है।

    • 19 Aug 2026 04:22 PM (IST)

      मैनपुरी जिला महिला अस्पताल के एसएनसीयू वार्ड में नवजात बदलने की घटना पर जांच के आदेश

      मैनपुरी के जिला महिला चिकित्सालय के एसएनसीयू अनुभाग में 17 अगस्त 2026 को नवजात बच्चा बदलने का गंभीर मामला सामने आया है। इस घटना से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने तुरंत संज्ञान लेते हुए मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं और जांच अधिकारी भी नामित किए गए हैं।

    • 19 Aug 2026 04:20 PM (IST)

      मैनपुरी जिला महिला अस्पताल में नवजात बच्चा बदलने का मामला आया सामने

      मैनपुरी जिला महिला चिकित्सालय के एसएनसीयू अनुभाग में 17 अगस्त 2026 को नवजात बच्चा बदलने की गंभीर घटना सामने आई है। इस मामले से अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। घटना की गंभीरता को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधीक्षक ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच अधिकारी नामित कर दिए हैं और जांच के आदेश जारी किए हैं।

    • 19 Aug 2026 04:19 PM (IST)

      मैनपुरी में रक्षाबंधन से पहले खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई

      रक्षाबंधन त्योहार को लेकर मैनपुरी में खाद्य विभाग ने मिलावटी और एक्सपायरी खाद्य पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। शहर के लेनगंज मार्केट में खाद्य विभाग की टीम ने छापेमारी कर करीब 6 हजार पैकेट एक्सपायरी नमकीन को बरामद कर नष्ट कराया। नष्ट की गई नमकीन की कीमत 24 हजार रुपये से अधिक बताई जा रही है।

    • 19 Aug 2026 04:13 PM (IST)

      महराजगंज के फरेंदा में गिरा छत का प्लास्टर, सो रही मां और मासूम घायल

      महराजगंज के फरेंदा क्षेत्र के नियामतपुर गांव में मंगलवार रात बड़ा हादसा हो गया। कमरे में सो रही पूजा (24) और उनके नौ माह के बेटे आयुष के ऊपर अचानक छत का प्लास्टर और ईंटें गिर गईं। हादसे में दोनों घायल हो गए, जिन्हें निजी अस्पताल में उपचार के बाद घर भेज दिया गया है।

    • 19 Aug 2026 04:12 PM (IST)

      हाथरस के बागला जिला अस्पताल में नई इमरजेंसी का शुभारंभ

      हाथरस के बागला संयुक्त जिला चिकित्सालय में बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए 18 से 20 बेड की नई इमरजेंसी का शुभारंभ सदर विधायक अंजुला सिंह माहौर ने फीता काटकर किया। इस दौरान टीबी मरीजों को पोषण किट भी वितरित की गईं, जहां पोषण सहायता राशि बढ़ाकर 1 हजार रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।

    • 19 Aug 2026 03:56 PM (IST)

      मुरादाबाद में तेंदुए का खौफनाक तांडव

      मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र में तेंदुए के जानलेवा हमले में एक और महिला की मौत हो गई, जिससे इलाके में तेंदुओं के हमले से मरने वालों की संख्या दो हो गई है। दो दर्जन से अधिक तेंदुओं की मौजूदगी से भड़के ग्रामीणों के हंगामे के बीच वन विभाग की टीमें पिंजरा लगाकर रेस्क्यू अभियान में जुटी हैं।

    • 19 Aug 2026 03:53 PM (IST)

      फतेहपुर में एनएचएम कर्मियों का 8 सूत्रीय मांगों को लेकर सीएमओ कार्यालय पर प्रदर्शन

      फतेहपुर में उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के नेतृत्व में एनएचएम कर्मियों ने समय से वेतन और तबादलों समेत आठ सूत्रीय मांगों को लेकर सीएमओ ऑफिस का घेराव किया। सीएमओ डॉ यूबी सिंह ने समय से वेतन देने और वैध मांगों पर विचार करने का आश्वासन दिया है।

    • 19 Aug 2026 03:52 PM (IST)

      मुजफ्फरनगर में माँ पन्ना धाय की जातीय पहचान पर विवाद

      मुजफ्फरनगर में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा ने केंद्र सरकार की पुस्तक 'भारत के नारी रत्न' में माँ पन्ना धाय को 'खीची राजपूत' बताए जाने पर कड़ा विरोध जताया है। महासभा ने प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर इसे ऐतिहासिक तथ्यों के विपरीत बताया है और इसमें तत्काल सुधार की मांग की है।

    • 19 Aug 2026 03:50 PM (IST)

      महराजगंज के कोल्हुई में नहर से मिला युवक का शव, मचा हड़कंप

      कोल्हुई थाना क्षेत्र के रायपुर पंडित गांव के पास नहर से 35 वर्षीय अमरजीत का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक अमरजीत, जो गोरखपुर के शाहपुर थाना अंतर्गत घोसीपुरवा का रहने वाला था, उसकी लावारिस बाइक मिलने के कुछ ही देर बाद उसका शव पानी में मिला। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है।

    • 19 Aug 2026 03:47 PM (IST)

      घर की पुरानी छत भरभरा कर गिरी, दो सगे भाई मलवे में दबकर घायल

      उत्तर प्रदेश फतेहपुर जिले के मलवा थानां क्षेत्र के ठकुराइनपुर मजरे उमेदपुर गाँव मे आज सुबह घर की पुरानी छत भरभरा कर गिरने से मलवे में दबकर दो सगे भाई घायल हो गए। घायल अवस्था मे उनको इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। जहाँ डॉक्टर भर्ती कर उनका इलाज कर रहे है। जानकारी के अनुसार थानां क्षेत्र के ठकुराइनपुर मजरे उमेदपुर गाँव निवासी राज बहादुर का 18 वर्षीय पुत्र सुजीत और उसका छोटा भाई 8 वर्षीय शुशील आज सुबह दोनों अपने घर में थे। तभी घर की छत अचानक भरभरा कर गिर गई। और दोनों भाई छत के मलवे में दब गये। हादशे की जानकारी ग्रामीणों को हुई तो आनन-फानन पास-पड़ोस के लोगो ने जल्दी जल्दी मलवा हटाकर घायल दोनों भाइयों को बाहर निकाल कर घटना की सूचना सरकारी एम्बुलेन्स को दिया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची एम्बुलेन्स।

    • 19 Aug 2026 03:16 PM (IST)

      देवरिया में डीएम के औचक निरीक्षण से मचा हड़कंप

      देवरिया के जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सलेमपुर का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कुछ चिकित्सक अनुपस्थित मिले और कई बिना एप्रन के ड्यूटी करते पाए गए। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को लापरवाह चिकित्सकों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए हैं।

    • 19 Aug 2026 03:06 PM (IST)

      बलिया बलिदान दिवस पर निकला भव्य तिरंगा जुलूस

      बलिया बलिदान दिवस के अवसर पर बुधवार को जिला कारागार का सांकेतिक फाटक खोलकर एक भव्य तिरंगा जुलूस निकाला गया। इस दौरान सेनानियों, उनके आश्रितों और हजारों लोगों ने 'भारत माता की जय' व 'वंदे मातरम्' के नारों के साथ वीर सेनानियों और शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया।

    • 19 Aug 2026 03:05 PM (IST)

      हमीरपुर में स्कूली बच्चों का अनोखा प्रदर्शन

      हमीरपुर जिले के कुरारा क्षेत्र के भौली और बचरौली गांव के स्कूली बच्चे बदहाल सड़क की समस्या से परेशान होकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। पुलिस द्वारा रोके जाने के बावजूद बच्चे गलियों से निकलकर जिला कार्यालय के बाहर सड़क पर बैठ गए और सड़क बनवाने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन व चक्का जाम किया।

    • 19 Aug 2026 03:04 PM (IST)

      हाथरस में दर्दनाक सड़क हादसा, बाइक भिड़ंत में युवक की मौत और तीन घायल

      हाथरस गेट क्षेत्र के मथुरा रोड पर कछपुरा गांव के पास बुधवार को तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार भिड़ंत में 20 वर्षीय टाइल्स-पत्थर कारीगर रॉकी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस भीषण हादसे में दूसरी बाइक पर सवार राजेश, लोकेश और नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    • 19 Aug 2026 02:34 PM (IST)

      मुगलसराय में जलनिकासी न होने से कॉलोनी जलमग्न, स्कूली बच्चों का निकलना दूभर

      चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर की एक कॉलोनी में जलनिकासी की व्यवस्था न होने से बारिश का पानी भर गया है। लगभग 50 घरों वाली इस कॉलोनी के रास्ते जलमग्न होने से स्कूली बच्चों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने कई बार शिकायत के बावजूद समाधान न मिलने पर रोष जताया है।

    • 19 Aug 2026 02:30 PM (IST)

      मिर्जापुर में सनसनीखेज वारदात, कार में बंधक बनाकर युवक का रेता गला

      मिर्जापुर के चुनार थाना क्षेत्र के सक्तेशगढ़ पहाड़ी इलाके में बुधवार दिनदहाड़े बदमाशों ने एक युवक को कार में बंधक बनाकर चाकू से गला रेत दिया और उसे अधमरा हालत में छोड़कर फरार हो गए। चरवाहे की सूचना पर पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजगढ़ में भर्ती कराया है, और मामले की छानबीन में जुटी है।

    • 19 Aug 2026 02:29 PM (IST)

      मिर्जापुर में कर्णावती नदी के तेज बहाव में बहे BDC असफाक खान

      मिर्जापुर के विजयपुर क्षेत्र के BDC असफाक खान मिश्रपुर से घर लौटते समय पैर फिसलने से उफान पर चल रही कर्णावती नदी में बह गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई है। हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है और तलाश जारी है।

    • 19 Aug 2026 02:27 PM (IST)

      बलिया बलिदान दिवस पर मंत्रियों ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

      बलिया बलिदान दिवस पर जिला कारागार से एक भव्य तिरंगा रैली निकाली गई। परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी ने हाथों में तिरंगा थामकर इस रैली की अगुवाई की। इसमें एक हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया, जिससे पूरा वातावरण देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।

    • 19 Aug 2026 02:25 PM (IST)

      बदायूं में गंगा का भीषण कटान जारी, दातागंज क्षेत्र में स्कूल और घर समाए

      बदायूं की दातागंज तहसील में गंगा के बढ़ते जलस्तर से तबाही मच गई है। कदम नगला गांव में जूनियर हाईस्कूल और आधा दर्जन घर नदी में समा गए हैं, जबकि 200 बीघा जमीन कट चुकी है। भुंडी गांव के पास भी तटबंध तेजी से कट रहा है। दहशत में आए ग्रामीण पलायन को मजबूर हैं।

    • 19 Aug 2026 02:23 PM (IST)

      दबंगों की मारपीट से परेशान पिता की मौत, बेटी ने थाने में दी तहरीर

      झांसी के चिरगांव थाना क्षेत्र में 55 वर्षीय व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद सनसनी फैल गई है। मृतक की बेटी ने पड़ोस के दो भाइयों व अन्य लोगों पर लगातार मारपीट, गाली-गलौज और गंभीर धमकी देने का आरोप लगाया है। बेटी का कहना है कि दबंगों के निरंतर उत्पीड़न और मानसिक दबाव के कारण उनके पिता तनाव में थे, जिसके चलते उन्होंने यह खौफनाक कदम उठाया। शोकाकुल परिवार ने पुलिस से तत्काल सख्त मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की गहनता से जांच-पड़ताल कर रही है।

    • 19 Aug 2026 01:12 PM (IST)

      रायबरेली हत्याकांड में नेता आरपी यादव को उम्रकैद की सजा

      रायबरेली के बहुचर्चित आदित्य प्रताप सिंह हत्याकांड में जिला अदालत ने नेता आरपी यादव समेत 14 लोगों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। सजा के बाद आरपी यादव ने स्थानीय मंत्री पर जाति देखकर फंसाने का आरोप लगाया है तथा फैसले के खिलाफ हाई कोर्ट में अपील करने की बात कही है।

    • 19 Aug 2026 12:50 PM (IST)

      मिर्जापुर में सब्जी की दुकान में घुसा अनियंत्रित स्कॉर्पियो

      मिर्जापुर में हाइवे पर वाहनों की अत्यधिक रफ्तार पर कोई लगाम न होने से दुर्घटनाओं का ग्राफ जहां बढ़ता जा रहा है। जिसका खामियाजा सड़क किनारे रहने वाले रहवासियों, दुकानदारों से लगाए सड़क पर चलने वाले लोगों को भुगतना पड़ जा रहा है। बुधवार को कुछ ऐसा ही नजारा देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए।

Location :  Lucknow

Published :  19 August 2026, 9:41 AM IST