हिंदी
आईएएस अनुनय झा को मुरादाबाद का नया जिलाधिकारी बनाया
मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश में सोमवार देर रात हुए बड़े प्रशासनिक फेरबदल में मुरादाबाद जिले में बड़ा बदलाव देखने को मिला। शासन स्तर से जारी आईएएस तबादला सूची में मुरादाबाद के जिलाधिकारी राजेन्द्र पैंसिया को पद से हटा दिया गया है। उनकी जगह 2015 बैच के आईएएस अधिकारी अनुनय झा को मुरादाबाद का नया जिलाधिकारी बनाया गया है।
राजेन्द्र पैंसिया को मुरादाबाद की जिम्मेदारी संभाले अभी करीब चार महीने ही हुए थे। अब उन्हें विशेष सचिव कारागार प्रशासन एवं सुधार विभाग की जिम्मेदारी दी गई है। वहीं, मुरादाबाद नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल का भी तबादला किया गया है। उन्हें बागपत का जिलाधिकारी बनाया गया है।
2015 बैच के आईएएस राजेन्द्र पैंसिया ने पांच मई को मुरादाबाद जिले की कमान संभाली थी। इससे पहले वह 25 जून 2024 से जून 2026 तक संभल जिले के जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाल चुके थे।
मंडल मुख्यालय मुरादाबाद में उनकी नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों से जोड़कर भी देखा जा रहा था। हालांकि, शासन स्तर से उनके तबादले की कोई विशेष वजह सार्वजनिक नहीं की गई है।
मुरादाबाद में कार्यभार संभालने के बाद राजेन्द्र पैंसिया जनता के बीच पहुंचकर सीधे संवाद करने की शैली के लिए चर्चा में रहे। जनसुनवाई को उन्होंने प्राथमिकता दी और सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों के खिलाफ कार्रवाई भी कराई।
कम समय के कार्यकाल के बावजूद प्रशासनिक स्तर पर उनकी सक्रियता दिखाई दी। अब उनके अचानक तबादले के बाद प्रशासनिक गलियारों में इसकी चर्चा तेज हो गई है।
नए जिलाधिकारी बनाए गए अनुनय झा इससे पहले हरदोई जिले की कमान संभाल रहे थे। उन्हें हरदोई से मुरादाबाद भेजा गया है। इससे पहले वह महाराजगंज जिले के जिलाधिकारी रह चुके हैं।
अनुनय झा 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं। वह नगर आयुक्त मथुरा और मुख्य विकास अधिकारी (CDO) अलीगढ़ की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। प्रशासनिक हलकों में उनकी पहचान सरल व्यवहार और सख्त निर्णय लेने वाले अधिकारी के रूप में बताई जाती है।
आईएएस तबादला सूची में मुरादाबाद नगर निगम में भी बदलाव किया गया है। नगर आयुक्त दिव्यांशु पटेल को बागपत का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि हिमांशु कौशिक को मुरादाबाद का नया नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।
Location : Moradabad
Published : 22 September 2026, 9:48 AM IST
Topics : IAS Anunay Jha Moradabad DM Transfer Moradabad New DM UP IAS Transfer 2026 Uttar Pradesh IAS Transfer
No related posts found.