UP Heatwave: बांदा बन गया भट्टी, चौथे दिन भी लगातार देश में सबसे गर्म, 23 जिलों में अलर्ट

पूरे प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुंदेलखंड समेत दक्षिणी यूपी इन दिनों आग उगलती गर्मी की चपेट में है। बांदा लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां गुरुवार को अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर दर्ज किया गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 May 2026, 12:51 PM IST

Banda: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। बुंदेलखंड समेत दक्षिणी यूपी इन दिनों आग उगलती गर्मी की चपेट में है। बांदा लगातार चौथे दिन देश का सबसे गर्म शहर बना रहा, जहां अधिकतम तापमान 48 डिग्री सेल्सियस से भी ऊपर दर्ज किया गया। तेज धूप और गर्म हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया। दोपहर के समय सड़कें सुनसान नजर आईं और लोग घरों में कैद रहने को मजबूर दिखे।

प्रयागराज, हमीरपुर और झांसी में भी तपिश से हाल बेहाल

गर्मी का असर सिर्फ बांदा तक सीमित नहीं रहा। प्रयागराज में 46.4 डिग्री, हमीरपुर में 46.2 डिग्री और झांसी में 45.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। आगरा में भी पारा 45.3 डिग्री तक पहुंच गया। मौसम विभाग ने बृहस्पतिवार के लिए प्रदेश के 23 जिलों में लू का रेड अलर्ट जारी किया है, जबकि 13 अन्य जिलों में भीषण गर्मी को लेकर चेतावनी दी गई है।

अगले एक हफ्ते तक राहत के आसार नहीं

आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, पूर्वी और दक्षिणी उत्तर प्रदेश में अगले एक सप्ताह तक भीषण गर्मी बनी रह सकती है। कई जिलों में रात का तापमान भी सामान्य से ज्यादा रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर में बेहद जरूरी होने पर ही घर से बाहर निकलने, सिर ढककर चलने और लगातार पानी पीने की सलाह दी है।

उत्तर और मध्य भारत भी तपिश की चपेट में

सिर्फ यूपी ही नहीं, बल्कि पूरा उत्तर और मध्य भारत इन दिनों भीषण गर्मी से झुलस रहा है। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, दिल्ली-एनसीआर और मध्य प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान 45 से 47 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है और अगले सात दिनों तक राहत मिलने की उम्मीद कम दिखाई दे रही है।

राजस्थान और दिल्ली में भी रिकॉर्ड गर्मी

दिल्ली-एनसीआर में बुधवार को तापमान 45 डिग्री के करीब पहुंच गया। वहीं राजस्थान का श्रीगंगानगर सबसे गर्म इलाका रहा, जहां तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पिलानी में 45.3 डिग्री, फलोदी और बीकानेर में 44.8 डिग्री जबकि चूरू में 44.5 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिलेश श्रीवास्तव ने उत्तर-पश्चिम और मध्य भारत में लू के और तेज होने की आशंका जताई है।

Location :  Banda

Published :  21 May 2026, 12:50 PM IST