
33 जिलों के DM की बड़ी बैठक (Img: Dynamite )
Lucknow: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव 2027 भले ही अभी दूर हों, लेकिन चुनावी तैयारियों का काम तेजी पकड़ने लगा है। सोमवार, 14 सितंबर को राजधानी लखनऊ में एक अहम वर्कशॉप आयोजित की जा रही है। इस बैठक में 33 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारी यानी DM, उप जिला निर्वाचन अधिकारी और EVM-VVPAT की जांच से जुड़े अधिकारी हिस्सा लेंगे।
वर्कशॉप का आयोजन डॉ. राम मनोहर लोहिया प्रशासन और प्रबंध अकादमी में किया जा रहा है। बैठक सुबह 9:30 बजे शुरू होकर शाम 4 बजे तक चलेगी। खास बात यह है कि इस दौरान सिर्फ सामान्य चुनावी तैयारियों पर चर्चा नहीं होगी, बल्कि EVM और VVPAT की First Level Checking यानी FLC को लेकर अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए जाएंगे।
चुनाव प्रक्रिया में EVM और VVPAT बेहद अहम भूमिका निभाते हैं। ऐसे में चुनाव आयोग चाहता है कि इनकी जांच तय नियमों और पूरी पारदर्शिता के साथ हो। वर्कशॉप में अधिकारियों से उनके जिलों में चल रही तैयारियों और अब तक की व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली जाएगी।
ये भी पढ़ें- Rajasthan Nikay Chunav Result: राजस्थान में BJP 1530 वार्डों में आगे, कांग्रेस ने 965 पर मारी बाजी
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने साफ किया है कि FLC के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के तकनीकी और प्रशासनिक नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि EVM और VVPAT की जांच की पारदर्शिता और गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा।
इस पूरी प्रक्रिया में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। यानी EVM-VVPAT की जांच केवल प्रशासनिक स्तर पर ही नहीं होगी, बल्कि राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी प्रक्रिया को देख सकेंगे। आयोग की कोशिश है कि FLC के हर चरण में नियमों का पालन हो और किसी तरह के सवाल की गुंजाइश न रहे।
लखनऊ में होने वाली इस बैठक में सात मंडलों- लखनऊ, कानपुर, मुरादाबाद, झांसी, चित्रकूट, अयोध्या और देवीपाटन के अधिकारी शामिल होंगे। बैठक में लखनऊ के डीएम विशाख जी, अयोध्या के डीएम शशांक त्रिपाठी, रायबरेली की डीएम सरनीत कौर ब्रोका और सीतापुर के डीएम डॉ. राजागणपति आर. समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहेंगे। इसके अलावा कानपुर नगर, मुरादाबाद, झांसी, जालौन, चित्रकूट और बांदा के अधिकारी भी इसमें हिस्सा लेंगे।
ये भी पढ़ें- ‘मोबाइल हाथ में है, लेकिन किताब से दूरी बढ़ रही है’, आखिर आने वाली पीढ़ी के लिए क्यों है चिंता की बात?
EVM-VVPAT की FLC को लेकर अधिकारियों की ट्रेनिंग पहले से ही कराई जा रही है। इससे पहले गौतमबुद्ध नगर में 21 जिलों और वाराणसी में भी 21 जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों को FLC की विशेष ट्रेनिंग दी जा चुकी है।
Location : Lucknow
Published : 14 September 2026, 10:23 AM IST