उत्तर प्रदेश दिवस पर कौशाम्बी में आयोजित भव्य कार्यक्रम में मुगौरा का शुभारम्भ किया गया। मा. अध्यक्ष डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ वितरित किया और स्वयं सहायता समूहों की भूमिका को सराहा।

यूपी दिवस पर कौशाम्बी में विकास का उत्सव
Kaushambi: उत्तर प्रदेश दिवस के अवसर पर जनपद कौशाम्बी के डायट मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारम्भ मा. अध्यक्ष, राज्य ललित कला एकादमी डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित करके किया। इस अवसर पर जनपद प्रशासन, जनप्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की प्रमुख उपलब्धि के रूप में एक जनपद-एक व्यंजन योजना के तहत कौशाम्बी की मूंग से बने उत्पाद (मुगौरा) का शुभारम्भ किया गया। मा. अध्यक्ष ने कहा कि यह स्थानीय उत्पाद अब केवल जनपद या प्रदेश तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि देश-विदेश में अपनी पहचान बनाएगा। उन्होंने इसे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने वाला कदम बताया।
कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण करते हुए मा. अध्यक्ष ने स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा तैयार किए गए उत्पादों की जानकारी ली। उन्होंने महिलाओं के हुनर, आत्मनिर्भरता और मेहनत की प्रशंसा करते हुए कहा कि महिला सशक्तिकरण प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है।
मुगौरा को मिली वैश्विक पहचान
मा. अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, दिव्यांगजन सशक्तिकरण, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना, सीएम युवा उद्यमी योजना सहित विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण-पत्र, टूलकिट, ट्राईसाइकिल, आवास की चाभियां और डमी चेक वितरित किए। स्वयं सहायता समूहों को 32 करोड़ 47 लाख 50 हजार रुपये का सीसीएल डमी चेक प्रदान किया गया।
कौशाम्बी: शिकायतों का रिकार्ड देखने पहुंचे जिलाधिकारी, खामियों पर भड़के… दिए ये सख्त निर्देश
मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, माटीकला टूलकिट योजना, पीएम सूर्यघर मुक्त बिजली योजना सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले ग्राम प्रधानों, कोटेदारों, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, शिक्षकों, अधिकारियों, कार्मिकों और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. सुनील कुमार विश्वकर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश ने पूरी दुनिया को धर्म, संस्कृति, वेद, रामायण और रामचरित मानस दिया है। भगवान राम, कृष्ण, बुद्ध, जैन मुनि, कबीर, तुलसी, रैदास जैसे महापुरुष इसी भूमि से जुड़े हैं। यह प्रदेश ज्ञान और विज्ञान से विश्व को आलोकित करेगा।
महिलाओं के उत्पाद और योजनाओं की गूंज
जनप्रतिनिधियों ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को विकसित भारत का ग्रोथ इंजन बनाया जा रहा है। कौशाम्बी को भी अग्रणी जनपद बनाने के लिए सभी को मिलकर प्रयास करना होगा।
कार्यक्रम में संस्कृति विभाग के कलाकारों और विद्यालयों के बच्चों द्वारा प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम उल्लास, गौरव और आत्मनिर्भरता के संदेश के साथ संपन्न हुआ।