हिंदी
उत्तर प्रदेश की सभी बड़ी खबरें
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 24 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
24 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
मैनपुरी के करहल थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन शिव मंदिर में तोड़फोड़, मारपीट और धमकी देने का मामला सामने आया है। ग्राम गोंदई के ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से शिकायत कर कुछ लोगों पर निर्माण कार्य में बाधा डालने और मंदिर परिसर में हंगामा करने का आरोप लगाया है। पुलिस और प्रशासन से कार्रवाई की मांग की गई है।
बलिया जिला अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में खराब पड़े डीप फ्रीजर को लेकर अनोखा विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। सागर सिंह राहुल के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तस्वीर के सामने “ॐ नरेंद्र मोदी नमः” का जाप कर प्रशासन का ध्यान समस्या की ओर खींचा। प्रदर्शनकारियों ने जल्द समाधान की मांग की।

सुल्तानपुर: नवागत पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने सोमवार को पुलिस लाइन सभागार में जनपद के पत्रकारों एवं मीडिया प्रतिनिधियों के साथ परिचयात्मक बैठक की। पुलिस अधीक्षक ने 22 अगस्त को सुलतानपुर पहुंचकर पदभार ग्रहण किया था। पदभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने सोमवार को मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद कर जिले की कानून-व्यवस्था और पुलिसिंग से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक एवं पत्रकार बन्धुओं के बीच जनपद में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, पुलिस की कार्यप्रणाली, जनसमस्याओं के त्वरित निस्तारण तथा जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर सकारात्मक एवं सार्थक विचार-विमर्श हुआ।
बलिया: रेवती कस्बे के वार्ड संख्या सात में सोमवार की सुबह 34 वर्षीय ई-रिक्शा चालक प्रताप माली का शव घर के बगल स्थित पुराने मकान के कमरे में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। शव मिलने की सूचना पर परिजनों और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।
मिर्जापुर के विंध्याचल धाम में दिव्यांग और बुजुर्ग श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए लाई गईं गोल्फ कार्ट और ई-बसें अब बदहाली का शिकार हैं। STP परिसर में खड़ी लाखों रुपये की गाड़ियां झाड़ियों और जंग के बीच खराब हो रही हैं। नगर पालिका की व्यवस्था पर अब सवाल उठ रहे हैं।
चंदौली के सकलडीहा थाना क्षेत्र में एक विवाहिता ने ससुराल पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया है। हाईस्कूल की मार्कशीट लेने पहुंची 23 वर्षीय महिला के साथ विवाद के बाद मारपीट का आरोप है। बीच-बचाव करने आए भाई और बहन भी घायल हो गए। पुलिस ने तहरीर के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
इटावा के परिषदीय विद्यालयों में बच्चों को मिल रही मूलभूत सुविधाओं की अब जमीनी जांच होगी। 25 अगस्त से 1 सितंबर तक चलने वाले सोशल ऑडिट अभियान में जिला और ब्लॉक स्तर के 167 अधिकारी स्कूलों का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान बिजली, पानी, शौचालय, सड़क और पढ़ाई की व्यवस्थाओं की हकीकत परखी जाएगी।
प्रयागराज-लखनऊ हाईवे पर सोमवार तड़के एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। नवाबगंज इलाके में 'बराई का पुरवा' के पास सड़क का एक हिस्सा अचानक धंस गया, जिससे आने-जाने वालों में हड़कंप मच गया। निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि सड़क को एक गहरे गड्ढे को ठीक से भरे बिना ही बनाया गया था।
कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में कांवड़ यात्रा के दौरान DJ की आवाज कम करने को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में गाली-गलौज और मारपीट शुरू हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दोनों पक्षों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है, पुलिस मामले की जांच कर रही है।
देवरिया: महुआडीह थाना क्षेत्र के कस्बे में सड़क के दोनों तरफ जल निकासी के लिए बनाए गए नाले अब लोगों के लिए सुविधा के बजाय मुसीबत बनते जा रहे हैं। कार्यदायी संस्था द्वारा नाले की खुदाई और निर्माण तो करा दिया गया, लेकिन नाले का पानी आखिर कहां जाएगा, इसकी समुचित व्यवस्था अब तक नहीं की गई है। ऐसे में नाले में जमा गंदा और सड़ा पानी कस्बे में दुर्गंध फैला रहा है।
हाथरस: श्रीनगर नई बस्ती रोड की बदहाली और पिछले करीब आठ महीनों से जलभराव की समस्या से परेशान स्थानीय लोगों का सोमवार को गुस्सा फूट पड़ा। क्षेत्रवासियों ने जिलाधिकारी को शिकायती पत्र सौंपकर अधूरे सीवर कार्य, जर्जर सड़क और कथित सरकारी धन के गबन की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की।
बदायूं के बिसौली कस्बे में चंदा न देने को लेकर विवाद का मामला सामने आया है। एक विधवा महिला ने आरोप लगाया है कि दबंगों ने घर में घुसकर उसकी बेटियों के साथ मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़िता ने पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाते हुए मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई है।
जिलाधिकारी डॉ. अमित पाल ने पीएमश्री जवाहर नवोदय विद्यालय, टेवा का आकस्मिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कक्षाओं, छात्रावास और मेस का निरीक्षण किया। भोजन की गुणवत्ता परखने के लिए डीएम ने स्वयं बच्चों के साथ भोजन किया और साफ-सफाई व व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
बदायूं: सहसवान क्षेत्र में स्थित प्राचीन और ऐतिहासिक धरोहरों को संरक्षित कर पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने की मांग ने जोर पकड़ लिया है। इस संबंध में हिंदू शक्ति दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष सिमरन गुप्ता ने सोमवार को सहसवान तहसील परिसर में एसडीएम को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में सहसवान की पहचान से जुड़े चार प्रमुख स्थलों के जीर्णोद्धार, सौंदर्यीकरण और संरक्षण की मांग की गई है।
हाथरस: चंदपा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह ककोड़ी और अल्हैपुर के बीच स्कूल बस और मजदूरों से भरी ईको गाड़ी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ईको चालक 32 वर्षीय राजा बाबू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय राकेश ने आगरा ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। दोनों के पिता-पुत्र होने की बात सामने आई है। हादसे में ईको सवार सात मजदूर भी घायल हुए हैं।

सीतापुर: लहरपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम अकबरपुर स्थित प्रसिद्ध सूर्यकुंड मंदिर के सरोवर में स्नान करते समय 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों ने सरोवर में बालक की तलाश शुरू की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से करीब दो घंटे तक रेस्क्यू अभियान चलाया, जिसके बाद बालक का शव बरामद हो सका।
बरेली गंगाजल लेने के लिए साथियों के साथ बाइक से कछला जा रहे बिथरी चैनपुर क्षेत्र के युवक की रविवार रात सड़क हादसे में मौत हो गई। भमोरा थाना क्षेत्र में सरदार नगर पुल के पास उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा बाइक के डिवाइडर से टकराने से हुआ या किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
झांसी शहर कोतवाली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश ने एक परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं। पुरानी पसरट स्थित चूड़ी वाली गली में बने जर्जर मकान की कच्ची दीवार अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के वक्त मलबे की चपेट में पति-पत्नी आ गए। दीवार के नीचे दबने से पत्नी सूरज देवी की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पति मुकेश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया। दोनों को मलबे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने सूरज देवी को मृत घोषित कर दिया।
फर्जी ITC और GST चोरी से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने मुजफ्फरनगर में बड़ी कार्रवाई की है। ED की टीम ने राणा हाउस, शाह टाइम्स कार्यालय समेत कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान सुरक्षा के लिए CRPF और पुलिस बल तैनात रहा, जबकि टीम दस्तावेजों और वित्तीय रिकॉर्ड की जांच कर रही है।
बरेली 26 अगस्त को हर साल की तरह इस साल भी ईद-मिलादुन्नबी के मौके पर पूरे भारत में जुलूस ए मोहम्मदी हर शहर और गांव में निकाले जाएंगे। जुलूस ए मोहम्मदी में बढ़ती हुई खुराफात और गैर शरई कामों को रोकने के लिए आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना मुफ्ती शहाबुद्दीन रजवी बरेलवी ने फतवा जारी किया है।
सीतापुर: सावन के अंतिम सोमवार को जिलेभर के शिवालय हर-हर महादेव के जयघोष से गूंज उठे। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ती रही। भक्तों ने गंगाजल समेत विभिन्न घाटों से लाया पवित्र जल भगवान शिव को अर्पित कर जलाभिषेक किया। बेलपत्र, धतूरा, दूध, दही और अन्य पूजन सामग्री चढ़ाकर विधि-विधान से भगवान भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की। मंदिरों में श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। शहर के प्रसिद्ध श्यामनाथ मंदिर में भी सुबह से श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा।अधिक संख्या में महिलाओं ने मंदिर पहुंचकर भगवान शिव का पूजन किया और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की।
मौदहा में आयोजित महाकाल पालकी यात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा। अपर पुलिस अधीक्षक ने यात्रा मार्ग और संवेदनशील स्थानों का निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ नियंत्रण व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में शिवभक्त शामिल हुए और पुलिस बल ने सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

सीतापुर: पिसावां थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मायके पक्ष ने पति और ससुरालियों पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाई गई महिला को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फर्जी इनपुट टैक्स क्रेडिट (ITC) मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने सोमवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। PMLA के तहत मुजफ्फरनगर, गाजियाबाद और फरीदाबाद में नौ ठिकानों पर छापेमारी की गई। जांच एजेंसी को फर्जी कंपनियों के जरिए करोड़ों रुपये के ITC घोटाले और लेनदेन में गड़बड़ी के सुराग मिले हैं।
झांसी के मोठ थाना क्षेत्र से सावन की भक्ति के बीच एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। भगवान शिव का जलाभिषेक करने के लिए कांवड़ लेकर अपने गांव लौट रहे 21 वर्षीय कांवड़िये की अचानक गश्त खाकर गिरने से मौत हो गई। कांवड़ियों की टोली खुशी-खुशी गांव की ओर बढ़ रही थी और कुछ ही देर बाद प्राचीन शिव मंदिर में जलाभिषेक होना था, लेकिन मंदिर पहुंचने से पहले ही खुशियां मातम में बदल गईं। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। दरअसल, यह पूरा मामला मोठ कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरहा खुर्द का है। गांव निवासी 21 वर्षीय मयंक पाल अपने साथियों के साथ मध्यप्रदेश स्थित रतनगढ़ माता मंदिर के पास से निकली सिंध नदी से कांवड़ में जल लेकर अपने गांव लौट रहा था।
प्रतापगढ़: नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली भोरई का पुरवा गांव में रविवार दोपहर एक विवाहिता ने ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची स्थानीय पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
बहेड़ी में आयोजित सात दिवसीय श्रीमद् भागवत कथा के समापन समारोह में, पंडित मधुर गोपाल दास शास्त्री ने 'सुदामा चरित्र' (सुदामा की कथा) का भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि सच्ची समृद्धि धन से नहीं, बल्कि भक्ति, तपस्या और ईश्वर के प्रति समर्पण से प्राप्त होती है। इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया और इसके आध्यात्मिक संदेश को आत्मसात किया।
रुद्रपुर: कोतवाली क्षेत्र के रुद्रपुर मार्ग पर सोमवार की रात सड़क किनारे लगा एक पेड़ अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आने से एक ट्रक भी फंस गया। पेड़ और ट्रक के सड़क पर पड़े होने से मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई है। घटना के कई घंटे बीत जाने के बावजूद सोमवार दोपहर तक वन विभाग और पुलिस प्रशासन की ओर से सड़क से पेड़ हटाने की कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। सड़क के बीचों-बीच पेड़ और ट्रक खड़े होने के कारण दोनों तरफ से आने-जाने वाले वाहनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राहगीरों और वाहन चालकों को जाम जैसी स्थिति से जूझना पड़ रहा है।

सुल्तानपुर घोष थाना क्षेत्र का सबसे बड़ा गंगा स्नान और आस्था का केंद्र नौबस्ता गंगा घाट बन चूका है, जहां पर प्रशासन का आकलन है कि लगभग पुरे सावन माह में लगभग लाखों श्रद्धांलू मां गंगा में आस्था की डुबकी लगाकर अपने पाप को धोने के बाद महाकाल प्रभु भोले नाथ को जलाअभिषेक करके प्रसाद वितरण करते हैं। तो वहीं दूसरी तरफ सुरक्षा व्यवस्था को लेकर थाना सुल्तानपुर घोष पुलिस सतर्कता से कड़ी निगरानी में लगी रहती है। जिससे कि अब तक सावन के तीन सोमवार का स्नान सकुशल सम्पन्न हो चूका है आज सावन का चौथा सोमवार में श्रद्धांलुओं की भीड़ उमड़ी हुई है।
बलिया: नगर से सटे मिड्ढा गांव में रविवार को ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस निकाला गया। यह जुलूस स्व. केदार साहू के दरवाजे से निकलकर बाजार और कारखाना होते हुए गिरवर दास बाबा की कुटी स्थित महावीर मंदिर पर पहुंचा। इसके बाद गांव का भ्रमण करते हुए काली मंदिर स्थित अखाड़े पर पहुंचा, जहां जनपद के अलावा गैर जनपद के पहलवानों ने एक से बढ़कर एक दाव पांच दिखाया। इस दौरान विजेता पहलवानों को नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके पहले गांव के समाजसेवी विनोद सिंह हनुमान जी का पट खोल कर पूजन अर्चन किया।
बदायूं में सावन के महीने में जब चारों ओर भोले के जयकारे गूंज रहे हैं, वहीं कांवड़ यात्रा को सकुशल संपन्न कराना पुलिस प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है। इसी चुनौती को कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल में बदलते हुए बदायूं के थाना सिविल लाइन के एसएचओ हरेंद्र कुमार सिंह का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसकी हर कोई सराहना कर रहा है।
देवरिया: रूस-यूक्रेन युद्ध की बमबारी ने देवरिया जनपद के गौरी बाजार थाना क्षेत्र के ग्राम करमेल निवासी 22 वर्षीय अभिषेक निषाद के परिवार की खुशियां छीन लीं। विदेश में चालक के रूप में काम कर परिवार की आर्थिक स्थिति सुधारने और बहनों का हाथ पीला करने का सपना देखने वाला अभिषेक अब इस दुनिया में नहीं रहा। 24 अगस्त 2026 को उसका पार्थिव शरीर पैतृक गांव करमेल पहुंचा तो पूरे क्षेत्र में मातम छा गया।
अभिषेक निषाद के पिता कौशल निषाद किसान-मजदूर हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब बताई जा रही है। परिवार की जिम्मेदारियों को देखते हुए अभिषेक महज 22 वर्ष की उम्र में विदेश चला गया था। बताया गया कि वह यूक्रेन में एक सीप कंपनी में चालक के पद पर कार्यरत था । युद्ध प्रभावित क्षेत्र में पानी वाले जहाज पर काम कर रहा था। इसी दौरान रूस की ओर से हुई बमबारी में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
हाथरस में इंसानियत की एक मिसाल सामने आई है। तालाब चौराहा के पास मिले करीब 32 वर्षीय अज्ञात युवक के शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस कार्रवाई के बाद ADHR और समाजसेवियों ने आगे बढ़कर हिंदू रीति-रिवाज से उसका अंतिम संस्कार कराया और उसे सम्मानजनक विदाई दी।
पूर्व मंत्री आजम खान के जौहर ट्रस्ट की ED की जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं। जांच एजेंसी को ऐसे संकेत मिले हैं कि ट्रस्ट को लखनऊ, दिल्ली, नोएडा और मुंबई की कुछ कंपनियों से लगभग 15 करोड़ रुपये मिले। आरोप है कि ये फंड शेल कंपनियों के जरिए ट्रस्ट तक पहुंचाए गए। ED अब इन ट्रांसफर में शामिल बिल्डरों और कंपनियों की पहचान करेगी और उनसे पूछताछ करेगी।

चंदौली के मुगलसराय में लगातार बारिश के कारण एक कच्चे मकान की मिट्टी की दीवार गिर जाने से 2 वर्षीय मासूम की मलबे में दबकर मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में आक्रोश है और उन्होंने पीड़ित परिवार को मुआवजा देने व गरीबों को पक्के मकान मुहैया कराने की मांग की है।
सुल्तानपुर: दुबेपुर ब्लॉक क्षेत्र में प्रयागराज-अयोध्या बाईपास राजमार्ग के निकट पठानटोला के कमनगढ़ मोहल्ले में स्थित माही गोट फार्म एंड ट्रेडिंग कंपनी में सोमवार को करीब 10-12 फीट लंबे अजगर के घुस आने से हड़कंप मच गया। अजगर को देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई, जबकि उसकी फुफकार के डर से फार्म के आसपास जाने में लोग हिचक रहे हैं।
बताया गया कि मो. अनीश के फार्म में बड़ी संख्या में बकरियां पाली जाती हैं। आशंका जताई जा रही है कि बकरियों के झुंड को शिकार बनाने के लिए अजगर जंगल की ओर से फार्म परिसर में पहुंचा। अजगर के दिखाई देने के बाद फार्म संचालक और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय की डायरी में SIT जांच को लेकर कई अहम बातें दर्ज हैं। डायरी के अनुसार, पूछताछ के दौरान गोपाल राव से भी बातचीत हुई थी। इसमें दावा किया गया है कि सख्ती के बाद उन्होंने कुछ जानकारी दी, हालांकि उन्होंने क्या बताया, इसकी जानकारी चंपत राय को नहीं थी।
सुल्तानपुर के धम्मौर थाना क्षेत्र में सावन के सोमवार की पूजा के लिए फूल लेने निकली 44 वर्षीय उर्मिला यादव को अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। रसवादा गांव के पास बीएसएनएल टावर के नजदीक हुए हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
सुल्तानपुर के बंधुआकलां क्षेत्र में 11 हजार वोल्ट की लाइन का फाल्ट ठीक करते समय संविदा लाइनमैन जफर अब्बास (45) करंट की चपेट में आ गए। पोल से गिरने के बाद उनकी मौके पर ही मौत हो गई। अगस्त में लाइन ठीक करने के दौरान यह तीसरी मौत बताई जा रही है। पुलिस जांच में जुटी है।
सुल्तानपुर के शास्त्रीनगर की भाजपा सभासद कंचन कोरी के 45 वर्षीय ज्येष्ठ रामानंद कोरी ने नवीपुर स्थित मकान में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
मिर्जापुर के मड़िहान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी बिल्डिंग में दर्जनों कार्टून और पेटियों में दवाएं मिलने से हड़कंप मच गया। शिकायत के बाद एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने जांच की। जांच अधिकारी ने बरामद दवाओं को सील कर दिया है और आगे की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है। रिपोर्ट—आनन्द तिवारी।
सुल्तानपुर के शास्त्रीनगर की भाजपा सभासद कंचन कोरी के ज्येष्ठ 45 वर्षीय रामानंद कोरी ने नवीपुर स्थित अपने मकान में फांसी लगाकर जान दे दी। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और फोरेंसिक टीम को भी बुलाया। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
मिर्जापुर के मड़िहान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की पुरानी बिल्डिंग में दर्जनों कार्टून और पेटियों में प्राइवेट दवाएं मिलने से हड़कंप मच गया। शिकायत पर एसडीएम के निर्देश पर नायब तहसीलदार ने जांच की। जांच अधिकारी ने दवाओं को सील कर दिया है और आगे की कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेजी गई है।
रायबरेली शहर के अलग-अलग चौराहों पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के खिलाफ पोस्टर लगाए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि समाजवादी छात्र सभा की ओर से डस्टबिन पर पोस्टर चिपकाए गए। पोस्टरों पर युवाओं को बेरोजगारी और उद्योग-धंधों से वंचित रखने का आरोप लगाते हुए ‘वापस जाओ’ लिखा गया है।
वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र में श्रेया उपाध्याय हत्याकांड मामले में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में आरोपी पुनीत घायल हो गया, जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस के मुताबिक, हत्याकांड में एक से अधिक आरोपी शामिल हैं। मुख्य आरोपी प्रेमी विवेक अभी भी फरार है। किराए के कमरे में छात्रा की निर्मम हत्या हुई थी।
उन्नाव के पुरवा कोतवाली क्षेत्र के काजीखेड़ा गांव में पत्नी को गाली देने का विरोध करना दिलीप को भारी पड़ गया। आरोप है कि दिलीप ने भाई केशन को गाली देने से रोका, जिसके बाद गुस्से में केशन ने उस पर हमला कर दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दिलीप को मृत घोषित कर दिया।
वाराणसी के राजातालाब थाना क्षेत्र में श्रेया उपाध्याय हत्याकांड मामले में पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हुई। मुठभेड़ में आरोपी पुनीत घायल हो गया, जबकि एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। पुलिस के अनुसार, हत्याकांड में एक से अधिक आरोपी शामिल हैं। मुख्य आरोपी प्रेमी विवेक अभी फरार है।
Location : Lucknow
Published : 24 August 2026, 8:42 AM IST