हिंदी
हाथरस के चंदपा कोतवाली क्षेत्र में सड़क हादसा (Source: Dynamite News)
Hathras: हाथरस के चंदपा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। ककोड़ी और अल्हैपुर के बीच स्कूल बस और मजदूरों से भरी ईको गाड़ी की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में ईको चालक 32 वर्षीय राजा बाबू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय राकेश ने आगरा ले जाते समय दम तोड़ दिया। दोनों के पिता-पुत्र होने की बात सामने आई है। हादसे में ईको सवार सात मजदूर भी घायल हुए हैं।
बताया गया कि सादाबाद कोतवाली क्षेत्र के गांव आरती निवासी कई मजदूर हाथरस में पल्लेदारी का काम करते हैं। सभी मजदूर रातभर काम करने के बाद सोमवार सुबह ईको गाड़ी से अपने गांव लौट रहे थे। सुबह करीब साढ़े छह बजे ककोड़ी गांव से आगे पहुंचते ही सामने से आ रही स्कूल बस से ईको की जोरदार टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ईको बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई।
हादसे में ईको चालक 32 वर्षीय राजा बाबू की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं वाहन में सवार राकेश समेत सात मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में हरदम सिंह, वीरेंद्र, नरेश, वीकेश और अविनाश समेत अन्य लोग शामिल बताए जा रहे हैं।
स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तत्काल इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।
गंभीर रूप से घायल 50 वर्षीय राकेश पुत्र लान सिंह की हालत नाजुक बनी हुई थी। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति को देखते हुए आगरा रेफर कर दिया। हालांकि आगरा ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि राकेश और ईको चालक राजा बाबू पिता-पुत्र थे। एक ही हादसे में पिता और बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
हादसे में घायल सात मजदूरों को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग की टीम घायलों के इलाज पर नजर रखे हुए है। हादसे की गंभीरता को देखते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य कराया गया।
राजा बाबू और राकेश की मौत की खबर गांव आरती पहुंचते ही मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों के मुताबिक दोनों मजदूरी कर परिवार का सहारा बने हुए थे।
चंदपा पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर हादसे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टक्कर की वजह और दोनों वाहनों की स्थिति समेत अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
Location : Hathras
Published : 24 August 2026, 3:35 PM IST
Topics : hathras news Road Accident UP News