हिंदी
यूपी की बड़ी खबर (सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ अपने नये प्रयोगों, तेज-तर्रार रिपोर्टिंग और बिग ब्रेकिंग समाचारों के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक आबादी वाले राज्य उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी हलचल पर हमारी नजर रहती है। इसी कड़ी में 21 अगस्त 2026 को हम आपके लिए यूपी की खबरों को पढ़ने और समझने का एक नया अनुभव लेकर आए हैं।
प्रदेश में आज मौसम से लेकर सियासत, अपराध, प्रशासन, ट्रैफिक और जनसरोकार से जुड़ी कई अहम खबरें सामने आ रही हैं। कहीं भारी बारिश और जलभराव ने लोगों की मुश्किलें बढ़ाई हैं तो कहीं अपराध से जुड़े मामलों ने सनसनी मचा दी है। वहीं राजनीतिक और प्रशासनिक गतिविधियों पर भी लगातार अपडेट सामने आ रहे हैं। ऐसे में हर खबर पर अलग-अलग जाने की जरूरत नहीं है।
डाइनामाइट न्यूज़ के UP Live Blog में आपको उत्तर प्रदेश की दिनभर की हर बड़ी खबर एक ही जगह, एक ही क्लिक में मिलती रहेगी। लखनऊ से लेकर नोएडा, प्रयागराज, कानपुर, वाराणसी, गोरखपुर, मेरठ और प्रदेश के हर जिले की महत्वपूर्ण खबरों को हम लगातार अपडेट करते रहेंगे।
21 अगस्त 2026 के इस लाइव ब्लॉग में पढ़िए यूपी की सियासत, अपराध, मौसम, प्रशासन और हर बड़ी हलचल की पल-पल की अपडेट। खबरों के बदलते घटनाक्रम के साथ यह लाइव ब्लॉग भी लगातार अपडेट होता रहेगा, ताकि आप प्रदेश की हर जरूरी खबर से जुड़े रहें।
बलरामपुर के पुलिस कप्तान विकास कुमार का तबादला झांसी SSP पद पर हुआ है। उनके स्थान पर मार्तंड प्रकाश सिंह को नया SP बनाया गया है। विकास कुमार के कार्यकाल में अपराध नियंत्रण, साइबर क्राइम, भू-माफिया और तस्करी के खिलाफ कार्रवाई पर जोर रहा। अब नए SP के सामने कानून-व्यवस्था और सीमा सुरक्षा बड़ी चुनौती होगी।
फतेहपुर के हुसैनगंज में भोर करीब 3 बजे तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर सो रही शांति देवी और उनके बेटे अनुराग को असलहे के बल पर बंधक बनाया। बदमाश सोने-चांदी के जेवर और 1.25 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। पुलिस और डॉग स्क्वायड टीम जांच में जुटी है।
देवरिया सदर कोतवाली क्षेत्र में जमीन दिलाने के नाम पर 50 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। कैलाशपुरी निवासी राजेंद्र कुमार जायसवाल की तहरीर पर संजय तिवारी समेत पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस बैंक रिकॉर्ड, ई-स्टांप और अन्य दस्तावेजों की जांच कर रही है।
लखनऊ के गोमतीनगर में बैंककर्मी पत्नी दिव्या की हत्या के मामले में पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। पुलिस के मुताबिक मानस दो असलहे लेकर बैंक पहुंचा था। एक पिस्तौल से फायर मिस होने पर उसने दूसरी से गोली चला दी। पत्नी को बचाने पहुंचे सहयोगी पर भी उसने असलहा तान दिया।
बदायूं के उसावां थाना क्षेत्र में भैंस बेचकर लौट रहे किसान से बाइक सवार बदमाशों ने 1 लाख रुपये लूट लिए। सूचना पर पुलिस ने पीछा किया, जहां मुठभेड़ में तीन बदमाश घायल हो गए। जवाबी कार्रवाई में एक सिपाही भी जख्मी हुआ। पुलिस ने नकदी, तीन तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं।
मुजफ्फरनगर के खतौली स्थित बड़ा बाजार में ज्वेलर्स की दुकान में चोर ने गल्ले का ताला तोड़कर 1.30 लाख रुपये की नगदी और सोने-चांदी की ज्वेलरी चोरी कर ली। घटना CCTV कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने फुटेज के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी का माल बरामद करने में जुटी है।
बलरामपुर में सड़क हादसों पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान चलाया। बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, ओवरस्पीडिंग और बिना नंबर प्लेट के 367 वाहनों के चालान काटे गए। कार्रवाई में 66 लाख 11 हजार 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
बलरामपुर के दूरस्थ ग्रामीण इलाकों में लंबे इंतजार के बाद बिजली पहुंची है। पचपेड़वा, रेहरा बाजार और उतरौला क्षेत्र के कई गांवों और मजरों को पावर ग्रिड से जोड़ा गया। बिजली आपूर्ति शुरू होते ही ग्रामीणों में खुशी छा गई। इससे बच्चों की पढ़ाई और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
सुल्तानपुर की SP चारू निगम के तबादले के बाद उनके कार्यकाल को लेकर पुलिस महकमे और आम जनता के बीच चर्चा है। पुलिस अधिकारी के तौर पर उन्होंने कानून-व्यवस्था मजबूत करने और जनसुनवाई पर जोर दिया। थानों की शिकायतों की निगरानी कर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से अधिकारियों को दिशा-निर्देश देती थीं।
महराजगंज के मुख्य चौराहे पर देर रात मिक्सर डंपर अनियंत्रित होकर मकान में जा घुसा। हादसे में मकान का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। शुक्रवार सुबह करीब छह बजे दो क्रेनों की मदद से डंपर हटाने का काम शुरू हुआ। गनीमत रही कि हादसे में किसी बड़े जनहानि की सूचना नहीं है।
उत्तर प्रदेश में देर रात बड़ा पुलिस फेरबदल हुआ है। 9 IPS अधिकारियों के तबादले के साथ सात जिलों के पुलिस कप्तान बदले गए। सुल्तानपुर की SP चारू निगम को यूपी-112, लखनऊ भेजा गया, जबकि 2014 बैच के IPS विनीत जायसवाल को सुल्तानपुर का नया SP बनाया गया।
चंदौली के नौगढ़ में वनवासी समाज के मुद्दों को लेकर सपा की PDA जन पंचायत आयोजित हुई। कार्यक्रम में समाज के राजनीतिक, आर्थिक और सामाजिक अधिकारों पर चर्चा हुई। सपा नेताओं ने सरकार पर गरीबों की जमीन छीनने और वनवासी समाज के उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
Location : Lucknow
Published : 21 August 2026, 8:05 AM IST