कंधे पर नहीं, बैटरी बाइक पर कांवड़… BTech छात्र की ‘तेजस’ ने मचा दी धूम

मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा के दौरान एक अनोखी कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। BTech छात्र अक्षय कुमार ने बैटरी से चलने वाली ‘तेजस बाइक कांवड़’ तैयार की है। महज तीन दिन में बनी इस इलेक्ट्रिक बाइक पर वह हरिद्वार से मेरठ तक कांवड़ यात्रा कर रहे हैं।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 August 2026, 6:36 AM IST

Muzaffarnagar : कांवड़ यात्रा में हर साल श्रद्धालुओं की अलग-अलग भक्ति और अनोखे अंदाज देखने को मिलते हैं। इस बार मुजफ्फरनगर में एक युवा बीटेक छात्र की अनोखी कांवड़ लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। छात्र ने ऐसी कांवड़ तैयार की है, जो बैटरी से चलती है। इस इलेक्ट्रिक कांवड़ बाइक का नाम उसने ‘तेजस’ रखा है।

हरिद्वार से मेरठ के लिए निकले बीटेक छात्र अक्षय कुमार अपनी इसी अनोखी बाइक कांवड़ के जरिए यात्रा कर रहे हैं। सड़क पर जैसे ही यह कांवड़ पहुंचती है, लोग रुककर इसे देखने लगते हैं।

 

तीन दिन में तैयार की इलेक्ट्रिक कांवड़ बाइक

अक्षय कुमार ने बताया कि उन्होंने अपनी इस खास कांवड़ बाइक को महज तीन दिनों में तैयार किया है। इसे बनाने में मोटर, बैटरी, चार्जर, कंट्रोलर और हेडलाइट का इस्तेमाल किया गया है।

मुजफ्फरनगर में कांवड़ मार्ग पर आसमान से उतरी भक्ति! DM-SSP ने हेलीकॉप्टर से बरसाए

बाइक को हल्का रखने के लिए इसमें पीवीसी पाइप का इस्तेमाल किया गया है, जिससे इसका वजन कम हो गया है और इसे आसानी से चलाया जा सकता है।

45 हजार रुपये में बनी ‘तेजस’

अक्षय के मुताबिक इस अनोखी कांवड़ बाइक को तैयार करने में करीब 45 हजार रुपये का खर्च आया है। अगर इसे बड़े स्तर पर बनाया जाए तो इसकी लागत करीब 30 हजार रुपये तक आ सकती है।

उन्होंने बताया कि यह बाइक एक बार फुल चार्ज होने के बाद करीब 150 किलोमीटर तक चल सकती है। इसकी टॉप स्पीड करीब 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा है।

‘कुछ ऐसा करना चाहता था जिसे दुनिया देखे’

अक्षय कुमार ने बताया कि जब उन्होंने देखा कि हर कोई कांवड़ यात्रा पर जा रहा है तो उन्होंने भी कुछ अलग करने का विचार बनाया।

उन्होंने कहा कि वह ऐसी कांवड़ बनाना चाहते थे जिसे देखकर लोग याद रखें। इसी सोच के साथ उन्होंने तीन दिन की मेहनत में बैटरी से चलने वाली तेजस बाइक तैयार कर ली।

इंजीनियरिंग के ज्ञान से बनाया अनोखा मॉडल

अक्षय कुमार बीटेक मैकेनिकल इंजीनियरिंग के छात्र हैं। उन्होंने बताया कि इस बाइक को बनाने में उनकी पढ़ाई का काफी इस्तेमाल हुआ है। बाइक में करीब 150 किलोमीटर रेंज वाली बैटरी लगाई गई है, जो लगभग चार घंटे में चार्ज हो जाती है।

उन्होंने बताया कि इस प्रोजेक्ट में उनके कुछ साथी भी मदद कर रहे हैं। करीब 4-5 छात्रों की टीम इस काम में शामिल है।

Location :  Muzaffarnagar

Published :  9 August 2026, 6:33 AM IST