गोरखपुर की सड़कों पर अचानक बढ़ी पुलिस की सख्ती, 1044 लोगों की चेकिंग से मचा हड़कंप

गोरखपुर में मिशन शक्ति अभियान के तहत पुलिस ने 75 स्थानों पर 1044 लोगों की चेकिंग की। 259 लोगों को चेतावनी दी गई और 20 के खिलाफ कार्रवाई हुई। महिलाओं और छात्राओं को सुरक्षा और हेल्पलाइन की जानकारी भी दी गई।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 25 August 2026, 9:39 PM IST

Gorakhpur : जिले में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने मंगलवार को बड़ा अभियान चलाया। मिशन शक्ति के तहत शहर से लेकर कस्बों तक पुलिस की टीमें बाजारों, चौराहों और बस अड्डों के आसपास अचानक सक्रिय नजर आईं। एंटी रोमियो और मिशन शक्ति टीमों ने संदिग्ध लोगों पर नजर रखी और जरूरत पड़ने पर पूछताछ भी की। जिलेभर में 75 स्थानों पर कुल 1044 लोगों की चेकिंग की गई। इस दौरान 259 लोगों को चेतावनी दी गई, जबकि 20 लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई।

बाजारों और चौराहों पर पुलिस की पैनी नजर

पुलिस अधीक्षक अपराध और नोडल मिशन शक्ति के मार्गदर्शन में जिले के सभी थानों की मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीमों को अभियान में लगाया गया। टीमों ने बाजारों, प्रमुख चौराहों, सार्वजनिक स्थानों और बस अड्डों के आसपास निगरानी की। संदिग्ध नजर आने वाले लोगों को रोककर उनकी गतिविधियों के बारे में जानकारी ली गई और जरूरत के अनुसार सत्यापन किया गया।

1044 लोगों की हुई चेकिंग

पुलिस के मुताबिक, अभियान के दौरान 75 अलग-अलग स्थानों पर 1044 व्यक्तियों की जांच की गई। संदिग्ध या अनुचित गतिविधियों में पाए गए 259 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया, जबकि 20 लोगों के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की गई। पुलिस टीमों ने मनचलों को चेताया कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं और छात्राओं को परेशान करना भारी पड़ सकता है।

महिलाओं को भी किया गया जागरूक

चेकिंग अभियान के साथ पुलिस ने जागरूकता कार्यक्रम भी चलाया। मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा उपायों की जानकारी दी। उन्हें साइबर अपराध, महिला हिंसा और आपात स्थिति में तुरंत मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस ने यह भी कहा कि किसी गलत व्यक्ति के बहकावे में आकर घर छोड़ने या पलायन करने से पहले उसके संभावित दुष्परिणामों को समझना जरूरी है।

हेल्पलाइन नंबरों की दी जानकारी

पुलिस टीमों ने महिलाओं और छात्राओं को 1090 महिला पावर लाइन, 112 पुलिस आपात सेवा, 1076 मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, 1098 चाइल्ड हेल्पलाइन, 181 वन स्टॉप सेंटर और 1930 साइबर हेल्पलाइन की जानकारी दी। इसके अलावा 102 स्वास्थ्य सेवा और 108 एंबुलेंस सेवा सहित जनसुनवाई पोर्टल, महिला हेल्प डेस्क, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और महिला आयोग से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। लोगों को पंपलेट भी बांटे गए।

गोरखपुर में व्यापारियों की शिकायतों पर DM सख्त, जर्जर तारों से लेकर खराब सड़क तक… अधिकारियों को मिला ये निर्देश

लगातार जारी रहेगा अभियान

पुलिस ने कहा कि महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा को लेकर ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे। सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध गतिविधियों और मनचलों पर नजर रखी जाएगी। पुलिस का मकसद महिलाओं और छात्राओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना भी है।

Location :  Gorakhpur

Published :  25 August 2026, 9:38 PM IST