कानपुर हाईवे पर हनुमान मंदिर तिराहा के पास तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा और सड़क पार कर रहे लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

हादसे में घायल महिलाएं अस्पताल में भर्ती
Kanpur: कानपुर हाईवे पर गुरुवार शाम कुछ ही सेकंड में ऐसा मंजर बना कि हनुमान मंदिर तिराहा चीख-पुकार से गूंज उठा। तेज रफ्तार कार ने पहले एक ई-रिक्शा को टक्कर मारी, फिर सड़क पार कर रहे लोगों को रौंदते हुए फरार हो गई। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग सहम गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शाम करीब साढ़े छह बजे उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के पथरहा निवासी अवध बिहारी अपने ई-रिक्शा के साथ हाईवे किनारे खड़े थे। तभी लखनऊ की तरफ से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनके रिक्शे में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रिक्शा क्षतिग्रस्त हो गया और कार अनियंत्रित होकर आगे बढ़ गई।
सड़क पार कर रहे लोगों को भी नहीं छोड़ा
रिक्शे को टक्कर मारने के बाद बेकाबू कार सड़क पार कर रही दो महिलाओं और एक बच्चे पर चढ़ गई। नगर पंचायत बंथरा में किराए पर रहने वाली मीना देवी, साधना वर्मा और उनके साथ मौजूद 12 वर्षीय दीक्षांत इसकी चपेट में आ गए। कार ने आगे खड़े अरमान को भी ठोकर मारी और फिर कानपुर की दिशा में फरार हो गई।
घटना के वक्त आसपास काफी भीड़ थी। लोगों ने कार को तेज रफ्तार में आते देखा तो किसी तरह किनारे हटकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर कुछ सेकंड की भी देरी होती तो हादसा और भी बड़ा हो सकता था।
बच्चा गंभीर, अस्पताल में भर्ती
हादसे के तुरंत बाद घायलों को पास के निजी अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद 12 वर्षीय दीक्षांत की हालत गंभीर देखते हुए उसे लोकबंधु अस्पताल रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज जारी है।
सीसीटीवी फुटेज से तलाश में जुटी पुलिस
थाना प्रभारी राणा राजेश कुमार सिंह ने बताया कि टक्कर मारने वाली कार की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही वाहन और चालक की पहचान कर सख्त कार्रवाई की जाएगी। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोग हाईवे पर बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाही पर सवाल उठा रहे हैं।