गोवर्धन परिक्रमा से लौट रहे दो युवकों की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम

अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर गोवर्धन परिक्रमा से लौट रहे दो युवकों की ऑटो से भिड़ंत में मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसरा है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 23 May 2026, 5:31 PM IST
Aligarh: अलीगढ़-मथुरा मार्ग पर शनिवार सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की जान चली गई। गोवर्धन परिक्रमा कर बाइक से लौट रहे दोनों युवक ऑटो से आमने-सामने की भिड़ंत में गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों युवकों की मौके के कुछ देर बाद मौत हो गई।

करवन नदी के पास हुआ भीषण हादसा

हादसा थाना जवां क्षेत्र के अलीगढ़-मथुरा मार्ग स्थित करवन नदी के समीप हुआ। जानकारी के मुताबिक कासिमपुर पावर हाउस की पैंठ कॉलोनी निवासी 25 वर्षीय हर्ष अग्रवाल और टाइप 213-3 निवासी 25 वर्षीय कपिल सिंह शुक्रवार रात बाइक से गोवर्धन परिक्रमा के लिए निकले थे।

शनिवार सुबह परिक्रमा पूरी कर दोनों युवक वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान करवन नदी के पास उनकी बाइक की सामने से आ रहे ऑटो से जोरदार टक्कर हो गई।

टक्कर में बाइक के उड़े परखच्चे

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद दोनों युवक सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिवार में मचा मातम

हादसे की सूचना मिलते ही दोनों युवकों के परिवारों में चीख-पुकार मच गई। परिजन अस्पताल पहुंचे तो वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया। इलाके में भी इस दर्दनाक हादसे के बाद शोक की लहर फैल गई।

Location :  Aligarh

Published :  23 May 2026, 5:31 PM IST