बरेली में कांवड़ियों का भव्य स्वागत, दो विशाल सेवा शिविरों का शुभारंभ; भोजन से मेडिकल तक हर सुविधा

बरेली में श्रावण मास के पहले सोमवार पर कांवड़ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने रामगंगा पुलिस चौकी और लाल फाटक पुल के पास दो विशाल कांवड़ सेवा शिविरों का शुभारंभ किया। डीएम अविनाश सिंह समेत जनप्रतिनिधियों ने कांवड़ियों का स्वागत किया और भोजन, मेडिकल, विश्राम व सुरक्षा सहित सभी जरूरी सुविधाओं का जायजा लिया।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 August 2026, 7:04 PM IST

Bareilly: सावन के पहले सोमवार पर बरेली में आस्था और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला। कांवड़ यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने दो बड़े कांवड़ सेवा शिविरों की शुरुआत की। रामगंगा पुलिस चौकी और लाल फाटक पुल के पास शुरू हुए इन शिविरों में कांवड़ियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया, भोजन कराया गया और यात्रा को सुरक्षित व सुविधाजनक बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए गए।

फीता काटकर हुआ सेवा शिविर का शुभारंभ

श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर रामगंगा पुलिस चौकी के निकट तहसील सदर के सहयोग से स्थापित विशाल भंडारा एवं कांवड़ सेवा शिविर का शुभारंभ जनप्रतिनिधियों और जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने फीता काटकर तथा पूजा-अर्चना के साथ किया।

मांगें पूरी नहीं हुईं तो शुरू होगी अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल, बरेली कॉलेज में धरने पर बैठे छात्र नेता

लाल फाटक पर भी शुरू हुआ विशाल शिविर

रामगंगा पुलिस चौकी के अलावा लाल फाटक पुल के निकट परशुराम मंदिर के पास नगर विकास विभाग के सहयोग से दूसरे विशाल भंडारा एवं कांवड़ सेवा शिविर का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, जिलाधिकारी अविनाश सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और अन्य अधिकारियों ने फीता काटकर शिविर का शुभारंभ किया। यहां भी कांवड़ियों का फूल-मालाओं और स्वागत पट्टिका पहनाकर अभिनंदन किया गया तथा भोजन वितरित किया गया।

कांवड़ियों के लिए हर सुविधा का इंतजाम

जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बताया कि कांवड़ यात्रियों की सुविधा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को ध्यान में रखते हुए शिविरों में विश्राम गृह, कांवड़ स्टैंड, पूजा स्थल, स्वच्छ पेयजल, मोबाइल चार्जिंग की सुविधा, मोबाइल टॉयलेट, मेडिकल एवं स्वास्थ्य शिविर, सुरक्षा व्यवस्था और महिला श्रद्धालुओं के लिए अलग चेंजिंग रूम की व्यवस्था की गई है।

मैं अभी बरेली होकर आता हूं…” इतना कहकर निकला मेडिकल स्टोर संचालक, रहस्यमय ढंग से हुआ लापता

कछला घाट से आने वाले कांवड़ियों के लिए विशेष व्यवस्था

जिलाधिकारी ने बताया कि कछला घाट से गंगाजल लेकर आने वाले हजारों श्रद्धालु बरेली के विभिन्न नाथ मंदिरों में जलाभिषेक करने पहुंचते हैं। उनकी यात्रा सुरक्षित और सुगम बनाने के लिए पूरे जनपद में विशेष इंतजाम किए गए हैं।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष रश्मि पटेल, नगर पंचायत ठिरिया निजावत खां के चेयरमैन इमरान अली खान, भाजपा जिला अध्यक्ष आदेश प्रताप सिंह, नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर जिलाधिकारी पूर्णिमा सिंह, संतोष कुमार सिंह, देश दीपक सिंह, उपजिलाधिकारी ईशिता किशोर सहित प्रशासन और नगर विकास विभाग के कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं लाल फाटक सेवा शिविर के उद्घाटन के दौरान जिला विकास अधिकारी दिनेश कुमार यादव, परियोजना निदेशक डीआरडीए चंद्र प्रकाश श्रीवास्तव, जिला पंचायत राज अधिकारी, लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी उपस्थित रहे।

Location :  Bareilly

Published :  3 August 2026, 7:04 PM IST