गोरखपुर में दो घरों में पसरा मातम, सड़क हादसे में घायल दूसरे युवक की भी मौत

शहर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित चार फाटक ओवरब्रिज के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक और युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 6 March 2026, 7:21 PM IST

Gorakhpur: शहर के शाहपुर थाना क्षेत्र स्थित चार फाटक ओवरब्रिज के पास हुए भीषण सड़क हादसे में एक और युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर की टक्कर से गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इससे पहले इसी हादसे में एक एमबीबीएस छात्र की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। दूसरे युवक की मौत के बाद इस दुर्घटना में मरने वालों की संख्या बढ़कर दो हो गई है, जिससे पूरे शहर में शोक और आक्रोश का माहौल है।

जानकारी के मुताबिक कुछ दिन पहले देर रात चार फाटक ओवरब्रिज पर एक तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर चालक ने कथित रूप से लापरवाही और तेज गति से वाहन चलाते हुए कई लोगों को टक्कर मार दी थी। इस दर्दनाक हादसे में स्कूटी सवार एमबीबीएस छात्र की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि उमेश शर्मा नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था।

घायल उमेश शर्मा को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई दिनों तक जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष करने के बाद आखिरकार उसने भी दम तोड़ दिया।

UP Crime: गोरखपुर में रास्ते के विवाद में हुआ हंगामा, जानें क्या है पूरी खबर?

परिवारों में मचा कोहराम

उमेश शर्मा की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि फॉर्च्यूनर चालक बेहद तेज रफ्तार में और कथित रूप से गलत दिशा में वाहन चला रहा था, जिसके कारण यह भयावह हादसा हुआ।

घटना के बाद से इलाके में गुस्सा लगातार बढ़ रहा है। मृतकों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने इस मामले को ‘हिट एंड रन’ मानते हुए आरोपी के खिलाफ सख्त धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की है। उनका कहना है कि सड़कों पर बेलगाम रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर कठोर कार्रवाई ही ऐसे हादसों पर लगाम लगा सकती है।

पुलिस की कार्रवाई

हालांकि पुलिस ने इस मामले में आरोपी गोल्डेन निषाद को गैर-इरादतन हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पहले से दर्ज मुकदमे की जांच जारी है और दूसरे युवक की मौत के बाद मामले में धाराएं बढ़ाई जा सकती हैं।

UP पुलिस में बड़ा फेरबदल: गोरखपुर में 54 पुलिसकर्मियों के तबादले,जानें पूरी खबर

शहर में बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है। नागरिकों का कहना है कि अगर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया तो भविष्य में भी ऐसे हादसे होते रहेंगे। फिलहाल इस दर्दनाक घटना ने दो परिवारों के चिराग बुझा दिए हैं और पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है।

Location : 
  • Gorakhpur

Published : 
  • 6 March 2026, 7:21 PM IST