गोरखपुर में छिनैती के बाद फिल्मी चेज, 5 किलोमीटर पीछा कर पुलिस ने ऐसे पलट दी पूरी बाजी

गोरखपुर के पीपीगंज में युवती से मोबाइल छीनकर भागे दो बदमाशों को डायल-112 ने करीब 5 किलोमीटर पीछा कर दबोच लिया। पुलिस ने छीना गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल बाइक बरामद कर ली है।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 9 July 2026, 10:42 PM IST

जिले में एक युवती के साथ दिनदहाड़े हुई मोबाइल छिनैती की वारदात ने इलाके में सनसनी फैला दी। लेकिन बदमाशों को शायद अंदाजा नहीं था कि वारदात के कुछ ही मिनटों बाद उनका सामना डायल-112 की तत्परता से होने वाला है। मोबाइल छीनकर भागे दो लुटेरों को पुलिस ने करीब पांच किलोमीटर तक पीछा कर दबोच लिया।

युवती से झपट्टा मारकर छीना मोबाइल

घटना पीपीगंज थाना क्षेत्र की है। पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम करीब 6:30 बजे एक युवती अपने भाई के साथ अलग-अलग साइकिल से सब्जी खरीदने बाजार जा रही थी। युवती के हाथ में मोबाइल फोन था। इसी दौरान पीछे से मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक आए और झपट्टा मारकर उसके हाथ से मोबाइल छीन लिया।

वारदात इतनी तेजी से हुई कि युवती कुछ पल के लिए घबरा गई। इसके बाद उसने शोर मचाना शुरू किया, लेकिन तब तक आरोपी तेज रफ्तार बाइक से फरार हो चुके थे।

28 मुकदमे, कई जिले और चोरी-लूट का नेटवर्क… गोरखपुर पुलिस ने खोला गैंग का खेल

मौके पर पहुंची डायल-112, तुरंत शुरू हुआ पीछा

इसी बीच क्षेत्र में गश्त कर रही डायल-112 की पीआरवी-7327 मौके पर पहुंच गई। पीड़िता ने तुरंत पुलिसकर्मियों को पूरी घटना बताई। सूचना मिलते ही पीआरवी पर तैनात आरक्षी इन्द्रजीत कुमार और चालक होमगार्ड रविन्द्र कुमार मिश्रा ने बिना देर किए बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया।

इसके बाद सड़क पर करीब पांच किलोमीटर तक पुलिस और बदमाशों के बीच फिल्मी अंदाज में चेज चला। आखिरकार पुलिस ने दोनों आरोपियों को घेरकर पकड़ लिया।

मोबाइल और बाइक बरामद

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से युवती का छीना गया मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी कब्जे में ले ली है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रिन्स सिंह उर्फ श्रीकेत पुत्र विनोद सिंह निवासी उसका, थाना चिलुआताल और अरशद पुत्र शराफत निवासी डोहरिया बाजार, थाना चिलुआताल, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई है।

दोनों आरोपियों पर केस दर्ज

पीड़िता की तहरीर के आधार पर पीपीगंज थाने में छिनैती का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई ने एक बार फिर दिखा दिया कि डायल-112 की सतर्कता कई बार अपराधियों के भागने से पहले ही उनके रास्ते बंद कर देती है।

Location :  गोरखपुर

Published :  9 July 2026, 10:42 PM IST