
ग्रेटर नोएडा वेस्ट के शाहबेरी अग्निकांड (IMG: Dynamite News)
Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र के शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में गुरुवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। यहां सीएनसी लकड़ी कटिंग की एक दुकान में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि दुकान के अंदर सो रहे दो युवक बाहर नहीं निकल सके। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों युवकों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक धुएं और जहरीली गैस के कारण दोनों बेहोश हो चुके थे। अस्पताल पहुंचने पर एक युवक ने दम तोड़ दिया, जबकि दूसरे की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने बताया कि देर रात करीब सूचना मिली कि शाहबेरी स्थित फर्नीचर मार्केट में एक सीएनसी लकड़ी कटिंग की दुकान में आग लग गई है। जानकारी मिलते ही फायर सर्विस की टीम और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। आग की गंभीर स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के लिए विद्युत विभाग से संपर्क कर इलाके की बिजली आपूर्ति भी बंद कराई गई, ताकि राहत और बचाव कार्य में कोई खतरा न हो।
सीएफओ प्रदीप चौबे ने बताया कि घटना के समय दुकान के अंदर दो युवक सो रहे थे। दमकल टीम ने तुरंत रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया और काफी प्रयास के बाद अल्तमस और अमन नाम के दोनों युवकों को बाहर निकाला। दोनों युवक आग और धुएं की वजह से बेहोश हो चुके थे। उन्हें तत्काल इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद अल्तमस को मृत घोषित कर दिया। शुरुआती जांच में उसकी मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है। वहीं अमन की हालत गंभीर होने के चलते उसे बेहतर इलाज के लिए दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग ने सात गाड़ियों को मौके के लिए रवाना किया था। हालांकि दमकल कर्मियों ने समय रहते कार्रवाई करते हुए एक ही गाड़ी की मदद से आग पर काबू पा लिया। हादसे में दुकान के अंदर रखा फर्नीचर, लकड़ी कटिंग मशीन और अन्य सामान जलकर पूरी तरह नष्ट हो गया। दमकल विभाग और पुलिस की टीम ने आसपास की दुकानों को भी सुरक्षित कराया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच में जुटे हैं। आशंका जताई जा रही है कि शॉर्ट सर्किट या किसी अन्य तकनीकी कारण से आग लगी हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही होगी। पुलिस ने मृतक अल्तमस के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं घायल अमन का इलाज जारी है। इस हादसे के बाद शाहबेरी फर्नीचर मार्केट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
Location : Greater Noida
Published : 14 August 2026, 10:40 AM IST