हिंदी
देवरिया में सड़क दुर्घटना
Deoria: उत्तर प्रदेश में देवरिया जनपद के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार दोपहर दर्दनाक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। रुद्रपुर-पिडरा मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कुछ ही पलों में आग भड़क उठी और हालात बेकाबू हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय तेज हवा चल रही थी, जिससे आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। देखते ही देखते एक बाइक सवार आग की चपेट में आ गया और उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला। आग इतनी भयानक थी कि युवक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई।
हादसे के वक्त मृतक के साथ एक बच्चा भी मौजूद था, जो इस भयावह घटना का चश्मदीद गवाह बना। हालांकि, बच्चा इस हादसे के बाद बुरी तरह सहम गया है और किसी भी तरह की जानकारी देने की स्थिति में नहीं है।
देवघर के नए डीसी शशि प्रकाश सिंह ने संभाली जिम्मेदारी, इस पर रहेगा पूरा फोकस
स्थानीय लोगों ने बताया कि हादसे के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन तेज लपटों के आगे किसी की नहीं चली। दमकल विभाग के पहुंचने तक बाइक पूरी तरह जल चुकी थी। इस घटना ने आसपास के लोगों को गहरे सदमे में डाल दिया है और इलाके में शोक का माहौल है।
घटना की सूचना मिलते ही सीओ रुद्रपुर हरि नाम यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची। साथ ही दमकल विभाग की गाड़ियां भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुट गईं।
पुलिस का कहना है कि दोनों बाइकों में आग लगने से वे पूरी तरह जल चुकी हैं, जिससे पहचान करना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल बाइक के चेचिस नंबर के आधार पर मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
बदायूं में फाइनेंस रिकवरी के नाम पर गुंडागर्दी, युवक से बाइक छीनी
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों के मुताबिक, हादसे के सही कारणों का पता लगाने के लिए हर पहलू से जांच की जा रही है।
Location : Deoria
Published : 18 April 2026, 5:57 PM IST