व्यापारियों की आवाज संसद तक: चार सूत्रीय मांगों को लेकर राहुल गांधी को सौंपा गया ज्ञापन

रायबरेली में व्यापार मंडल ने चार सूत्रीय मांगों को लेकर सांसद राहुल गांधी को ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने नगर पालिका करों में बढ़ोतरी, भ्रष्टाचार, और सुरक्षा जैसे मुद्दे उठाए। शराफा व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस देने की मांग भी प्रमुख रही।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 22 January 2026, 10:29 AM IST

Raebareli: जिले के व्यापारियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर एकजुट होकर रायबरेली के सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की और उन्हें चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा। यह कार्यक्रम 20 जनवरी, मंगलवार को आयोजित किया गया, जिसमें व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल और प्रदेश युवा अध्यक्ष अतुल कुमार गुप्ता के आह्वान पर जिलाध्यक्ष प्रभाकर गुप्ता के नेतृत्व में व्यापारी प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता  के अनुसार, इस अवसर पर व्यापारियों ने राहुल गांधी को एक स्मृति चिन्ह भी भेंट किया।

जनप्रतिनिधियों की रही मौजूदगी

इस महत्वपूर्ण अवसर पर अमेठी के सांसद किशोरी लाल शर्मा और कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी भी उपस्थित रहे। सभी नेताओं ने व्यापारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनके समाधान के लिए उचित मंच पर आवाज़ उठाने का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारी नेता और युवा प्रतिनिधि भी शामिल हुए।

नगर पालिका के करों पर उठाए सवाल

जिलाध्यक्ष प्रभाकर गुप्ता और नगर अध्यक्ष के.के. साहू ने कहा कि नगर पालिका द्वारा व्यापारियों को गृह कर एवं जल कर की अत्यधिक बढ़ी हुई दरों पर नोटिस भेजे जा रहे हैं। इससे व्यापारियों का आर्थिक उत्पीड़न हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह स्थिति बढ़ते भ्रष्टाचार की ओर स्पष्ट संकेत करती है और छोटे व मध्यम व्यापारियों के लिए गंभीर संकट बनती जा रही है।

ऑनर किलिंग से कांपा मुरादाबाद: बहन और उसके प्रेमी को फावड़े से काटकर दफनाया, जानें कैसे हुआ खौफनाक खुलासा

सुरक्षा को लेकर व्यापारियों की चिंता

युवा जिलाध्यक्ष पंकज प्रजापति और युवा नगर अध्यक्ष दिलदार रायनी ने व्यापारियों की सुरक्षा का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि विशेषकर शराफा व्यापार से जुड़े व्यापारी हमेशा असुरक्षा की भावना में रहते हैं। ऐसे में सरकार को शराफा व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस देने की अनुमति देनी चाहिए, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे अपनी जान और माल की सुरक्षा कर सकें।

चार सूत्रीय ज्ञापन की मुख्य मांगें

व्यापार मंडल द्वारा सौंपे गए चार सूत्रीय ज्ञापन में मुख्य रूप से नगर पालिका करों की समीक्षा, व्यापारियों के उत्पीड़न पर रोक, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम और शराफा व्यापारियों को शस्त्र लाइसेंस की सुविधा जैसी मांगें शामिल रहीं। व्यापारियों का कहना था कि अगर इन समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ, तो आंदोलन का रास्ता अपनाया जा सकता है।

किसके भरोसे छोड़ें घर? बंद मकान का ताला तोड़कर चोरों ने उड़ाए जेवर और नकदी, इलाके में दहशत

व्यापारियों में दिखी एकजुटता

इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष प्रभाकर गुप्ता, मनती शिखर श्रीवास्तव, नगर अध्यक्ष के.के. साहू, युवा जिलाध्यक्ष पंकज प्रजापति, युवा नगर अध्यक्ष दिलदार रायनी सहित कई व्यापारी नेता मौजूद रहे। सभी ने एक स्वर में व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखने की बात कही।

Location : 
  • Raebareli

Published : 
  • 22 January 2026, 10:29 AM IST