महराजगंज में किशोर को सरेराह दौड़ा-दौड़ा कर पीटा, बीजेपी सभासद समेत 5 पर FIR

निचलौल थाना क्षेत्र में 15 वर्षीय किशोर को बुलाकर बेरहमी से पीटने और जान से मारने की धमकी देने के मामले में बीजेपी से मनोनीत सभासद पवन श्रीवास्तव, बीजेपी नेता शिवम केडिया समेत पांच लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।

Maharajganj: महराजगंज के निचलौल थाना क्षेत्र के घोड़हवा चौराहा निवासी सुमन देवी ने पुलिस को दी गई तहरीर में अपने लड़के पर जारी दबंगों का कहर मामले में बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा किशन 16 अप्रैल की शाम करीब 8 बजे घर के पास मौजूद था। इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे बुलाया और गाली-गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

पीड़िता के मुताबिक किशन को मारने-पीटने वालों में बीजेपी से मनोनीत सभासद पवन श्रीवास्तव पुत्र मोहन श्रीवास्तव निवासी निचलौल, हासिम पुत्र समसुद्दीन निवासी बहरौली, रियाज निवासी कोर्ट मोहल्ला, रफीक निवासी हर्रेडीह तथा बीजेपी नेता शिवम केडिया पुत्र शम्भू केडिया निवासी निचलौल शामिल थे। आरोप है कि सभी आरोपी चार पहिया वाहन से पहुंचे थे और किशन को घेरकर बुरी तरह पीटा।

Maharajganj News: जनसुनवाई में सख्त तेवर, एसपी बोले- लापरवाही पर होगी कार्रवाई

परिजनों का आरोप

परिजनों का कहना है कि मारपीट के दौरान किशन को गंभीर चोटें आईं। जब वह किसी तरह जान बचाकर वहां से निकलने की कोशिश कर रहा था, तब आरोपियों ने उसे धमकी देते हुए कहा कि अगर वह दोबारा कहीं दिखाई दिया तो उसे जान से मरवा कर फिंकवा दिया जाएगा। इस धमकी के बाद से पीड़ित परिवार दहशत में है।

आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग

घटना के बाद परिजन घायल किशोर को लेकर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे। अगले दिन सुमन देवी ने निचलौल थाने में तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 3(5), 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।

Maharajganj: पारिवारिक कलह ने लिया हिंसक रूप, बाप-बेटे में जमकर हुई हाथापाई

इस मामले में राजनीतिक रंग भी जुड़ गया है क्योंकि आरोपियों में बीजेपी से जुड़े दो नाम सामने आए हैं। एक ओर पवन श्रीवास्तव बीजेपी से मनोनीत सभासद बताए जा रहे हैं, वहीं शिवम केडिया भी स्थानीय स्तर पर बीजेपी नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। ऐसे में विपक्षी दल भी इस मुद्दे को लेकर हमलावर हो सकते हैं।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Maharajganj

Published :  18 April 2026, 5:20 PM IST

Advertisement