ड्यूटी पर तैनात सिपाहियों की वर्दी फाड़कर दबंगों ने दी खुली चुनौती, कानपुर में बढ़ते पुलिस पर हमलों के पीछे की असली वजह क्या है?

कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में जमीन विवाद की सूचना पर पहुंची पीआरवी टीम पर गांव के लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

Post Published By: Komal Chauhan
Updated : 18 July 2026, 1:13 PM IST
google-preferred

Kanpur: कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के भवानीपुर गांव में शुक्रवार शाम जमीन के विवाद को शांत कराने पहुंची पुलिस टीम पर गांव के लोगों ने हमला कर दिया। हमलावरों ने PRV (Police Response Vehicle) पर पथराव कर वाहन के शीशे तोड़ दिए। विरोध करने पर दो सिपाहियों के साथ मारपीट की गई और उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई। इस घटना में दोनों पुलिसकर्मी घायल हो गए।

जमीन विवाद के दौरान पहुंची थी पुलिस

जानकारी के अनुसार भवानीपुर गांव में वीरेंद्र और राहुल के बीच जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए, जिसके बाद सूचना मिलने पर बिठूर क्षेत्र की पीआरवी 9156 से सिपाही अरविंद और अनूप मौके पर पहुंचे। पुलिस दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास कर रही थी, तभी एक पक्ष के लोगों ने अचानक हंगामा शुरू कर दिया।

यहां भी पढ़ें: Kanpur Murder: ट्यूबवेल पर मिली लाश, चारों तरफ बिखरी थीं शराब की बोतलें… आखिर रात में हुआ क्या था? पुलिस और परिजनों में भिड़ंत

पथराव और मारपीट में घायल हुए सिपाही

आरोप है कि ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर पथराव कर दिया, जिससे पीआरवी वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इसके बाद कुछ लोगों ने दोनों सिपाहियों के साथ गाली-गलौज करते हुए लात-घूंसों और चप्पलों से मारपीट की। इस दौरान उनकी वर्दी भी फाड़ दी गई। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, वायरल वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

छह लोग हिरासत में, गंभीर धाराओं में मुकदमा

घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। घायल सिपाहियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। सिपाही अनूप की तहरीर पर वीरेंद्र, उसकी पत्नी, बेटी और बेटे नरेंद्र समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, हत्या के प्रयास और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।

बिकरू कांड की याद हुई ताजा

चौबेपुर में पुलिस पर हुए इस हमले के बाद वर्ष 2020 के चर्चित बिकरू कांड की याद एक बार फिर ताजा हो गई। उस घटना में कुख्यात अपराधी विकास दुबे और उसके साथियों ने पुलिस टीम पर हमला कर आठ पुलिसकर्मियों की हत्या कर दी थी। हालांकि, इस बार की घटना अलग परिस्थितियों में हुई, लेकिन पुलिस पर हुए हमले ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यहां भी पढ़ें: Kanpur News: आत्महत्या से पहले युवक ने बनाया वीडियो, इन लोगों को ठहराया जिम्मेदार

पहले भी हो चुके हैं पुलिस पर हमले

कानपुर में पिछले कुछ समय के दौरान पुलिस पर हमले की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। नरवल, घाटमपुर, पाली, बनियापुरवा और घंटाघर जैसे क्षेत्रों में भी ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों पर हमले, पथराव और मारपीट की घटनाएं दर्ज की गई हैं। ऐसे मामलों को देखते हुए पुलिस प्रशासन अब आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कह रहे है।

Location :  Kanpur

Published :  18 July 2026, 1:13 PM IST

Related News

No related posts found.

Advertisement