हिंदी
यूपी एसटीएफ ने रविवार को मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा किया। एनडीपीएस एक्ट में वांछित अभियुक्त को संभल से गिरफ्तार किया है। आरोपी जनपद अयोध्या में वांछित है। एसटीएफ तस्कर से पूछताछ कर रही है।
मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा (इमेज सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Sambhal: यूपी एसटीएफ ने रविवार को मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले गिरोह का खुलासा किया। एनडीपीएस एक्ट में वांछित अभियुक्त को संभल से गिरफ्तार किया है। आरोपी जनपद अयोध्या में वांछित है। पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपए का ईनाम रखा है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अरूण पुत्र गंगाशरण निवासी 521/8 जागृति बिहार थाना मेडिकल जनपद मेरठ से हुई है। अभियुक्त की गिरफ्तारी शनिवार शाम को अम्बेडकर कालोनी वार्ड नं0 04 अचल गुप्ता के मकान के सामने सड़क पर थाना क्षेत्र बबराला जनपद सम्भल से हुई।
जानकारी के अनुसार एसटीएफ उत्तर प्रदेश को विगत काफी दिनों से फरार और पुरस्कार घोषित अपराधियों के सक्रिय होकर अपराध करने एवं अन्य अपराधों में लिप्त होने की सूचनायें प्राप्त हो रही थी। इस सम्बन्ध में एसटीएफ की विभिन्न टीमों को सूचना संकलन एवं कार्रवाई के निर्देशित दिए गए।
जिस पर एसटीएफ की टीम अभियुक्तों की धरपकड़ में जुटी थी। इस दौरान थाना बीकापुर जनपद अयोध्या में अभियुक्त के जनपद सम्भल में लुकाछिप कर रहने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना के पुख्ता होने के बाद एसटीएफ की टीम ने उक्त स्थान पर जाल बिछाकर अभियुक्त को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार अभियुक्त ने पूछताछ में बताया कि वह मूलरूप से जागृति बिहार थाना मेडिकल जनपद मेरठ का निवासी है। वह अपने साथियों (दानिश, अवध राम ध्रुव व विनय कुमार) के साथ मिलकर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी का कार्य विगत कई वर्षों से कर रहा है। उसने बताया कि वह अवैध मादक पदार्थ (गांजा) को मंगाकर मेरठ और उसके आसपास के जनपदों में ऊँचे दाम पर बेच दिया करता है।
गिरफ्तार अभियुक्त ने बताया कि वर्ष 2023 में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उड़ीसा से अवैध मादक पदार्थ (गांजा) की खेप मंगायी गयी थी किन्तु उसके साथी दानिश व अवध राम ध्रुव जनपद अयोध्या में पकड़े गये थे जिसके सम्बन्ध में थाना बीकापुर जनपद अयोध्या में एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज है।
उक्त अभियोग में उसके वांछित एवं पुरस्कार घोषित होने की जानकारी होने पर गिरफ्तारी से बचने के लिए वह जनपद सम्भल में लुकछिपकर रहने लगा।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्त के खिलाफ थाना बीकापुर जनपद अयोध्या में संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।