
पुलिसकर्मी के घर चोरी (Img : Google)
Kanpur : सचेंडी के कटरा घनश्याम इलाके में चोरों ने इस बार खाकी वर्दी को भी निशाना बना दिया। एक पुलिसकर्मी के घर में घुसकर चोरों ने इतनी शातिर तरीके से वारदात को अंजाम दिया कि पूरे परिवार को भनक तक नहीं लगी और करीब 50 लाख रुपये का माल लेकर फरार हो गए। इस घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है और पुलिस खुद मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक अंबेडकरनगर में तैनात सिपाही अखंड प्रताप सिंह का परिवार कटरा घनश्याम स्थित घर में रहता है। घर में संयुक्त परिवार के कई सदस्य रहते हैं और सभी शनिवार रात करीब 12 बजे अपने-अपने कमरों में सो गए थे। किसी को इस बात का अंदाजा नहीं था कि बाहर चोर पूरी तैयारी के साथ घात लगाए बैठे हैं।
चोरों ने बेहद चालाकी से पहले घर के सभी कमरों के दरवाजों को बाहर से कुंडी लगाई ताकि कोई जाग भी जाए तो बाहर न निकल सके। इसके बाद उन्होंने पूरे घर को खंगाल डाला। सुबह जब परिवार की एक महिला की नींद खुली तो उसने खुद को कमरे में बंद पाया। किसी तरह फोन कर उसने अन्य सदस्यों को जगाया और फिर पूरा मामला सामने आया।
परिवार के सदस्य जब बाहर निकले तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाकर देखा तो हर कमरे की अलमारी खुली पड़ी थी और सामान बिखरा हुआ था। चोरों ने करीब 25 तोला सोना, डेढ़ किलो चांदी के जेवर, 2.5 लाख रुपये नकद और महंगी साड़ियां चोरी कर लीं। घर का हर कोना अस्त-व्यस्त था, जिससे साफ था कि पूरी वारदात योजनाबद्ध तरीके से की गई है।
कानपुर में रोड रेज की खौफनाक वारदात! हेलमेट से पीटा, फिर चाकू से गोदा… बाप और बेटे को मार डाला
घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में पुलिस को कोई मदद नहीं मिली क्योंकि कैमरे पिछले कई दिनों से बंद पड़े थे। इसी वजह से चोरों की पहचान करना और भी मुश्किल हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में छानबीन तेज कर दी गई है।
एसीपी पनकी एमके सिंह, फॉरेंसिक टीम और सचेंडी पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।
Location : Kanpur
Published : 25 May 2026, 4:56 AM IST